Asian Games 2026: एशियन गेम्स 2026 में भारतीय शूटर्स का शानदार प्रदर्शन जारी है. मिक्स्ड स्कीट टीम इवेंट में अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज धालीवाल की जोड़ी ने भारत के लिए ब्रॉन्ज मेडल जीत लिया. भारतीय जोड़ी ने कुल 44 अंक हासिल किए. चीन ने 52 अंकों के साथ गोल्ड मेडल पर कब्जा जमाया, जबकि दक्षिण कोरिया ने सिल्वर मेडल अपने नाम किया.
अनंतजीत और परिनाज का दूसरा मेडल
अनंतजीत सिंह नरूका और परिनाज धालीवाल के लिए यह एशियन गेम्स 2026 का दूसरा पदक है. इससे पहले अनंतजीत ने पुरुष स्कीट टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल जीता था. वहीं परिनाज धालीवाल ने भी महिला स्कीट टीम इवेंट में ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया था. अब मिक्स्ड स्कीट टीम में दोनों ने साथ उतरकर एक और कांस्य पदक भारत की झोली में डाल दिया.
अनंतजीत सिंह नरूका का शानदार सफर
जयपुर में जन्मे अनंतजीत सिंह नरूका का एशियन गेम्स में शानदार रिकॉर्ड रहा है. 2022 में उन्होंने पुरुष स्कीट इंडिविजुअल इवेंट में सिल्वर मेडल जीता था. इसके अलावा पुरुष स्कीट टीम इवेंट में भी वह ब्रॉन्ज मेडल हासिल कर चुके हैं. इस बार भी उन्होंने दो ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए हैं. इससे पहले अनंतजीत एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में एक गोल्ड और दो सिल्वर मेडल जीत चुके हैं.
परिनाज धालीवाल ने भी दिखाया दम
परिनाज धालीवाल का यह दूसरा एशियन गेम्स है और उन्होंने यहां अपने प्रदर्शन से खास छाप छोड़ी है. प्रतियोगिता में अब तक वह दो ब्रॉन्ज मेडल जीत चुकी हैं. इससे पहले परिनाज ISSF वर्ल्ड कप में महिला स्कीट टीम के साथ सिल्वर मेडल जीत चुकी हैं. पिछले एशियन गेम्स में वह महिला स्कीट टीम का हिस्सा थीं, जहां भारतीय टीम चौथे स्थान पर रही थी.
शूटिंग से भारत को मिले 8 मेडल
एशियन गेम्स 2026 में भारत के पदकों में शूटिंग का बड़ा योगदान रहा है. भारतीय शूटर्स अब तक कुल 8 मेडल जीत चुके हैं. इनमें 10 मीटर एयर राइफल के महिला और पुरुष टीम इवेंट के साथ व्यक्तिगत मुकाबलों में भी भारतीय खिलाड़ियों ने पदक हासिल किए हैं. इलावेनिल वलारिवण, सोनम मस्कर, विदर्सा विनोद, रुद्रांकष पाटिल, पार्थ माने और हिमांशु ढिल्लों ने अलग-अलग मुकाबलों में भारत के लिए पदक जीते हैं.
स्कीट में भी भारतीय खिलाड़ियों ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया है. महिला स्कीट में राइजा ढिल्लों, परिनाज धालीवाल और माहेश्वरी चौहान की टीम ने ब्रॉन्ज जीता, जबकि पुरुष स्कीट टीम में अनंतजीत सिंह नरूका, मेराज अहमद खान और भवतेग सिंह गिल ने कांस्य पदक हासिल किया. अब मिक्स्ड स्कीट में अनंतजीत और परिनाज की जोड़ी ने एक और ब्रॉन्ज जीतकर भारत के पदकों की संख्या में इजाफा कर दिया है.
ये भी पढ़ें- पिता की मौत के बाद बना कैब ड्राइवर, फिर आर्मी ने बदली जिंदगी, अब एशियन गेम्स में भारत के लिए जीता मेडल