Punjab News: विदेश में छिपा आतंकी लखबीर सिंह लांडा भगोड़ा घोषित, हत्या सहित कई आपराधिक मामले हैं दर्ज

Punjab News: विदेश में छिपा आतंकी लखबीर सिंह लांडा भगोड़ा घोषित, हत्या सहित कई आपराधिक मामले हैं दर्ज

मोहाली, भारत 24 डिजिटल डेस्क: भारत ने कनाडाई गैंगस्टर लखबीर सिंह लांडा (Lakhbir Singh Landa) को कुछ समय पहले आतंकवादी घोषित किया था. गृह मंत्रालय ने लखबीर को कड़े आतंकवाद विरोधी कानून यूएपीए (UAPA) के तहत आतंकवादी नामित किया था. वहीं अब इस आतंकी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की विशेष अदालत ने भगोड़ा (Fugitive Lakhbir Landa) भी घोषित कर दिया है. जानकारी के मुताबिक लखबीर कनाडा में छिपा हुआ है.

संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई शुरू

अदालत ने उसकी और उसके साथियों की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई भी शुरू कर दी है. यह कार्रवाई सीआरपीसी की धारा 82 (4) के तहत की गई है. खबीर सिंह लांडा मूल रूप से पंजाब का रहने वाला है लेकिन बीते कुछ समय से वह कनाडा में बैठकर भारत विरोधी गतिविधियां के खिलाफ साजिशों में जुटा है. 2023 में एनआईए ने लखबीर और उसके साथियों के खिलाफ गैर-कानूनी गतिविधियों के आरोप में धारा 17, 18, 18बी, 20, 38, 39 के तहत मामला दर्ज किया था. 

कौन है लखबीर सिंह लांडा?

लखबीर सिंह लांडा का जन्म पंजाब में हुआ था. वह कनाडा स्थित बब्बर खालसा इंटरनेशनल का सदस्य है. वह 2017 में  कनाडा भाग गया था.वर्तमान में लांडा का ठिकाना कनाडा के अल्बर्टा में है.लांडा के पाकिस्तान में स्थित गैंगस्टर हरविंदर सिंह उर्फ रिंदा के साथ करीबी संबंध बताए जाते हैं. इसके अलावा 2021 में मोहाली में पंजाब पुलिस खुफिया मुख्यालय पर रॉकेट हमले में भी लांडा का नाम शामिल था. लांडा सीमा पार से आईईडी, हथियार और विस्फोटकों की सप्लाई करता है. इसके अलावा लांडा का नाम अलग-अलग आपराधिक मामले जैसे जबरन वसूली, हत्याएं, आतंकी मॉड्यूल को खड़ा करना, आईईडी लगाना, हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी में भी है.