'एक साल तक सोना मत खरीदिए...', PM मोदी की देशवासियों से फिर अपील, बोले- मेरी बात मानी तो गिर गए सोने के दाम

PM Modi Speech: लखनऊ के कौशल दीक्षांत समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोगों से अगले एक साल तक सोना खरीदने से बचने की अपील की. उन्होंने कहा कि पहले की उनकी सलाह मानकर लोगों ने सोने की खरीदारी कम की, जिससे उनका पैसा बचा.

Modi Appeals Against Gold Buying For Another Year
Image Source: Social Media

PM Modi Speech: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लखनऊ में आयोजित कौशल दीक्षांत समारोह के दौरान सोना खरीदने को लेकर देशवासियों से एक बार फिर अपील की. उन्होंने लोगों को एक साल पहले की अपनी सलाह याद दिलाते हुए कहा कि गैर-जरूरी होने पर सोना खरीदने से बचें. पीएम ने दावा किया कि लोगों ने उनकी बात मानी, कम सोना खरीदा और इससे उनका पैसा बचा. उन्होंने अगले एक साल तक भी सोना न खरीदने का आग्रह किया. इस कार्यक्रम में उन्होंने कौशल विकास, युवाओं के रोजगार और आईटीआई के महत्व पर भी अपने विचार रखे.

एक साल और सोना न खरीदने की अपील

पीएम मोदी ने कहा कि करीब एक साल पहले उन्होंने देशवासियों से अपील की थी कि अगर बहुत जरूरी न हो तो एक साल तक सोना न खरीदें. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के उस आह्वान का भी जिक्र किया, जिसमें उन्होंने लोगों से सप्ताह में एक समय का भोजन छोड़ने की अपील की थी. मोदी ने कहा कि देशवासियों ने उनकी सलाह को भी गंभीरता से लिया. उनके मुताबिक, लोगों ने सोने की खरीदारी कम की और कई लोगों ने उनसे कहा कि ऐसा करने से उनका पैसा बच गया. पीएम ने लोगों से अगले एक साल तक भी इसी तरह संयम बरतने का आग्रह किया.

ITI और IIT के छात्रों को मिलेगा बराबर सम्मान

प्रधानमंत्री ने कहा कि उनके लिए आईआईटी और आईटीआई दोनों संस्थानों के विद्यार्थी देश की असली संपत्ति और भविष्य हैं. उन्होंने बताया कि दिन की शुरुआत उन्होंने बंगाल में आईआईटी के छात्रों के बीच की थी और उसी उत्साह के साथ वह लखनऊ में आईटीआई के विद्यार्थियों से मिलने पहुंचे हैं. पीएम ने कहा कि आईटीआई में सीखा गया कौशल विकसित भारत की बड़ी ताकत बनेगा. उन्होंने जोर देकर कहा कि आईटीआई के छात्रों को भी उतना ही सम्मान मिलना चाहिए, जितना आईआईटी के विद्यार्थियों को मिलता है.

लखनऊ की चिकनकारी का जिक्र कर कौशल पर बोले पीएम

पीएम मोदी ने लखनऊ की प्रसिद्ध चिकनकारी का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत में कौशल और हुनर की परंपरा बहुत पुरानी रही है. उन्होंने आरोप लगाया कि विदेशी आक्रांताओं ने भारतीय कारीगरों और उनके कौशल को नुकसान पहुंचाया. बाद में अंग्रेजों ने भी भारत की पारंपरिक कौशल व्यवस्था को कमजोर कर अपने देश के उद्योग और विनिर्माण को बढ़ावा दिया. प्रधानमंत्री ने कहा कि हुनर भारत की पहचान और ताकत रहा है, इसलिए इसे फिर से सम्मान और प्रोत्साहन देने की जरूरत है.

'जिसके पास कौशल है, उसका रोजगार कोई नहीं छीन सकता'

प्रधानमंत्री ने कहा कि नई शिक्षा नीति में भी कौशल विकास पर विशेष जोर दिया गया है. उनके मुताबिक, जिस व्यक्ति के पास हुनर है, उसके लिए रोजगार के अवसर खत्म नहीं हो सकते. उन्होंने मोबाइल निर्माण का उदाहरण देते हुए कहा कि आज भारत में बने मोबाइल फोन दुनिया के बाजारों तक पहुंच रहे हैं. पीएम ने दावा किया कि 2014 के बाद देश में 5,000 नए आईटीआई स्थापित किए गए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया में भारतीय कुशल कामगारों की मांग बढ़ रही है और कई देशों में उनके हुनर की सराहना हो रही है.

सपा पर साधा निशाना

कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लोगों के मन में चिंता रहती थी, लेकिन योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में सुरक्षा का भरोसा बढ़ा है. उन्होंने बताया कि भारत 2027 में वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता की मेजबानी करेगा, जिसका आयोजन ग्रेटर नोएडा में होगा. वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में 17 लाख से अधिक युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है और सात लाख से ज्यादा युवाओं का कैंपस प्लेसमेंट हुआ है. उन्होंने बताया कि 2026 में 50 हजार से अधिक कुशल युवाओं को नौकरी मिली, जिनमें 3,000 से ज्यादा दिव्यांग युवा भी शामिल हैं.

ये भी पढ़े- PM Modi Speech: यूपी बनेगा वर्ल्ड स्किल्स एशिया प्रतियोगिता का मेजबान, PM मोदी ने दी खुशखबरी!