New Year Celebration: 3 पैग के बाद नहीं मिलेगी शराब, वेटर कहेगा- 'रुकिए साहब'; क्या है होटल एसोसिएशन की पहल?

New Year Celebration: 3 पैग के बाद नहीं मिलेगी शराब, वेटर कहेगा- 'रुकिए साहब'; क्या है होटल एसोसिएशन की पहल?

मुंबई, न्यूज डेस्क: क्रिसमस के बाद अब हर जगह नए साल के जश्न की तैयारी जारी है. साल 2023 की विदाई और 2024 के आगमन को लेकर मुंबई शहर के कई होटल, पार्क, जू और रेस्टोरेंट में खास तैयारी (New Year Celebration) की जा रही है. 31 दिसंबर की रात विभिन्न होटलों और क्लबों में डांस, डीजे नाइट, लजीज देशी- विदेशी व्यंजनों का लुत्फ उठाते हुए लोग नए साल का जश्न मनाएंगे. ऐसे में किसी भी प्रकार के खलल को रोकने के लिए होटल एसोसिएशन ने तैयारी भी शुरू कर दी है. 

शराब पीने वालों से की ये अपील 

पार्टी के दौरान शराब पीने वालों के पैर लड़खड़ाए या किसी भी प्रकार की कोई अभद्रता हो उससे पहले ही होटल व्यवसायियों (Mumbai Hotel Association) ने उनको अलर्ट करने का फैसला लिया है. जिसके तहत किसी भी ग्राहक को तीन लार्ज पैग देने के बाद शराब नहीं पीने की अपील की गई है. वहीं अगर कोई ग्राहक ज्यादा शराब पीने की वजह से नशे में हो तो उसे सुरक्षित घर छोड़ने का इंताजन भी होटलों के मालिक द्वारा किया जाएगा. 

टेंडर्स और वेटर्स को दी गई ट्रेनिंग 

होटल ऐंड रेस्टोरेंट असोसिएशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया (HRAWI) के पूर्व अध्यक्ष कमलेश बरोट ने बताया कि जिन ग्राहकों के पास खुद की गाड़ी नहीं है और वह ज्यादा नशे में हो गए है तो उन्हें सुरक्षित घर पहुंचाया जाएगा. इसके लिए टेंडर्स और वेटर्स को ट्रेनिंग दी गई है. बता दें कि इस बार 31 दिसंबर रविवार को पड़ रहा है जिस वजह से बहुत से लोगों ने शुक्रवार से ही पार्टी करने की योजना बनाई है. मुंबई के आसपास के पर्यटन स्थलों में होटलों के अधिकांश कमरे बुक हो गए हैं. महाराष्ट्र टूरिज्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की ओर से पता चला है 34 रिसोर्ट 2 जनवरी तक बुक हो चुके.