Kartik Purnima 2026: कार्तिक पूर्णिमा हिंदू धर्म के सबसे महत्वपूर्ण पर्वों में से एक है. यह दिन स्नान, दान, पूजा-पाठ और दीपदान के लिए विशेष माना जाता है. कार्तिक महीने के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा को मनाए जाने वाले इस पर्व को त्रिपुरारी पूर्णिमा और देव दीपावली के नाम से भी जाना जाता है. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का वध कर देवताओं को उसके आतंक से मुक्ति दिलाई थी. इस विजय की खुशी में देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया था. तभी से इस दिन दीपदान की परंपरा चली आ रही है.
कार्तिक पूर्णिमा 2026 की तारीख और शुभ मुहूर्त
साल 2026 में कार्तिक पूर्णिमा का पर्व मंगलवार, 24 नवंबर को मनाया जाएगा. पूर्णिमा तिथि 23 नवंबर की रात 11:42 बजे शुरू होकर 24 नवंबर की रात 8:23 बजे तक रहेगी. इस दिन सुबह 5:03 से 5:57 बजे तक ब्रह्म मुहूर्त में स्नान करना शुभ माना गया है. शाम को चंद्रोदय लगभग 5:01 बजे होगा. वहीं, दीपदान और देव दीपावली के लिए प्रदोष काल शाम 5:08 से 7:47 बजे तक रहेगा. इस दौरान पूजा और दीपदान करने का विशेष महत्व है.
सुबह स्नान के बाद सूर्यदेव को दें अर्घ्य
कार्तिक पूर्णिमा की शुरुआत सुबह जल्दी उठकर स्नान करने से करनी चाहिए. संभव हो तो किसी पवित्र नदी में स्नान करें. ऐसा करना संभव न हो तो घर पर नहाने के पानी में थोड़ा गंगाजल मिलाकर स्नान किया जा सकता है. इसके बाद तांबे के लोटे में जल भरकर उसमें लाल फूलों की पंखुड़ियां, चावल और थोड़ा कुमकुम डालें. पूर्व दिशा की ओर मुख करके सूर्यदेव को अर्घ्य दें और ‘ऊँ सूर्याय नम:’ मंत्र का जाप करें. इसके बाद भगवान गणेश की पूजा करके भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की आराधना करें. विष्णु-लक्ष्मी को तुलसी दल, मिठाई और सुगंधित फूल अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करें.
भगवान शिव का अभिषेक और जरूरतमंदों को दान
कार्तिक पूर्णिमा को त्रिपुरारी पूर्णिमा भी कहा जाता है, इसलिए इस दिन भगवान शिव की पूजा का विशेष महत्व है. सुबह शिव मंदिर जाकर शिवलिंग पर जल और दूध चढ़ाएं. इसके बाद दूध, दही, घी, शहद और मिश्री से बने पंचामृत से अभिषेक करें. भगवान शिव को बेलपत्र और फूल अर्पित करते हुए ‘ऊँ नम: शिवाय’ मंत्र का जाप करें. पूजा के साथ दान-पुण्य करना भी शुभ माना जाता है. अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों को अनाज, भोजन, कपड़े और धन दान करें. सर्दी के मौसम को देखते हुए कंबल, स्वेटर और शॉल देना भी अच्छा सेवा कार्य है.
गौसेवा और दीपदान से करें देव दीपावली का उत्सव
कार्तिक पूर्णिमा की शाम दीपदान के लिए विशेष मानी जाती है. इस दिन घर के मंदिर में दीपक जलाने के साथ नदी, तालाब या किसी पवित्र जलाशय के किनारे भी दीपदान करने की परंपरा है. मान्यता है कि दीप जलाने से जीवन में सुख-शांति और सकारात्मकता आती है. इसके अलावा, इस दिन गौसेवा करना भी पुण्यदायी माना गया है. किसी गौशाला में जाकर गायों को हरा चारा खिला सकते हैं और अपनी सामर्थ्य के अनुसार सहयोग कर सकते हैं. शाम को प्रदोष काल में दीप जलाकर भगवान की आरती करें और परिवार की खुशहाली की प्रार्थना करें.
कार्तिक पूर्णिमा का धार्मिक महत्व और पौराणिक मान्यताएं
पौराणिक कथाओं के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा के दिन भगवान शिव ने त्रिपुरासुर का अंत किया था. इस विजय के बाद देवताओं ने दीप जलाकर उत्सव मनाया, जिसे देव दीपावली कहा जाता है. इसी कारण वाराणसी समेत देश के कई हिस्सों में इस दिन घाटों पर दीप जलाने की विशेष परंपरा है. धार्मिक मान्यताओं में यह दिन भगवान विष्णु के मत्स्य अवतार से भी जुड़ा हुआ है. इसके अलावा, कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गुरु नानक जयंती यानी प्रकाश पर्व और राजस्थान के पुष्कर मेले का भी विशेष महत्व रहता है. मान्यता है कि इस दिन श्रद्धा से स्नान, पूजा, कथा, दीपदान और दान करने से पुण्य की प्राप्ति होती है.
ये भी पढ़ें- Shadashtak Yog 2026: रविवार को बन रहा अशुभ योग, वृषभ-वृश्चिक समेत 3 राशियां रहें अलर्ट