जयपुर, भारत 24 डेस्क: राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना 9(Karni Sena) के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी (Sukhdev Singh Gogamedi) की मंगलवार को घर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस घटना का सीसीटीवी वीडियो भी सामने आया है. जिसके बाद राज्य के राजपूत समाज ने सरकार को चेतावनी दी है. करणी सेना का कहना है कि जब तक हत्यारों का एनकाउंटर नहीं किया जाएगा, तब तक ना तो शव का अंतिम संस्कार होगा और ना ही नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने दिया जाएगा. वहीं, इस हत्या की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े गैंगस्टर रोहित गोदारा ने ली है.
फेसबुक पोस्ट कर ली हत्या की जिम्मेदारी
रोहित गोदारा (Rohit Godara) ने फेसबुक में एक पोस्ट कर करणी सेना के प्रदेश अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की हत्या की जिम्मेदारी ली. जिसमें लिखा गया, 'सभी भाइयों को राम राम, मैं रोहित गोदारा कपूरीसर, गोल्डी बराड़. भाइयों, आज सुखदेव गोगामेड़ी की हत्या कर दी गई. हम इसकी पूरी जिम्मेदारी लेते हैं. यह हत्या हमने कराई है. भाइयों, मैं आपको बताना चाहता हूं कि जो हमारे दुश्मनों की मदद करते हैं और उन्हें मजबूती देते हैं, उन्हें अपने घर के दरवाजे पर अपनी अर्थी तैयार रखनी चाहिए और वे यह समझ लें कि जल्द ही उनसे मुलाकात भी होगी.' बता दें कि बाद में इस पोस्ट को डिलीट भी कर दिया गया.
कौन है रोहित गोदारा?
दरअसल, रोहित गोदारा राजस्थान के बीकानेर के लूणकरण का रहने वाला है. पिछले 13 सालों में उसके ऊपर करीब 32 से ज्यादा गंभीर मामले दर्ज किए गए हैं. उसने पिछले साल राजस्थान के सीकर में गैंगस्टर राजू ठेहट की हत्या की जिम्मेदारी भी ली थी. फिलहाल रोहित गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का एक्टिव सदस्य है और विदेश में बैठकर पूरा गैंग चलाता है. पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड (Sidhu Moosewala Murder Case) में भी इसका नाम आया था.