IND vs NZ: विराट कोहली का जलवा क्रिकेट के मैदान पर आज भी बरकरार है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे मुकाबले में उन्होंने ऐसा कैच पकड़ा, जिसे देखकर हर कोई हैरान रह गया. विराट ने हवा में छलांग लगाकर एक हाथ से शानदार कैच लपका. उनके इस जबरदस्त फील्डिंग प्रयास के बाद मैदान पर जोरदार जश्न भी देखने को मिला. विराट का अंदाज देखकर बल्लेबाज का चेहरा उतर गया.
ऑकलैंड के ईडन पार्क में खेले गए पांच मैचों की वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में भारत ने टॉस जीतकर न्यूजीलैंड को पहले बल्लेबाजी के लिए बुलाया था. इस दौरान विराट ने अपनी फील्डिंग से महफिल लूट ली.
विराट ने एक हाथ से पकड़ा नाथन स्मिथ का कैच
यह घटना न्यूजीलैंड की पारी के 29वें ओवर में हुई. अंशुल कंबोज गेंदबाजी कर रहे थे और सामने नाथन स्मिथ बल्लेबाजी कर रहे थे. उन्होंने गेंद को ड्राइव करने की कोशिश की, लेकिन बल्ले का किनारा लगने से गेंद दूसरी स्लिप की तरफ चली गई.
It's the King's birthday weekend, and we get the presents! 👑 🎁 Watch the HERO VIDA India Tour of New Zealand 1st ODI, LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels, Sony LIV & Sony Vizha. #SonySportsNetwork #SonyLIV #SonyVizha #NZvIND | [Virat Kohli] https://t.co/LffbctfFwm
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) November 4, 2026
वहां फील्डिंग कर रहे विराट कोहली ने तुरंत छलांग लगाई और जमीन के बेहद करीब जाते हुए एक हाथ से गेंद को लपक लिया. कैच की मुश्किल को देखते हुए मैदानी अंपायर ने थर्ड अंपायर की मदद ली. रीप्ले में साफ हुआ कि विराट ने गेंद को पूरी तरह से पकड़ लिया था. इसके बाद नाथन स्मिथ को आउट दे दिया गया.
कैच के बाद विराट ने दिखाया अपना पुराना अंदाज
शानदार कैच पकड़ने के बाद विराट कोहली ने अपने खास अंदाज में जश्न मनाया. उन्होंने धनुष खींचकर तीर चलाने वाला अपना पुराना सेलिब्रेशन किया. इसके बाद साथियों की तरफ मुड़कर WWE स्टार जॉन सीना के मशहूर अंदाज 'यू कांट सी मी' का इशारा भी किया.
विराट के इस जश्न को देखकर मैदान पर मौजूद खिलाड़ी भी उत्साहित नजर आए. दूसरी तरफ नाथन स्मिथ सिर्फ एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए.
185 रन पर सिमटी न्यूजीलैंड की टीम
पहले वनडे में भारतीय गेंदबाजों ने भी शानदार प्रदर्शन किया. टीम इंडिया ने न्यूजीलैंड की पूरी पारी 185 रन पर समेट दी. कीवी टीम 50 ओवर भी नहीं खेल सकी और 40.2 ओवर में ऑलआउट हो गई.
बादल छाए रहने और पिच से मिल रही मदद का भारतीय तेज गेंदबाजों ने पूरा फायदा उठाया. अर्शदीप सिंह ने सबसे ज्यादा चार विकेट अपने नाम किए. वहीं गुरनूर बरार को तीन और अंशुल कंबोज को दो विकेट मिले.
न्यूजीलैंड की तरफ से टिम सीफर्ट ने सबसे ज्यादा 38 रन बनाए. वहीं आखिरी नंबर पर बल्लेबाजी करने आए ब्लेयर टिकनर ने 34 रन की पारी खेली. हालांकि, भारतीय गेंदबाजों के सामने बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर टिक नहीं सके.
ये भी पढ़ें- IND vs NZ: बिना सब्सक्रिप्शन फ्री में कैसे देखें भारत-न्यूजीलैंड पहला वनडे मैच? जानें पूरा तरीका