पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मुख्यमंत्री मरियम नवाज के दौरे का असर छात्रों की पढ़ाई पर पड़ा है. रावलपिंडी के बोर्ड ऑफ इंटरमीडिएट एंड सेकेंडरी एजुकेशन (BISE) ने 10 नवंबर को होने वाली कंप्यूटर साइंस की परीक्षा टाल दी है. यह परीक्षा इंटरमीडिएट सेकेंड ईयर की दूसरी वार्षिक परीक्षा-2026 का हिस्सा थी. अब इसे 30 नवंबर को कराया जाएगा.
दरअसल, मुख्यमंत्री मरियम नवाज 10 नवंबर को झेलम और पिंड दादन खान के दौरे पर जाने वाली हैं. उनके दौरे को देखते हुए झेलम के डिप्टी कमिश्नर ने परीक्षा की तारीख बदलने की सिफारिश की थी. इसके बाद रावलपिंडी बोर्ड ने जिले में सुबह और शाम, दोनों पालियों की परीक्षाएं टालने का फैसला किया.
मुख्यमंत्री के दौरे के लिए किए जाएंगे खास इंतजाम
अखबार डॉन की रिपोर्ट के मुताबिक, झेलम के डिप्टी कमिश्नर ने रावलपिंडी बोर्ड के चेयरमैन को पत्र लिखकर 10 नवंबर की परीक्षा रद्द करने की मांग की थी. पत्र में बताया गया कि मुख्यमंत्री के दौरे को लेकर जिला प्रशासन बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहा है. इसमें सुरक्षा से लेकर प्रशासनिक व्यवस्था और प्रोटोकॉल तक के इंतजाम शामिल हैं.
डिप्टी कमिश्नर के मुताबिक, इन तैयारियों के लिए बड़ी संख्या में सरकारी अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाएगी. ऐसे में परीक्षा को बिना किसी परेशानी के आयोजित करना मुश्किल हो सकता है. इसी वजह से छात्रों को होने वाली दिक्कतों से बचाने और मुख्यमंत्री के दौरे की व्यवस्था संभालने के लिए परीक्षा आगे बढ़ाने का सुझाव दिया गया.
अब 30 नवंबर को होंगे दोनों पेपर
प्रशासन की सिफारिश के बाद रावलपिंडी बोर्ड ने कंप्यूटर साइंस के दोनों पेपर की नई तारीख 30 नवंबर तय की है. बोर्ड के प्रवक्ता अरसलान चीमा ने इसकी पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि परीक्षा नियंत्रक मुबाशिर सईद ने इस संबंध में आधिकारिक नोटिस जारी कर दिया है.
नई तारीख पर सुबह की पाली की परीक्षा सुबह और शाम की पाली का पेपर शाम को होगा. दोनों परीक्षाएं पहले से तय परीक्षा केंद्रों पर ही आयोजित की जाएंगी. हालांकि, यह बदलाव सिर्फ झेलम जिले के छात्रों के लिए किया गया है. रावलपिंडी बोर्ड के तहत आने वाले दूसरे जिलों में परीक्षाएं 10 नवंबर को पुराने कार्यक्रम के अनुसार ही होंगी.
नई रोल नंबर स्लिप भी होंगी जारी
परीक्षा नियंत्रक मुबाशिर सईद ने बताया कि छात्रों की सुविधा के लिए नई रोल नंबर स्लिप जारी की जाएंगी. हालांकि, जिन छात्रों के पास पहले से जारी रोल नंबर स्लिप हैं, वे भी उनका इस्तेमाल कर सकेंगे. यानी पुरानी स्लिप भी मान्य रहेंगी.
इस फैसले के बाद झेलम जिले के छात्रों को कंप्यूटर साइंस की परीक्षा देने के लिए 20 दिन और इंतजार करना पड़ेगा.