मुंबई, एंटरटेनमेंट डेस्क: चर्चित रियलिटी शो 'बिग बॉस 17' (Bigg Boss 17) खत्म हो चुका है. हर बार की तरह इस बार के सीजन ने भी दर्शकों का खूब मनोरंजन किया. बॉस 17 का खिताब स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारुकी (Munawar Faruqui) ने अपने नाम किया. वहीं फर्स्ट रनरअप अभिषेक कुमार (Abhishek Kumar) रहे. मुनव्वर को ट्रॉफी के साथ, 50 लाख रुपये की प्राइज मनी और एक हुंडई क्रेटा कार मिली है. लेकिन मुनव्वर के लिए यहां तक पहुंचने का सफर काफी ज्यादा कठिन रहा है. चलिए जानते हैं उनके बारे में...
कौन हैं मुनव्वर फारूकी?
मुनव्वर फारुकी का पूरा नाम मुनव्वर इकबाल फारुकी (Munawwar Iqbal Faruqui) है और उनका जन्म गुजरात के जूनागढ़ में हुआ था. मुनव्वर का घर 2022 के गुजरात दंगों में नष्ट हो गया था, जिसके बाद मुनव्वर अपने परिवार के साथ मुंबई में रहने लगे. केवल 12 साल की उम्र में मुनव्वर ने अपनी मां को खोया था और पिता के बीमारी के चलते उनके ऊपर काफी जिम्मेदारी आ गई थी.
बर्तन की दुकान पर करते थे काम
मुनव्वर फारुकी ने अपने के दर्द को छिपाकर लोगों को हंसाकर पैसे कमाने शुरू कर दिए. हालांकि, इससे पहले उन्होंने कई छोटे-मोटे काम किए. अपनी पढ़ाई के दौरान उन्होंने एक मिट्टी के बर्तन की दुकान पर काम किया. उन्होंने ग्राफिक डिजाइनर के रूप में भी काम किया है. मुनव्वर की कॉमेडी स्किल काफी अच्छी तो उन्होंने इस पर काम करना शुरू किया और फिर उन्होंने कॉमेडियन के तौर पर अपनी पहचान बनाई. मुनव्वर अपनी शायरियों के लिए भी काफी मशहूर हैं.
विवादों से रहा गहरा नाता
मुनव्वर फारुकी एक कॉमेडियन हैं. साल 2021 में अपने शो में हिंदू देवी-देवताओं का अपमान करने के आरोप में उन्हें मध्य प्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार किया था. वायरल हुए वीडियो में फारुकी भगवान राम और माता सीता को लेकर अभद्र टिप्पणी करते नजर आए थे. हालांकि बाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर फारुकी को एक माह बाद जेल से रिहा किया गया था.