दिल्ली-NCR में मंगलवार रात अचानक भूकंप के झटकों से लोगों में दहशत फैल गई. रात करीब 10:23 बजे दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद समेत NCR के कई इलाकों में धरती हिलती महसूस हुई. रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 4.4 दर्ज की गई. झटके महसूस होते ही कई लोग घबराकर अपने घरों से बाहर निकल आए और कुछ देर तक सड़कों तथा सोसायटी परिसर में अफरातफरी का माहौल रहा. हालांकि, थोड़ी देर बाद स्थिति सामान्य हो गई.
ऊंची इमारतों में रहने वाले लोग ज्यादा घबराए
भूकंप के झटके पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी महसूस किए गए. गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ की कई हाउसिंग सोसायटियों में रहने वाले लोग तुरंत घरों से बाहर निकल आए. बताया जा रहा है कि झटके करीब 30 सेकंड तक महसूस किए गए. खासकर ऊंची इमारतों में रहने वाले लोगों के बीच ज्यादा डर देखा गया और लोग सुरक्षित जगहों की ओर निकलते नजर आए.
उत्तर भारत के कई इलाकों में महसूस हुए झटके
जानकारी के मुताबिक, उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भी रिक्टर स्केल पर 4.4 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया. उत्तराखंड के सभी जिलों के अलावा हिमाचल प्रदेश और पंजाब समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में भी झटके महसूस होने की बात सामने आई है. वहीं, शुरुआती जानकारी में भूकंप का केंद्र अफगानिस्तान में बताया गया है, जहां इसकी तीव्रता 6.1 मापी गई. इससे उत्तर भारत के कई इलाकों में कंपन महसूस होने की जानकारी सामने आई.
कुछ देर की दहशत के बाद सामान्य हुई स्थिति
अचानक आए झटकों ने रात के समय लोगों को घरों से बाहर निकलने पर मजबूर कर दिया. कई इलाकों में लोग खुले स्थानों पर खड़े दिखाई दिए, जबकि सोसायटियों में भी लोगों की भीड़ जमा हो गई. हालांकि, भूकंप का असर ज्यादा देर तक नहीं रहा और बाद में स्थिति सामान्य हो गई. फिलहाल इस घटना के बाद लोगों में एहतियात को लेकर चिंता बनी हुई है.
ये भी पढ़ें: Delhi: DTC बसों में ‘Pink Saheli Card’ की व्यवस्था लागू, 19 लाख से ज्यादा कार्ड जारी, जानें पूरी डिटेल