CTI Letter PM Modi: सोने की कीमतों में आई बड़ी गिरावट के बीच चैंबर ऑफ ट्रेड एंड इंडस्ट्री (CTI) ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की है. संगठन ने पीएम मोदी को पत्र लिखकर उनका आभार जताया है. CTI का कहना है कि कुछ महीने पहले प्रधानमंत्री ने लोगों को सोना खरीदने से बचने की सलाह दी थी. उस समय उनकी इस सलाह का काफी विरोध हुआ था, लेकिन अब सोने के भाव में आई गिरावट के बाद व्यापारियों को लग रहा है कि प्रधानमंत्री की सलाह ने उन्हें बड़े नुकसान से बचा लिया.
CTI चेयरमैन ने बताया कितना सस्ता हुआ सोना
CTI के चेयरमैन बृजेश गोयल के मुताबिक, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोना खरीदने से बचने की सलाह दी थी, तब सोने का भाव करीब 1 करोड़ 90 लाख रुपये प्रति किलो था. अब इसकी कीमत घटकर लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये प्रति किलो रह गई है. इस तरह सोने के भाव में प्रति किलो करीब 65 लाख रुपये की गिरावट आई है.
बृजेश गोयल का कहना है कि अगर व्यापारियों ने उस समय ऊंचे भाव पर सोना खरीदकर स्टॉक जमा किया होता तो आज उन्हें प्रति किलो 65 लाख रुपये तक का नुकसान उठाना पड़ सकता था. इससे कई ज्वेलरी कारोबारियों के लिए अपना कारोबार चलाना मुश्किल हो जाता और वे कर्ज में भी डूब सकते थे.
सोने के कारोबारियों को बड़े नुकसान से बचाने का दावा
CTI ने कहा कि देशभर में लाखों ज्वेलरी कारोबारी कई महीनों का सोना अपने पास स्टॉक में रखते हैं. ऐसे में अगर उन्होंने ऊंची कीमतों पर बड़ी मात्रा में सोना खरीदा होता तो कीमतों में गिरावट के बाद उन्हें भारी नुकसान होता.
#WATCH | Delhi: Chamber of Trade and Industry (CTI) writes to Prime Minister Narendra Modi, thanking him for his earlier appeal to refrain from buying gold. CTI Chairman Brijesh Goyal says, "Some time ago, while addressing the nation, Prime Minister Modi advised citizens against purchasing gold... At the time, this advice faced considerable opposition. Today, however, traders and investors alike have come to appreciate the Prime Minister’s foresight. The price of gold has now reached Rs 1.25 crore per kilogram, whereas it was Rs 1.90 crore per kilogram when the Prime Minister made his statement. Consequently, the price of gold has fallen by Rs 65 lakh per kilogram since then, reaching its lowest level in several months..."
— ANI (@ANI) November 22, 2026
संगठन के मुताबिक, इसका असर केवल बड़े ज्वेलर्स पर ही नहीं पड़ता, बल्कि छोटे व्यापारियों, ऑनलाइन और ऑफलाइन कारोबारियों के साथ शेयर बाजार के निवेशकों को भी नुकसान उठाना पड़ सकता था.
'पीएम मोदी ने बचा लिया', व्यापारियों के बीच चर्चा
CTI का कहना है कि व्यापारियों के बीच इन दिनों प्रधानमंत्री की सलाह को लेकर चर्चा हो रही है. संगठन के ग्रुपों में लगातार ऐसे संदेश आ रहे हैं कि पीएम मोदी ने उन्हें बड़े नुकसान से बचा लिया. कुछ महीने पहले जिस सलाह पर सवाल उठाए जा रहे थे, अब कई व्यापारी उसी को सही बता रहे हैं.
शादी के सीजन में ग्राहकों को भी राहत
सोने की कीमतों में गिरावट का फायदा आम ग्राहकों को भी मिल रहा है. फिलहाल देश में शादी का सीजन चल रहा है और इस दौरान सोने के गहनों की मांग बढ़ जाती है. ऐसे में कम कीमतों पर ग्राहकों के लिए गहने खरीदना पहले के मुकाबले आसान हो सकता है.
CTI ने प्रधानमंत्री से यह भी आग्रह किया है कि सरकार सोने और चांदी जैसे बाजारों पर समय-समय पर व्यापारियों को जरूरी सलाह देती रहे. इससे बाजार में सट्टेबाजी और जमाखोरी पर रोक लगाने में मदद मिल सकती है.
बृजेश गोयल ने कहा कि प्रधानमंत्री की सलाह से लाखों व्यापारियों और परिवारों की पूंजी सुरक्षित रही. उन्होंने CTI और व्यापारी समुदाय की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद किया.