'मां, भिक्षा दीजिए..' बेटे की आवाज सुनकर हैरान रह गई थीं सावित्री देवी, CM योगी ने पत्र में सुनाया भावुक किस्सा

CM Yogi Mother Letter: सीएम योगी ने अपनी मां सावित्री देवी को याद करते हुए ‘मुख्यमंत्री पाती’ में संन्यास के बाद घर लौटने का भावुक किस्सा साझा किया. उन्होंने बताया कि जब वह भिक्षा मांगने पहुंचे थे, तो मां उन्हें देखकर हैरान रह गई थीं.

CM Yogi Emotional Letter Remembers Mother And Sanyas
Image Source: Social Media

CM Yogi Mother Letter: मां का साथ जीवन की सबसे बड़ी ताकत होता है, लेकिन जब यही सहारा छूट जाता है तो उसकी कमी शब्दों में बयां करना मुश्किल हो जाता है. उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी अपनी मां सावित्री देवी को याद कर भावुक हो गए. मां के निधन के बाद उन्होंने ‘मुख्यमंत्री पाती’ के जरिए उनके नाम एक भावुक पत्र लिखा है. इसमें उन्होंने मां की ममता और उनके संस्कारों को याद करने के साथ संन्यास लेने के बाद घर पहुंचकर भिक्षा मांगने से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी साझा किया.

मां को बताया जगत-जननी

सीएम योगी ने अपने पत्र में मां को केवल जन्म देने वाली नहीं, बल्कि जगत-जननी बताया. उन्होंने लिखा कि मां की ममता दुनिया की सबसे सुंदर भावना है और उनके बिना किसी भी जीवन की कल्पना नहीं की जा सकती. मुख्यमंत्री ने कहा कि मां ही वह आधार हैं, जिनसे व्यक्ति का अस्तित्व और संसार की निरंतरता जुड़ी है. उन्होंने अपने पत्र को प्रत्येक मां के नाम समर्पित करते हुए उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की.

मां की जगह कोई नहीं ले सकता

मुख्यमंत्री ने पत्र में मां के महत्व को समझाने के लिए भगवान राम, श्रीकृष्ण और भक्त ध्रुव-प्रह्लाद के प्रसंगों का भी जिक्र किया. उन्होंने लिखा कि भगवान राम के वनगमन के समय माता कौशल्या का आशीर्वाद और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन में मां का स्नेह इसके उदाहरण हैं. मां के संस्कार ही बच्चों के व्यक्तित्व को आकार देते हैं. योगी आदित्यनाथ ने भावुक शब्दों में कहा कि मां वह होती है, जो हर किसी की जगह ले सकती है, लेकिन दुनिया में कोई भी मां की जगह नहीं ले सकता.

मां के जाने से छिन जाता है भावनात्मक सुरक्षा का एहसास

अपनी मां को याद करते हुए सीएम योगी ने लिखा कि मां का न होना केवल किसी व्यक्ति का दुनिया से चले जाना नहीं है, बल्कि इससे बिना शर्त मिलने वाला प्यार, भावनात्मक सुरक्षा और घर की वह छांव भी छिन जाती है, जो हर मुश्किल में सहारा देती है. उन्होंने अपनी मां को प्रथम गुरु बताते हुए कहा कि जब वह अनंत यात्रा पर निकल गईं, तो उनके मन में संन्यास लेने के तीन साल से अधिक समय बाद घर लौटने का वह पुराना दृश्य फिर से जीवंत हो उठा.

संन्यास के बाद मां से मांगी थी भिक्षा

योगी आदित्यनाथ ने पत्र में उस भावुक मुलाकात का जिक्र किया, जब संन्यास लेने के बाद वह भगवा वस्त्र पहनकर अपने घर पहुंचे थे. संन्यास परंपरा के अनुसार उन्होंने भिक्षा के लिए आवाज लगाई, तो उनकी मां बाहर आईं. बेटे को इस रूप में देखकर वह हैरान रह गईं और पूछा कि घर में किस चीज की कमी थी, जो उन्हें भिक्षा मांगनी पड़ रही है. इस पर योगी ने मां से कहा कि संन्यास उनका धर्म है और वह घर में रहने नहीं, बल्कि भिक्षा लेने आए हैं. उन्होंने मां से कहा कि वह भिक्षा में जो कुछ देंगी, वही उनकी मनोकामना पूरी करेगा. इस प्रसंग को याद करते हुए उन्होंने मां की ममता और उनके त्याग को भावुक अंदाज में बयां किया.

हर मां के चेहरे पर मुस्कान लाने की अपील

पत्र के आखिर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेशवासियों से हर मां के सम्मान और सेवा का संकल्प लेने की अपील की. उन्होंने कहा कि मां के प्रति सच्चा सम्मान तभी होगा, जब समाज निराश्रित माताओं का सहारा बने, जरूरतमंद मांओं की परेशानियों को समझे और दुख झेल रही महिलाओं के जीवन में खुशियां लाने का प्रयास करे. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे किसी वंचित मां की पीड़ा कम करने और उसके चेहरे पर मुस्कान लाने का प्रयास जरूर करें.

ये भी पढ़ें- 'मां केवल जननी नहीं, जगत जननी है', सीएम योगी की भावुक चिट्ठी, कहा- मां के बिना जीवन नहीं होता...