मुजफ्फरपुर, न्यूज डेस्क: Bihar liquor punjab connection बिहार में कई वर्षों से शराब बंदी कानून लागू हैं. इसके तहत शराब बेचने, खरीदने और जमा करने पर सख्त कार्रवाई का प्रविधान है. बावजूद इसके शातिरों ने शराब तस्करी के नए-नए तरीके इजाद कर लिए हैं. पूर्व में ऐसे भी मामले सामने आए हैं, जिसके तहत तस्करों ने डाक और कोरियर के जरिये अन्य राज्यों से बिहार में शराब की आपूर्ति की है. यह अब भी जारी है, यही वजह है कि बिहार के विभिन्न जिलों में जांच-पड़ताल के दौरान शराब मिलती है. ताजा मामला और भी हैरान करने वाला है. इस बार तस्करों ने पंजाब से आलू के बीच शराब बिहार भेजी है.
आलू के बीच छिपाई शराब, फिर भेज दी बिहार
मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर के सरैया थाना क्षेत्र में आलू से लदे बोरियो के बीच में भारी मात्रा में विदेशी शराब की खेप मिली है. बताया जा रहा है कि नए साल में पंजाब से बिहार में शराब परोसने की बड़ी तैयारी थी, लेकिन पुलिस ने माफिया के मंसूबों पर पानी फेर दिया. बताया जा रहा है कि जांच के दौरान पुलिस ने करीब 50 लाख रुपये के शराब जब्त की है. SDPO सरैया कुमार चंदन ने पंजाब से बिहार आलू के बारे में शराब छिपाकर लाने की जानकारी दी है. इस बीच जिले में पिछले एक सप्ताह के दौरान अब तक कई जगहों पर कदम उठाकर 2.5 करोड़ रुपये से अधिक की शराब जब्त की है.
नए साल की तैयारी पर पुलिस ने फेरा पानी
नए साल में शराब की खेप मंगवाने वाले और शराब की तस्करी करने वाले गिरोह के मंसूबों को पुलिस ने नाकाम किया है. मिली जानकारी के अनुसार, मुजफ्फरपुर जिले के सरैया थाना क्षेत्र से एक आलू लदे ट्रक से भारी मात्रा में शराब पकड़ी गई है, जिसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई गई है. इसके साथ बताया जा रहा है कि सरैया थाना की पुलिस मिली हुई एक गुप्त सूचना के आधार पर रेवा घाट अम्बाला चौक एनएच 102 के पास में आलू की बोरियों से लदे ट्रक को पकड़ा, जिसमें 400 बोरी आलू रखी गई थी.
जांच के दौरान खुलासा हुआ कि उसके अंदर भारी मात्रा में विदेशी शराब को छिपाया गया था. पड़ताल के दौरान ट्रक से करीब 3600 लीटर शराब को जब्त किया गया है. इसकी बाजार में कीमत लगभग 50 लाख रुपये बताई जा रही है. इस दौरान में ट्रक के चालक और ट्रक मालिक को भी गिरफ्तार कर लिया गया है, जिसकी पहचान रूपनगर जिला के तजविंदर सिंह तथा जसप्रीत सिंह के रूप में हुई है.
बैकवर्ड लिंकेज की जानकारी जुटा रही पुलिस
इस पूरे मामले को लेकर सरैया के SDPO कुमार चंदन ने जानकारी दी है कि सरैया थाना को सूचना मिली थी कि एक ट्रक में शराब की बड़ी खेप आ रही है. जिसके बाद एक टीम गठित करके कार्रवाई की गई इस दौरान दो लोगों को हिरासत में लिया गए हैं. इसके अलावा शराब को जब्त कर लिया गया है और आगे की करवाई किया जा रही है. शराब को मंगवाने वाले माफिया की अभी पहचान जारी है.
रिपोर्ट: विशाल कुमार