Badaun News: घर में घुसकर लड़की को ले जाने की कोशिश, विरोध किया तो पिता की कर डाली हत्या

Badaun News पीड़ित के भाई राजीव ने पुलिस को मामले से संबंधित शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी नन्हे को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी दो आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें गठित की गई हैं.

Badaun News: घर में घुसकर लड़की को ले जाने की कोशिश, विरोध किया तो पिता की कर डाली हत्या

बदायूं, भारत24 डिजिटल डेस्क: उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के दातागंज क्षेत्र के गांव सादुल्लागंज से एक सनसनीखेज वारदात प्रकाश में आई है. यहां सोमवार देर रात पड़ोसी आरोपी दंबग नन्हे ने अपने दो अन्य साथियों के साथ पीड़ित के घर में घुसकर किशोरी को उठाकर ले जाने की कोशिश की. वहीं, विरोध करने पर आरोपी ने किशोरी के पिता को गोली मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया. आनन-फानन में गोली लगने से घायल पिता को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया है.

परिवार के मुखिया की मौत के बाद कोहराम

उधर, पीड़ित के भाई राजीव ने पुलिस को मामले से संबंधित शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी नन्हे को गिरफ्तार कर लिया है और बाकी दो आरोपियों की तलाश में पुलिस टीमें गठित की गई हैं. परिवार के मुखिया की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मच गया है. भाई राजीव के मुताबिक, सोमवार देर रात लगभग आठ बजे पड़ोसी दंबग नन्हे उर्फ सोमेंद्र अपने साथी अन्तु उर्फ गजेंद्र और सत्येंद्र के साथ घर में घुस आया और उसकी नाबालिग किशोरी को जबरदस्ती उठाकर ले जाने की कोशिश करने लगा. परिजनों ने विरोध किया तब आरोपी ने किशोरी के पिता सुधीर को दाहिने पैर में गोली मारकर दी. चीख-पुकार के बाद आनन-फानन में गंभीर रूप से घायल पिता को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया.

अधिक खून निकलने से मौत

बता दें कि दबी जुबान चर्चा है कि आरोपी और किशोरी के पिता दोस्त थे, लेकिन आरोपी दोस्त की बेटी पर गलत नजर रखता था. सोमवार की रात तो दोस्ती दुश्मनी में बदल गई और मामूली रूप से शुरू हुए विवाद ने किशोरी के पिता की जान ले ली. इधर पूरी वारदात को लेकर बदायूं एसएसपी आलोक प्रियदर्शी का कहना है कि दातागंज थाना क्षेत्र के सादुल्लागंज निवासी राजीव नामक एक व्यक्ति ने थाने पर आकर सूचना दी कि उनके पड़ोसी ने मामूली कहासूनी में उनके भाई के पैरों में गोली मार दी है. उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया वहां उनकी संभवत: अत्याधिक रक्तस्राव के चलते मृत्यू हो गई.
 
आलोक प्रियदर्शी ( SSP बदायूं) का कहना है कि पुलिस ने तत्काल पहुंच कर प्रकरण की छानबीन की और वादी से तहरीर लेकर मुकदमा दर्ज किया गया है. दोनों पड़ोसी हैं और एक दूसरे को जानते हैं. तीन व्यक्तियों को पीड़ित द्वारा नामजद किया गया है. इसमें मुख्य अभियुक्त नन्हे को सोमवार रात को दबिश देकर पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. इसके अलावा शेष दो अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें गठित कर दी गई है. जल्द ही दोनों की गिरफ्तारी भी की जाएगी. 

रिपोर्ट: सुनील मिश्रा