'26 जनवरी को पंजाब के सीएम भगवंत मान की कर देंगे हत्या', कौन है जिसने विदेश से दी धमकी

खालिस्तान समर्थक और सिख फॉर जस्टिस के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को और पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव (Gaurav Yadav) को जान से मारने धमकी दी है.

'26 जनवरी को पंजाब के सीएम भगवंत मान की कर देंगे हत्या', कौन है जिसने विदेश से दी धमकी

चंडीगढ़, भारत24 डिजिटल डेस्क: खालिस्तान समर्थक और सिख फॉर जस्टिस के आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान को और पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव (Gaurav Yadav) को जान से मारने धमकी दी है. इसके बाद पंजाब पुलिस में हड़कंप की स्थिति है. बताया जा रहा है कि इस धमकी के बाद सीएम भगवंत मान की सुरक्षा बढ़ा दी गई है. यहां पर बता दें कि SFJ आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू पहले भी कई लोगों को जान से मारने की धमकी दे चुका है. कुछ महीने पहले उसने देश के कई शहरों में हमले की धमकी दी थी. 

गैंगस्टर से साथ आने की अपील

आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू ने भारत के गैंगस्टर से साथ आने की गुजारिश की है. साथ ही कहा है कि गैंगस्टर 26 जनवरी को हमला करें. इसके साथ ही आतंकी ने पंजाब के सीएम भगवंत मान और DGP गौरव यादव को भी जान से मारने की धमकी दी है. कहा जा रहा है कि पंजाब पुलिस लगातार गैंगस्टरों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है. इसके चलते विदेश में बैठक आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू तिलमिलाया हुआ है. यही वजह है कि गुरपतवंत सिंह पन्नू ने सीएम भगवंत मान और डीजीपी गौरव यादव को जान से मारने की धमकी दी गई है. उधर, पंजाब पुलिस का कहना है कि गैंगस्टरों के खिलाफ कार्रवाई में किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी. एक्शन जारी रहेगा. धमकी के बाबत सुरक्षा के कदम उठाए जाएंगे. 

यहां पर बता दें कि गुरपतवंत सिंह पन्नू एक खालिस्तानी आतंकी होने के साथ सिख फॉर जस्टिस का प्रमुख भी है. आतंकी गुरपतवंत सिंह पन्नू एक अमेरिकी और कनाडाई नागरिक हैं. अक्टूबर, 2023 में उसने अहमदाबाद में भारत-ऑस्ट्रेलिया फाइनल के दौरान एयर इंडिया के विमान को हाईजैक करने और बम विस्फोट करने की धमकी दी थी. उसके खिलाफ एनआईए कई मामले भी दर्ज कर चुका है.