'केजरीवाल आजादी की लड़ाई की तरह संघर्ष कर रहे', भगत सिंह-बीआर अंबेडकर के बीच केजरीवाल की तस्वीर पर बोली AAP

आप नेता आतिशी ने कहा- यह हमें याद दिलाने के लिए है कि आज भाजपा के खिलाफ जो संघर्ष चल रहा है, वह किसी आजादी की लड़ाई से कम नहीं. एक समय था जब देश की जनता अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करती थी. अरविंद केजरीवाल भी वही कर रहे हैं.''

'केजरीवाल आजादी की लड़ाई की तरह संघर्ष कर रहे', भगत सिंह-बीआर अंबेडकर के बीच केजरीवाल की तस्वीर पर बोली AAP
अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल लाइव वीडियो के जरिए जेल भेजे संदेश को पढ़ती हुईं | फोटो- @AamAadmiParty से.

नई दिल्ली : सुनीता केजरीवाल की एक वीडियो ब्रीफिंग के दौरान भगत सिंह और बीआर अंबेडकर के बीच जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तस्वीर वायरल होने के बाद, आम आदमी पार्टी नेता आतिशी ने कहा है कि केजरीवाल संघर्ष के प्रतीक हैं. बीजेपी की तानाशाही के खिलाफ आज जो संघर्ष चल रहा है और उनकी ये तस्वीर इसका सबूत है.

आतिशी ने कहा, "अरविंद केजरीवाल को भारतीय जनता पार्टी की केंद्र सरकार ने झूठे आरोप में गिरफ्तार किया है. अरविंद केजरीवाल आज भाजपा की तानाशाही के खिलाफ चल रहे संघर्ष के प्रतीक हैं और उनकी तस्वीर इस बात का सबूत है. यह हमें याद दिलाने के लिए है कि आज भाजपा के खिलाफ जो संघर्ष चल रहा है, वह किसी आजादी की लड़ाई से कम नहीं है. एक समय था जब देश की जनता अंग्रेजों के खिलाफ संघर्ष करती थी. अरविंद केजरीवाल भी वही कर रहे हैं.''

यह भी पढे़ं : 'Amethi के लोग सोचते हैं कि स्मृति ईरानी को चुनकर गलती की', रॉबर्ट वाड्रा ने Lok Sabha चुनाव लड़ने का दिया संकेत

केजरीवाल की तुलना भगत सिंह, अंबेडकर से करने पर बिफरी बीजेपी 

अरविंद केजरीवाल की तुलना भगत सिंह और बीआर अंबेडकर से करने पर भी आप को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर आलोचना का सामना करना पड़ा.
बीजेपी ने भी आप को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जनता केजरीवाल की पार्टी के बहकावे में नहीं आएगी.

दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने एक्स पर कहा, ''भगत सिंह जी और बाबा साहेब अंबेडकर जी के बीच एक कट्टर भ्रष्ट अरविंद केजरीवाल की फोटो लगाना बेहद अफसोसजनक है. पहले पति कैमरे के सामने झूठ बोलते थे. अब जब वो जेल में हैं तो अपनी पत्नी से झूठ बुलवा रहे हैं, जनता आप के बहकावे में नहीं आने वाली है.”

केजरीवाल का पत्र पत्नी सुनीता ने पढ़ा, विधायकों से क्षेत्र में रोज जाने को कहा

इस बीच, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल ने अपने पति का एक संदेश पढ़ा, जिसमें उन्होंने अपने विधायकों से हर दिन अपने क्षेत्रों का दौरा करने और लोगों की समस्याओं पर चर्चा करने और उन्हें सुलझाने के लिए कहा.

अपनी पत्नी द्वारा एक वीडियो में पढ़े गए पत्र में केजरीवाल ने कहा, "सिर्फ इसलिए कि मैं जेल में हूं, दिल्ली के लोगों को किसी भी तरह से परेशानी नहीं होनी चाहिए. प्रत्येक विधायक को हर दिन अपने क्षेत्र का दौरा करना चाहिए और लोगों की समस्याओं पर चर्चा करनी चाहिए और उनका समाधान करना चाहिए." 

केजरीवाल ने कहा, "मैं सिर्फ उनकी सरकारी समस्याओं को हल करने की बात नहीं कर रहा हूं. हमें अन्य समस्याओं को भी हल करना चाहिए. दिल्ली के दो करोड़ लोग मेरा परिवार हैं. मेरी वजह से किसी को दुखी नहीं होना चाहिए. भगवान उन सभी को आशीर्वाद दें. जय हिंद."

यह भी पढे़ं : हेमा मालिनी पर विवाद- जानें कांग्रेस ने नहीं दिया है किसी बड़े फिल्मी सितारे को टिकट, BJP में हैं कई नाम