रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध में किसी तरह की कमी नहीं आ रही है और स्थिति हर और भी गंभीर होती जा रही है. शुक्रवार को अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोडिमिर ज़ेलेंस्की के बीच व्हाइट हाउस में मुलाकात हुई, जो अपेक्षाकृत शांतिपूर्ण बातचीत की जगह एक तीव्र बहस में बदल गई.
इस मुलाकात में शांति प्रयासों की जगह तकरार हावी रही, जिससे दोनों नेताओं के बीच विवाद बढ़ गया. हालांकि, इस दौरान अमेरिकी प्रशासन और यूक्रेन की सरकार ने शांति प्रक्रिया को लेकर अपने दृष्टिकोणों का आदान-प्रदान किया, लेकिन बहस इतनी तीव्र हो गई कि अंत में ट्रंप ने ज़ेलेंस्की को व्हाइट हाउस से बाहर भेज दिया. ट्रंप ने मुलाकात के दौरान यूक्रेन के राष्ट्रपति को सीधे धमकी दी और कहा, "आज से आपके बुरे दिन शुरू होते हैं."
वहीं, युद्ध के मैदान में रूस की सेना ने 48 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराने का दावा किया है. रूस के रक्षा मंत्रालय ने बताया कि उसने हाल ही में यूक्रेन की ओर से भेजे गए कई ड्रोन को नष्ट कर दिया है. इन हमलों में रूस के विभिन्न क्षेत्रों जैसे ओरियोल, कुर्स्क, ब्रांस्क, स्मोलेंस्क और क्रास्नोडार प्रभावित हुए हैं. पिछले दो दिनों में लगभग 70 यूक्रेनी ड्रोन नष्ट किए गए हैं.
यूक्रेन के 11 प्रतिशत भूभाग पर कब्जा
रूस-यूक्रेन युद्ध अब तीन साल का हो चुका है, और इस दौरान रूस ने यूक्रेन के 11 प्रतिशत भूभाग पर कब्जा कर लिया है. यूक्रेन के कमांडर-इन-चीफ, कर्नल जनरल ओलेक्सेंडर सिरस्की के अनुसार, 2024 तक युद्ध में रूस के 427,000 सैनिक मारे गए या घायल हुए हैं.
यह युद्ध अब भी लगातार जारी है, जिसमें दोनों पक्षों की भारी क्षति हो चुकी है और लाखों लोग विस्थापित हो चुके हैं. अंतरराष्ट्रीय समुदाय लगातार इस संघर्ष को समाप्त करने के लिए शांति की अपील कर रहा है, लेकिन युद्ध की स्थिति में कोई विशेष बदलाव देखने को नहीं मिल रहा है.
शांति की कोई ठोस संभावना नजर नहीं आ रही
यूक्रेन की योजना शांति समझौते के माध्यम से अपनी खोई हुई ज़मीन को फिर से प्राप्त करने की है, लेकिन यह प्रक्रिया अत्यंत कठिन साबित हो रही है, खासकर जब दोनों पक्षों के बीच संवाद की बजाय संघर्ष और तनाव बढ़ते जा रहे हैं.
इस बीच, ट्रंप और ज़ेलेंस्की के बीच व्हाइट हाउस में हुई मुलाकात ने स्थिति को और जटिल बना दिया, जहां शांति की कोई ठोस संभावना नजर नहीं आ रही.
ये भी पढ़ेंः 583 सड़कें बंद, 2263 ट्रांसफार्मर ठप, 22 गाड़ियां बहीं... हिमाचल में बर्फबारी ने बरपाया कहर