Weather: तेज हवाएं और बारिश का खतरा, तूफान जैसे हालात! IMD ने 13 राज्यों के लिए जारी किया अलर्ट

अप्रैल का महीना इस बार सामान्य गर्मी के बजाय बदलते मौसम के रंग दिखा रहा है. देश के कई हिस्सों में अचानक तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है.

Weather Update Danger of strong winds and rain IMD issued alert
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Weather: अप्रैल का महीना इस बार सामान्य गर्मी के बजाय बदलते मौसम के रंग दिखा रहा है. देश के कई हिस्सों में अचानक तेज हवाएं, गरज-चमक और बारिश ने मौसम का मिजाज पूरी तरह बदल दिया है. राजधानी दिल्ली से लेकर कोलकाता तक और पटना से भोपाल व जयपुर तक मौसम में तेजी से उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है. जहां एक ओर तापमान में गिरावट से लोगों को राहत मिली है, वहीं दूसरी ओर तेज हवाओं और बिजली गिरने का खतरा भी बढ़ गया है.

मौसम विभाग (IMD) ने 13 राज्यों के लिए अलर्ट जारी किया है, जो इस बात का संकेत है कि आने वाले दिन सामान्य नहीं रहने वाले हैं. विशेषज्ञों का कहना है कि यह कोई सीधा चक्रवाती तूफान नहीं है, लेकिन कई मौसमीय सिस्टम एक साथ सक्रिय होने से स्थिति जटिल हो गई है.

क्यों बदल रहा है मौसम? समझें पूरा सिस्टम

मौजूदा स्थिति के पीछे दो बड़े कारण बताए जा रहे हैं- पश्चिमी विक्षोभ और समुद्री नमी. उत्तर-पश्चिम से आ रहा पश्चिमी विक्षोभ लगातार सक्रिय है, जिससे उत्तर भारत में आंधी-बारिश और ओलावृष्टि हो रही है. वहीं बंगाल की खाड़ी से आने वाली नम हवाएं पूर्वी और मध्य भारत में नमी बढ़ा रही हैं.

इन दोनों सिस्टम के टकराव से वातावरण में अस्थिरता बढ़ गई है, जिसके कारण अचानक तेज हवाएं, बिजली चमकना और भारी बारिश जैसी घटनाएं बढ़ रही हैं. मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक 11 अप्रैल के आसपास एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे मौजूदा स्थिति और प्रभावी हो सकती है. अगले 3-4 दिन इसलिए बेहद अहम माने जा रहे हैं.

तेज हवाएं और बिजली गिरने का खतरा

लगातार हो रही आंधी और बारिश से तापमान में गिरावट आई है, लेकिन इसके साथ ही खतरे भी बढ़े हैं. कई इलाकों में बिजली गिरने की घटनाएं बढ़ी हैं और तेज हवाओं से पेड़ गिरने व नुकसान की आशंका बनी हुई है.

किसानों के लिए यह समय खास तौर पर चिंता का विषय है, क्योंकि खेतों में खड़ी फसलें इस मौसम की मार झेल रही हैं. ओलावृष्टि और तेज हवाएं रबी फसलों को नुकसान पहुंचा सकती हैं.

दिल्ली-NCR: फिर बदल सकता है मौसम

दिल्ली-NCR में हाल की बारिश से तापमान में गिरावट आई और वायु गुणवत्ता में भी सुधार दर्ज किया गया. हालांकि यह राहत ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी.

9 अप्रैल को मौसम अपेक्षाकृत साफ रह सकता है, लेकिन 10 और 11 अप्रैल को फिर से तेज हवाएं चलने की संभावना है. हवा की रफ्तार 30 किमी/घंटा तक पहुंच सकती है. अचानक बादल छाने, हल्की बारिश या तेज हवा चलने जैसी स्थिति कभी भी बन सकती है.

उत्तर प्रदेश: आंधी-बारिश और ओलावृष्टि का असर

उत्तर प्रदेश के कई जिलों में पिछले कुछ दिनों से तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि हो रही है. अलीगढ़, आगरा और मथुरा सहित कई क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 50 से 60 किमी/घंटा तक पहुंची है.

बिजली गिरने की घटनाओं में भी बढ़ोतरी हुई है, जिससे लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है. तापमान में 2 से 4 डिग्री तक गिरावट दर्ज हो सकती है, लेकिन यह राहत जोखिम के साथ आ रही है.

बिहार: अगले 72 घंटे बेहद अहम

बिहार में मौसम तेजी से बदल रहा है और अगले 72 घंटे महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं. दरभंगा, मुजफ्फरपुर और समस्तीपुर जैसे इलाकों में बारिश, तेज हवाओं और वज्रपात का खतरा बना हुआ है.

मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान घर में रहने की सलाह दी है. बंगाल की खाड़ी से आने वाली नमी और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से यहां मौसम अस्थिर बना हुआ है.

राजस्थान: गरज-चमक और आंधी का अलर्ट

राजस्थान में भी मौसम का असर साफ दिखाई दे रहा है. कोटा, जयपुर, बीकानेर और उदयपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश हो रही है.

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के लिए ओलावृष्टि और आंधी का अलर्ट जारी किया है. हालांकि 9 अप्रैल के बाद मौसम साफ हो सकता है, लेकिन इसके बाद तापमान तेजी से बढ़ने की संभावना है.

मध्य प्रदेश: साइक्लोनिक सर्कुलेशन का प्रभाव

मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और पश्चिमी विक्षोभ के संयुक्त असर से मौसम अस्थिर है. भोपाल, ग्वालियर, सागर और रीवा में तेज हवाओं और बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.

हवाएं 40 से 50 किमी/घंटा की रफ्तार से चल सकती हैं, जिससे पेड़ गिरने और बिजली आपूर्ति बाधित होने का खतरा है.

पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी

उत्तराखंड के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी की संभावना है. तेज हवाओं के कारण भूस्खलन का खतरा भी बढ़ गया है.

हिमाचल प्रदेश में भी 9 और 10 अप्रैल को मौसम खराब रहने का अनुमान है. शिमला, कांगड़ा और कुल्लू में बारिश और बर्फबारी हो सकती है. प्रशासन ने येलो अलर्ट जारी कर सतर्क रहने की सलाह दी है.

दक्षिण भारत: बारिश और समुद्री खतरा

दक्षिण भारत में तमिलनाडु, केरल, कर्नाटक और आंध्र प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण बारिश हो रही है. तटीय इलाकों में तेज हवाएं और ऊंची लहरों का खतरा बना हुआ है.

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है. कुछ क्षेत्रों में गर्मी और बारिश दोनों का असर एक साथ देखने को मिल रहा है.

पूर्वोत्तर भारत: भारी बारिश और तेज हवाएं

असम, मेघालय, सिक्किम और अरुणाचल प्रदेश में मौसम सबसे ज्यादा सक्रिय है. यहां भारी बारिश और 50 से 70 किमी/घंटा की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है.

कुछ इलाकों में ओलावृष्टि और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो सकती है. लगातार बारिश से बाढ़ और भूस्खलन का खतरा बढ़ गया है.

ये भी पढ़ें- Assembly Election 2026: असम-केरल-पुडुचेरी में वोटिंग शुरू, मैदान में 1900 उम्मीदवार, कैसी है तैयारी?