Yuzvendra Chahal Joins BJP: भारतीय क्रिकेट के चर्चित स्पिनर युजवेंद्र चहल अब क्रिकेट के साथ राजनीति की पिच पर भी नई पारी शुरू करने जा रहे हैं. शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उन्हें राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया. पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से घोषित नई टीम में चहल का नाम दिल्ली के प्रतिनिधि के तौर पर शामिल है. इस नियुक्ति के साथ ही चहल की राजनीतिक पारी की शुरुआत हो गई है.

OBC मोर्चा में स्पेशल इनवाइटी बनाए गए चहल
भाजपा की ओर से जारी नई सूची में युजवेंद्र चहल को राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है. इससे पहले चहल ने ओबीसी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद अमरपाल मौर्य से मुलाकात की थी. इसके बाद उनकी नियुक्ति की घोषणा हुई. चहल के अलावा ओडिशा के प्रो. अद्वैत चरण गणनायक और उत्तर प्रदेश की अधिवक्ता सीमा समृद्धि कुशवाहा को भी विशेष आमंत्रित सदस्य बनाया गया है.
क्या होता है स्पेशल इनवाइटी का पद?
राजनीतिक संगठनों में विशेष आमंत्रित सदस्य की भूमिका नियमित पदाधिकारी से अलग होती है. ऐसे सदस्यों को संगठन की कार्यकारिणी की बैठकों और अन्य गतिविधियों में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया जा सकता है. हालांकि, वे नियमित पदाधिकारी की तरह संगठन के रोजमर्रा के कामकाज की जिम्मेदारी संभालें, यह जरूरी नहीं है. चहल को इस भूमिका में कौन-कौन सी जिम्मेदारियां दी जाएंगी और उनका कार्यकाल कितना होगा, इस बारे में फिलहाल कोई विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है.
प्रथम श्रेणी क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं चहल
चहल अभी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास नहीं ले चुके हैं. उन्होंने अक्टूबर 2026 में प्रथम श्रेणी यानी रेड-बॉल क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की थी. हालांकि, उन्होंने वनडे और टी20 जैसे सीमित ओवरों के प्रारूप में खेलने की उपलब्धता बरकरार रखी है. चहल ने अगस्त 2023 के बाद भारतीय टीम के लिए कोई अंतरराष्ट्रीय मुकाबला नहीं खेला है.
अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट और IPL में ऐसा रहा प्रदर्शन
युजवेंद्र चहल ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में कुल 152 मुकाबले खेले हैं और 217 विकेट हासिल किए हैं. वहीं, इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी उनका प्रदर्शन प्रभावशाली रहा है. उन्होंने अपने आईपीएल करियर के 188 मैचों में 233 विकेट लिए हैं. भारतीय क्रिकेट में अपनी स्पिन गेंदबाजी से पहचान बनाने वाले चहल अब भाजपा के ओबीसी मोर्चा में नई भूमिका निभाते नजर आएंगे.
ये भी पढ़े-BJP के OBC मोर्चा की नई टीम का ऐलान, नितिन नवीन ने जारी की पदाधिकारियों की पूरी सूची