Kashi Tamil Sangamam: काशी और तमिलनाडु के बीच सदियों पुराने रिश्तों को नई पहचान देने के उद्देश्य से पांचवें काशी तमिल संगमम का शुभारंभ हो गया है. इस मौके पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी और तमिलनाडु की परंपराएं, संस्कृति और विरासत एक-दूसरे से गहराई से जुड़ी हैं. उन्होंने इस आयोजन को भारत की सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताते हुए कहा कि यह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को आगे बढ़ाने का माध्यम है.
संगम का मतलब सिर्फ मिलना नहीं, साथ आगे बढ़ना है
काशी तमिल संगमम के पांचवें संस्करण के उद्घाटन समारोह में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि काशी और तमिलनाडु के बीच सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संबंध कई सदियों पुराने हैं. इस आयोजन के जरिए दोनों क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे की भाषा, परंपराओं और विरासत को समझने का अवसर मिल रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि संगम का अर्थ केवल मिलना नहीं, बल्कि एक-दूसरे के साथ जुड़कर आगे बढ़ना भी है.
चार साल में काशी पहुंचे 26 करोड़ श्रद्धालु
मुख्यमंत्री ने काशी विश्वनाथ धाम का जिक्र करते हुए कहा कि कॉरिडोर के निर्माण के बाद वाराणसी में श्रद्धालुओं की संख्या में उल्लेखनीय बढ़ोतरी हुई है. उनके मुताबिक, पिछले चार वर्षों में करीब 26 करोड़ श्रद्धालु बाबा विश्वनाथ के दर्शन के लिए पहुंचे हैं. इस दौरान धार्मिक पर्यटन से लगभग डेढ़ लाख करोड़ रुपये की आर्थिक गतिविधियां पैदा हुई हैं. योगी ने कहा कि इससे स्थानीय कारोबार, रोजगार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिला है.
तमिल भाषा पूरे देश की सांस्कृतिक धरोहर
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि तमिल भाषा और उसकी समृद्ध साहित्यिक परंपरा केवल तमिलनाडु तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे भारत की साझा विरासत है. काशी तमिल संगमम अब सिर्फ एक सांस्कृतिक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय एकता और आपसी जुड़ाव का महत्वपूर्ण मंच बन रहा है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी कई मौकों पर तमिल भाषा और उसकी प्राचीन संस्कृति के महत्व को रेखांकित कर चुके हैं.
उपराष्ट्रपति ने भी की योगी आदित्यनाथ की तारीफ
कार्यक्रम में मौजूद उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन ने भी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सराहना की. उन्होंने उत्तर प्रदेश में हुए बदलावों का उल्लेख करते हुए योगी के नेतृत्व की तारीफ की. काशी तमिल संगमम का पांचवां संस्करण 28 नवंबर से 12 दिसंबर 2026 तक आयोजित किया जा रहा है. इस बार आयोजन की मुख्य थीम ‘तिरुक्कुरल पयिलोम – तिरुक्कुरल अभ्यास करें’ है, जिसके जरिए तमिल के प्राचीन ग्रंथ तिरुक्कुरल की शिक्षाओं को देशभर के विद्यार्थियों और युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढ़ें- UPPSC New Chairman: IPS आलोक सिंह बने यूपीपीएससी के नए अध्यक्ष, 2029 तक संभालेंगे कमान