Dhanteras 2026: दिवाली से पहले धनतेरस को खरीदारी के लिए खास दिन माना जाता है. इस दिन लोग सोना, चांदी और नए बर्तन खरीदते हैं. धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, धनतेरस पर नई चीजें घर लाने से सुख-समृद्धि आती है. साल 2026 में धनतेरस 6 नवंबर और दिवाली 8 नवंबर को मनाई जाएगी. अगर आप भी इन दिनों सोना, चांदी, बर्तन, झाड़ू, वाहन या इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने की सोच रहे हैं, तो जानिए किस दिन कौन-सी चीज खरीदना शुभ माना जाता है.
धनतेरस पर क्या खरीदना चाहिए?
सोना-चांदी: धनतेरस पर सोने के गहने, चांदी के सिक्के और चांदी के बर्तन खरीदने की परंपरा है. अगर आप ज्यादा खर्च नहीं करना चाहते, तो अपनी क्षमता के अनुसार चांदी की कोई छोटी चीज भी खरीद सकते हैं.
बर्तन: इस दिन पीतल, तांबे और स्टील के बर्तन खरीदना भी शुभ माना जाता है. मान्यता है कि नए बर्तन घर में बरकत और खुशहाली का प्रतीक होते हैं.
झाड़ू: धनतेरस पर झाड़ू खरीदने की भी खास परंपरा है. धार्मिक मान्यताओं में झाड़ू को मां लक्ष्मी से जोड़ा जाता है. इसे घर लाना दरिद्रता दूर होने और सुख-समृद्धि आने का संकेत माना जाता है.
धनिया और कौड़ी: कई परिवार धनतेरस पर साबुत धनिया और पीली कौड़ियां भी खरीदते हैं. इन्हें धन और खुशहाली से जोड़कर देखा जाता है.
वाहन और इलेक्ट्रॉनिक सामान: आजकल धनतेरस पर कार, बाइक, मोबाइल, टीवी और दूसरे इलेक्ट्रॉनिक सामान खरीदने का चलन भी बढ़ा है. लोग इस दिन नई चीजें खरीदकर शुभ शुरुआत करना पसंद करते हैं.
छोटी दिवाली पर क्या खरीदें?
छोटी दिवाली को नरक चतुर्दशी भी कहा जाता है. इस दिन घर की सजावट और त्योहार की तैयारियों से जुड़ी चीजें खरीदना अच्छा माना जाता है.
मिट्टी के दीपक: छोटी दिवाली पर मिट्टी के दीये खरीदने की परंपरा है. इनसे घर और आंगन को रोशन किया जाता है.
सजावट का सामान: इस दिन रंगोली के रंग, फूलों की माला, तोरण और घर सजाने के लिए दूसरी चीजें खरीद सकते हैं.
नए कपड़े: दिवाली पर नए कपड़े पहनने की परंपरा है. ऐसे में छोटी दिवाली पर अपने और परिवार के लिए कपड़े खरीदना भी एक विकल्प हो सकता है.
दिवाली पर क्या खरीदना शुभ माना जाता है?
दिवाली का त्योहार मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा के लिए खास होता है. इस दिन लोग घर में सुख-शांति और समृद्धि की कामना करते हैं. पूजा के लिए कुछ खास चीजें खरीदने की भी परंपरा है.
मां लक्ष्मी और गणेश की मूर्ति: दिवाली पर पूजा के लिए मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की नई मूर्ति खरीदना शुभ माना जाता है. मान्यता है कि दोनों की पूजा करने से घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है.
पूजा की थाली और कलश: दिवाली की पूजा के लिए नई थाली, कलश और अन्य पूजन सामग्री भी खरीदी जा सकती है.
दीपक और मोमबत्तियां: रोशनी के त्योहार दिवाली पर मिट्टी के दीये, सजावटी दीपक और मोमबत्तियां खरीदकर घर को सजाया जाता है.
सोने-चांदी के सिक्के: कुछ परिवार दिवाली के दिन भी सोने और चांदी के सिक्के खरीदते हैं. इन्हें मां लक्ष्मी की पूजा में शामिल करने की परंपरा है.
Disclaimer: इस खबर में दी गई जानकारी धार्मिक मान्यताओं और सामान्य जानकारियों पर आधारित है. Bharat 24 इसकी पुष्टि नहीं करता है.