Bangladesh Violence: बांग्लादेश की राजधानी ढाका में एक बार फिर हिंसा की घटनाएं बढ़ने लगी हैं. 8 और 9 नवंबर को राजधानी के कई इलाकों में बम धमाके और आगजनी की घटनाएं सामने आई हैं. इस बीच, पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के वकीलों ने भारत में उनके नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र (NID) के लिए आवेदन किया है. हसीना ने दिसंबर में बांग्लादेश लौटने की बात कही है. ऐसे में उनकी संभावित वापसी से पहले ही देश में राजनीतिक माहौल गरमा गया है.
एक ही रात में 15 से 20 जगह धमाके और आगजनी
ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (DMP) के डिप्टी कमिश्नर मोहम्मद अख्तर हुसैन के मुताबिक, 8 नवंबर की शाम से देर रात तक राजधानी के करीब 10 इलाकों में 15 से 20 घटनाएं हुईं. इनमें देसी बम फेंकने और वाहनों में आग लगाने की घटनाएं शामिल हैं.
ढाका यूनिवर्सिटी परिसर में भी देसी बम धमाके की 6 घटनाएं हुईं. ये धमाके नीलखेत चौराहे, यूनिवर्सिटी के मुख्य गेट, सीनेट बिल्डिंग, इंस्टीट्यूट ऑफ मॉडर्न लैंग्वेजेज, TSC के पास मेट्रो स्टेशन और सुफिया कमाल हॉल के बाहर हुए. पुलिस ने इन मामलों में 3 लोगों को हिरासत में लिया है.
पुलिस के आंकड़ों के अनुसार, 1 अक्टूबर से 8 नवंबर के बीच पूरे देश में देसी बम धमाके की 31 और वाहनों में आग लगाने की 14 घटनाएं दर्ज की गईं. इन घटनाओं में 2 लोग घायल हुए, जबकि 51 लोगों को गिरफ्तार किया गया.
पुलिस का दावा- पैसे देकर कराए जा रहे हमले
पुलिस को शक है कि इन घटनाओं के पीछे शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग और उससे जुड़े संगठनों के लोग हो सकते हैं. हालांकि, अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी शुरुआती चरण में है.
डिप्टी कमिश्नर अख्तर हुसैन के मुताबिक, जांच में ऐसे संकेत मिले हैं कि कुछ लोगों को पैसे देकर इन हमलों को अंजाम देने के लिए तैयार किया गया था.
वहीं, अवामी लीग ने पुलिस के आरोपों को गलत बताया है. पार्टी के प्रवक्ता मोहम्मद अली आराफात का कहना है कि विरोधी गुट जानबूझकर ऐसे हमले करवा रहे हैं, ताकि पार्टी को बदनाम किया जा सके और इन घटनाओं का आरोप उस पर लगाया जा सके.
सरकारी इमारतों की सुरक्षा बढ़ाई गई
लगातार हो रही घटनाओं को देखते हुए बांग्लादेश पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है. खुफिया निगरानी बढ़ाने के साथ ही महत्वपूर्ण सरकारी इमारतों और संवेदनशील स्थानों पर भी सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं.
ढाका यूनिवर्सिटी के इंस्टीट्यूट ऑफ एजुकेशन एंड रिसर्च के प्रोफेसर मोहम्मद मुजीबुर रहमान ने कहा कि देश में बनी राजनीतिक स्थिरता को बिगड़ने से बचाना जरूरी है. सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए, जिससे कोई भी राजनीतिक दल मौजूदा हालात का फायदा उठाकर हिंसा या टकराव को बढ़ावा न दे सके.
2024 में देश छोड़कर भारत आई थीं शेख हसीना
बांग्लादेश में जून 2024 में सरकारी नौकरियों में आरक्षण के खिलाफ छात्र आंदोलन शुरू हुआ था. उस समय हाईकोर्ट ने 1971 के मुक्ति संग्राम में शामिल स्वतंत्रता सेनानियों के बच्चों और पोते-पोतियों को सरकारी नौकरियों में 30 प्रतिशत आरक्षण देने का फैसला सुनाया था.
छात्रों ने इस फैसले का विरोध करते हुए मांग की थी कि सरकारी नौकरियों में भर्ती आरक्षण के बजाय योग्यता के आधार पर होनी चाहिए. जुलाई में आंदोलन ने हिंसक रूप ले लिया और पुलिस तथा प्रदर्शनकारियों के बीच कई जगह झड़पें हुईं. इस दौरान पुलिस पर प्रदर्शनकारियों के खिलाफ गोली चलाने और जरूरत से ज्यादा बल प्रयोग करने के आरोप लगे.
धीरे-धीरे आंदोलन तेज होता गया और प्रदर्शनकारियों ने शेख हसीना के इस्तीफे की मांग शुरू कर दी. 5 अगस्त 2024 को हजारों प्रदर्शनकारी ढाका में उनके सरकारी आवास तक पहुंच गए. इसके बाद शेख हसीना सैन्य विमान से भारत आ गईं. तब से वह भारत में रह रही हैं. अब दिसंबर में उनकी संभावित वापसी की चर्चा के बीच बांग्लादेश में राजनीतिक तनाव फिर बढ़ता दिखाई दे रहा है.