शामली, भारत 24 डिजिटल डेस्क: देशभर में अचानक हार्ट अटैक से मौत की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही है. कभी डांस करते, कभी चलते हुए, जीम करते हुए तो कभी लोगों को खड़े-खड़े ही हार्ट अटैक आ जा रहा है. अब एक मामला उत्तर प्रदेश के शामली से सामने आया है. यहां क्रिकेट खेलने गए युवक की मौत हो गई. जिस समय उसको हार्ट अटैक आया वो बॉलिंग (Bowler Died Heart Attack) कर रहा था. मृतक युवक की पहचान कुलदीप के रूप में हुई है.
बॉलिंग करते हुए आया हार्ट अटैक
मिली जानकारी के मुताबिक, शामली के मोहल्ला विवेक विहार निवासी सर्राफा व्यापारी सुखमाल वर्मा का 26 साल का बेटा कुलदीप वर्मा शनिवार सुबह आठ बजे अपने दोस्तों के साथ माजरा रोड स्थित वीवी पीजी कॉलेज के मैदान पर क्रिकेट खेलने गया था. इस दौरान जब कुलदीप गेंद फेंकने के लिए दौड़ा तो जमीन पर गिर गया. फिर उसके साथियों ने उसे हिलाया और उठाने की कोशिश की, उसके चेहरे पर पानी के छींटे भी मारे, लेकिन शरीर में कोई हलचल नहीं हुई.
डॉक्टर ने मृत घोषित किया
इसके बाद कुलदीप को गंगा अमृत अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया. डॉक्टरों का मानना है कि कुलदीप की मौत हृदय गति रुकने से हुई है. बता दें कि मृतक कुलदीप अपने घर में तीन बहनों का इकलौता भाई था. तीन साल पहले ही उसकी शादी हुई थी और उसकी 13 महीने की बेटी भी है. बेटे की मौत के बाद से घर में मातम धाया हुआ है वहीं परिजनों ने शव का बिना पोस्टमार्टम कराए अंतिम संस्कार कर दिया.