अमेरिका की सेना में तैनात एक सैनिक ने पैसों के लालच में अपने ही देश की गोपनीय सैन्य जानकारी चीन से जुड़े लोगों तक पहुंचा दी. वह सेना के सीक्रेट दस्तावेजों की तस्वीरें अपने मोबाइल फोन से खींचता था और फिर उन्हें आगे भेज देता था. इन दस्तावेजों में मिसाइल, रॉकेट सिस्टम, सैन्य ऑपरेशन और कम्युनिकेशन नेटवर्क से जुड़ी अहम जानकारियां शामिल थीं.
उसकी यह हरकत सेना के CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गई. जांच में सबूत मिलने के बाद आरोपी ने अपना जुर्म भी कबूल कर लिया है. आरोपी की पहचान 37 साल के जियान झाओ के रूप में हुई है. वह वॉशिंगटन स्थित जॉइंट बेस लुईस-मैककॉर्ड में तैनात था. सेना में काम करने के कारण उसे कई गोपनीय दस्तावेजों और सैन्य उपकरणों तक पहुंच मिली हुई थी, जिसका उसने गलत इस्तेमाल किया.
सीक्रेट जानकारी देने के बदले मिलते थे हजारों डॉलर
जांच एजेंसियों के मुताबिक, जियान झाओ अपने निजी मोबाइल फोन से सेना के गोपनीय दस्तावेजों की तस्वीरें खींचता था. इन दस्तावेजों में सैन्य अभियानों, कम्युनिकेशन नेटवर्क, सैन्य अभ्यास और रॉकेट-मिसाइल सिस्टम से जुड़ी जानकारी मौजूद थी.
उसने रॉकेट सिस्टम से संबंधित तकनीकी किताबों के कुछ हिस्से भी चीन से जुड़े लोगों को दिए थे. इतना ही नहीं, उसने सेना के कंप्यूटर और सरकारी हार्ड ड्राइव बेचने की पेशकश भी की थी. जांच में सामने आया कि इस काम के बदले उसे हजारों डॉलर का भुगतान किया गया था. बताया गया है कि इस साजिश से उसे करीब 17 लाख रुपये मिले.
पूर्व अमेरिकी सैनिक ने भी तैयार की थी साजिश
अमेरिकी जांच एजेंसियों के अनुसार, यह पूरा मामला 2021 के आखिर में शुरू हुआ था. इसमें रूयो डुआन नाम का एक पूर्व अमेरिकी सैनिक भी शामिल था, जो ओरेगन में रहता था.
जांच के मुताबिक, डुआन ने जियान झाओ और सेना में काम करने वाले दूसरे सैनिकों को गोपनीय जानकारी देने के लिए तैयार किया था. वह चीन से जुड़े लोगों तक सैन्य जानकारी पहुंचाने और इसके बदले सैनिकों को पैसे दिलाने का इंतजाम करता था. इस मामले में डुआन भी अपना जुर्म कबूल कर चुका है.
CCTV फुटेज में पकड़ी गई करतूत, घर से मिले 30 हजार डॉलर
जियान झाओ की गतिविधियों पर शक होने के बाद जांच एजेंसियों ने सेना के CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली. इसमें वह गोपनीय दस्तावेजों की तस्वीरें खींचता हुआ दिखाई दिया. इसके बाद 6 मार्च 2025 को उसे वॉशिंगटन के लेसी शहर स्थित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया.
जांच के दौरान उसके घर की तलाशी ली गई, जिसमें करीब 30 हजार डॉलर यानी लगभग 27 लाख रुपये नकद मिले. इसके अलावा इलेक्ट्रॉनिक सामान और सेना की कई हार्ड ड्राइव भी बरामद की गईं. जांच में यह भी सामने आया कि उसने गोपनीय सैन्य जानकारी देकर करीब 17 लाख रुपये कमाए थे.
अमेरिकी अधिकारियों ने बताया देश की सुरक्षा के लिए खतरा
अमेरिकी अधिकारियों ने इस मामले को देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताया है. उनका कहना है कि जियान झाओ ने सेना में मिली अपनी जिम्मेदारी का गलत फायदा उठाया और पैसों के लिए गोपनीय जानकारी दूसरे लोगों तक पहुंचाई.
सेना के काउंटर इंटेलिजेंस कमांड के प्रमुख ब्रिगेडियर जनरल सीन स्टिंचन ने कहा कि झाओ ने सेना के साथ ली गई शपथ और अपने साथियों के भरोसे को तोड़ा है. उसकी इस हरकत से अमेरिकी सैनिकों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती थी.
वहीं, FBI अधिकारी डग ओल्सन ने कहा कि निजी फायदे के लिए देश की गोपनीय सैन्य जानकारी साझा करना अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा है.
10 साल तक की हो सकती है जेल
इस मामले में जियान झाओ को अधिकतम 10 साल की जेल हो सकती है. इसके अलावा उस पर 2.5 लाख डॉलर तक का जुर्माना भी लगाया जा सकता है. जेल से रिहा होने के बाद तीन साल तक उसकी निगरानी रखे जाने का भी प्रावधान है.
इस मामले में अदालत 1 मार्च 2027 को सजा का ऐलान करेगी.