राजस्थान के श्रीगंगानगर में रेलवे ट्रैक पर संदिग्ध धमाके से हड़कंप मच गया. अनूपगढ़-सूरतगढ़ रेल मार्ग पर श्रीविजयनगर क्षेत्र के 50 जीबी गांव के पास मंगलवार रात करीब 9:45 बजे जोरदार विस्फोट हुआ. धमाके से रेलवे ट्रैक के नीचे लगे दो सीमेंट स्लीपर पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और पटरी के बीच करीब 2 फीट गहरा गड्ढा बन गया.
राहत की बात यह रही कि धमाके से करीब 45 मिनट पहले इस रूट से पैसेंजर ट्रेन गुजर चुकी थी. घटना के बाद पुलिस, IB, CID और ATS की टीमें मौके पर पहुंचीं. रेलवे ट्रैक की सुरक्षा को देखते हुए बुधवार सुबह 9 बजे तक इस रूट पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया.