नई दिल्ली, भारत 24 डिजिटल डेस्क: अयोध्या में भव्य राम मंदिर में रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा पूरी हो गई है. वहां से लौटते ही प्रधानमंत्री मोजी ने बड़ा ऐलान कर दिया है. देश के एक करोड़ घरों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाने के लक्ष्य के साथ मोदी सरकार 'प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना' (Pradhanmantri Suryoday Yojana) की शुरुआत करने जा रही है. पीएम मोदी ने खुद इस फैसले की जानकारी दी है.
एक करोड़ घरों पर लगाए जाएंगे सोलर पैनल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने X पर इसकी घोषणा करते हुए लिखा- 'सूर्यवंशी भगवान श्री राम के आलोक से विश्व के सभी भक्तगण सदैव ऊर्जा प्राप्त करते हैं. मेरा ये संकल्प और प्रशस्त हुआ कि भारतवासियों के घर की छत पर उनका अपना सोलर रूफ टॉप सिस्टम हो. अयोध्या से लौटने के बाद मैंने पहला निर्णय लिया है कि हमारी सरकार 1 करोड़ घरों पर रूफटॉप सोलर लगाने के लक्ष्य के साथ प्रधानमंत्री सूर्योदय योजना प्रारंभ करेगी.'
किन लोगों को मिलेगी मदद
मोदी सरकार इस योजना के तहत आर्थिक रूप से कमजोर लोगों की मदद कर रही है. उन लोगों के घर पर रूफटॉप सोलर इंस्टॉल किए जाएंगे. इससे उनकी खुद की बिजली की जरूरत तो पूरी होगी ही, साथ ही एक्सट्रा इलेक्ट्रिसिटी बेचकर वह लोग कमाई भी कर सकते हैं. पीएम ने योजना को लेकर हुए बैठक में कहा कि सूर्य की ऊर्जा का उपयोग छत वाले प्रत्येक घर द्वारा अपने बिजली के बिल को कम करने के लिए किया जा सकता है.