चंडीगढ़, भारत 25 डिजिटल डेस्क: मनोहर लाल सरकार (Manohar Lal Government) युवाओं को नशे से दूर करने के लिए कई अभियान चलाती रहती है. प्रदेश से नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने के लिए हरियाणा पुलिस से एक नई पहल शुरू की है. जिसके तहत गावों में खेल प्रतिस्पर्धाएं आयोजित की गई. इससे बड़ी संख्या में युवा जुड़ते नजर आए और अपनी भागीदारी सुनिश्चित की. विभाग द्वारा पानीपत जिला में युवा खेल महोत्सव (Youth Sports Festival) का आयोजन किया गया जिसमें 2200 से अधिक युवा शामिल हुए.
इस जिलों में भी हुई खेल गतिविधियां
पानीपत की ही तरह अन्य जिले- हिसार, भिवानी, दादरी, सिरसा, डबवाली, नारनौल, रेवाड़ी, नूंह, पलवल, झज्जर, सोनीपत, पानीपत, करनाल और कुरुक्षेत्र में भी खेल गतिविधियां आयोजित करवाई जा रही हैं. पुलिस विभाग के एसपीओ, पुलिसकर्मियों तथा खिलाड़ियों द्वारा सुबह व शाम को अधिक से अधिक युवाओं को स्टेडियम में आने के लिए प्रेरित किया जा रहा है. इस दौरान ऐसे खिलाड़ियों की टीम तैयार की जा रही है जो जिला स्तरीय तथा प्रदेश स्तरीय प्रतियोगिताओं में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर सकें.
देश का भविष्य हैं युवा
पुलिस महानिदेशक शत्रुजीत कपूर ने कहा कि 'युवा देश का भविष्य है, ऐसे में जरूरी है कि उनकी ऊर्जा का सही दिशा में इस्तेमाल किया जाए. उन्होंने कहा कि खेलों के माध्यम से प्रदेश के युवाओं को नशामुक्ति अभियान से भी जोड़ा जा रहा है ताकि वे नशे से दूर रहें और अन्य लोगों को भी प्रेरित करें.' बता दें कि सीएम मनोहर भी आए दिन युवाओं के साथ संवाद करते रहते हैं और उन्हें जीवन में सफल होने का मंत्र देते हैं.