'चिनाब ब्रिज से लेकर एक्सप्रेस-वे तक', दीपावली मिलन में पीएम मोदी बोले- जो लक्ष्य रखा, उसे पूरा किया

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने देश के विकास, सरकार की योजनाओं और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर अपनी बात रखी.

PM Modi says at Diwali Milan Whatever targets were set we have achieved them
Image Source: Social Media

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह में मीडिया से बातचीत की. इस दौरान उन्होंने देश के विकास, सरकार की योजनाओं और 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य पर अपनी बात रखी. पीएम मोदी ने चिनाब नदी पर बने सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज, उज्ज्वला योजना, रेल और हाई स्पीड एक्सप्रेस-वे जैसे प्रोजेक्ट का जिक्र करते हुए कहा कि सरकार ने जो लक्ष्य तय किए, उन्हें पूरा करने का प्रयास किया है. साथ ही उन्होंने मीडिया से भारत की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की.

2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य

प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में डेडलाइन का जिक्र करते हुए कहा कि मीडिया की दुनिया में हर काम एक तय समय के भीतर पूरा करना होता है. अखबार छापने से लेकर किसी खबर को प्रसारित करने तक, हर जगह समय की अहमियत है. इसी तरह आज देश भी एक तय लक्ष्य के साथ आगे बढ़ रहा है. यह लक्ष्य 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाना है.

उन्होंने कहा कि आजादी के समय से ही देश को विकसित बनाने का सपना देखा जाता रहा है, लेकिन अब इस सपने को पूरा करने के लिए एक तारीख भी तय है. आजादी के 100 साल पूरे होने से पहले भारत को विकसित देश बनाने के लिए सभी को मिलकर काम करना होगा.

चिनाब ब्रिज और उज्ज्वला योजना का किया जिक्र

पीएम मोदी ने सरकार के विकास कार्यों की चर्चा करते हुए चिनाब नदी पर बने सबसे ऊंचे रेलवे ब्रिज, उज्ज्वला गैस योजना, रेलवे और हाई स्पीड एक्सप्रेस-वे जैसे प्रोजेक्ट का नाम लिया. उन्होंने कहा कि सरकार ने जो लक्ष्य तय किए थे, उन्हें पूरा किया है. देश में लगातार विकास के काम हो रहे हैं और इसी तरह छोटे-बड़े लक्ष्य हासिल करके विकसित भारत का सपना पूरा किया जा सकता है.

90 के दशक में फैक्स मशीन से भेजी जाती थी प्रेस रिलीज

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में 90 के दशक के अनुभव भी साझा किए. उन्होंने बताया कि उस समय उन्हें देशभर में दो बड़ी यात्राओं की व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी मिली थी. वह दौर ऐसा था, जब प्रेस रिलीज भेजने के लिए भी फैक्स मशीन ढूंढनी पड़ती थी.

पीएम मोदी ने कहा कि मीडिया के साथ उनका काफी पुराना जुड़ाव रहा है. उन्होंने प्रेस रिलीज के दौर से लेकर आज के सोशल मीडिया और इंस्टा रील तक मीडिया में आए बदलावों को करीब से देखा है.

जब पत्रकारों की टोली पीएम मोदी के कमरे में पहुंच गई

पीएम मोदी ने 11 अशोका रोड से जुड़ा एक पुराना किस्सा भी सुनाया. उन्होंने बताया कि उस समय वह वहां एक कमरे में रहते थे. एक दिन अचानक पत्रकारों का पूरा समूह उनके कमरे में पहुंच गया. उस दौरान महिला पत्रकारों का एक समूह भी था, जिसने उनसे मिठाई खिलाने को कहा.

जब उन्होंने इसकी वजह पूछी तो पत्रकारों ने बताया कि वह गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं. पीएम मोदी ने कहा कि उस समय यह बात बहुत कम लोगों को पता थी, लेकिन पत्रकारों को इसकी जानकारी मिल गई थी. बाद में उनकी यह बात सही साबित हुई.

सरकार की जिम्मेदारी संभालते हुए पूरे हुए 25 साल

प्रधानमंत्री ने कहा कि मीडिया में रिपोर्टर से एडिटर बनने पर जिम्मेदारियां बदल जाती हैं. इसी तरह सरकार में आने के बाद उनकी भूमिका और जिम्मेदारियों में भी बदलाव आया. उन्होंने बताया कि पिछले महीने उन्हें सरकार के प्रमुख के तौर पर 25 साल पूरे हुए हैं.

पीएम मोदी ने कहा कि इन 25 वर्षों में देश, दुनिया और राजनीति में काफी बदलाव आया है. तकनीक के विकास ने मीडिया का काम करने का तरीका भी बदल दिया है. इससे मीडिया संस्थानों के लिए कुछ काम आसान हुए हैं, लेकिन नई चुनौतियां भी सामने आई हैं.

विकसित भारत के लिए छोटे लक्ष्य पूरे करना जरूरी

पीएम मोदी ने कहा कि 2047 की डेडलाइन का मतलब यह नहीं है कि देश को तब तक इंतजार करना चाहिए. उन्होंने आजादी के आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्ण स्वराज का लक्ष्य एक-दो दिन में हासिल नहीं हुआ था. इसके लिए समय-समय पर छोटे लक्ष्य तय किए गए और उन्हें पूरा किया गया. इससे लोगों का भरोसा मजबूत हुआ और पूरा देश आजादी के संकल्प के साथ खड़ा हो गया.

उन्होंने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य भी देश के इसी विश्वास से पूरा होगा. इसके लिए हमें लगातार छोटे और बड़े लक्ष्य हासिल करने होंगे.

मीडिया से भारत की सफलताओं को दिखाने की अपील

प्रधानमंत्री ने कहा कि वह अपने 'मन की बात' कार्यक्रम के जरिए लगातार देश की उपलब्धियों और आम लोगों की सफलताओं को सामने लाने की कोशिश करते हैं. उन्होंने मीडिया से भी आग्रह किया कि भारत की सफलता से जुड़ी खबरों और कहानियों को जगह दें और उन्हें आगे बढ़ाएं.

पीएम मोदी के मुताबिक, देश की उपलब्धियों को लोगों तक पहुंचाना मीडिया की ओर से देशसेवा का एक बड़ा काम होगा.

बीजेपी मुख्यालय में हुआ दीपावली मिलन समारोह

बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने नई दिल्ली स्थित पार्टी के केंद्रीय कार्यालय में दीपावली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इस कार्यक्रम में शामिल हुए और मीडिया को संबोधित किया. इस मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा भी मौजूद रहे.

ये भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर में लापता हुए 2 SPO के शव मिले, शरीर गोलियों से छलनी, आतंकी हमले के बाद से थे गायब