Swachh Sarvekshan 2026: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने बुधवार को स्वच्छ सर्वेक्षण 2025 के विजेता शहरों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया. इस साल सबसे स्वच्छ शहरों की सूची में नवी मुंबई ने पहला स्थान हासिल किया है. वहीं, सूरत दूसरे और आंध्र प्रदेश का विजयवाड़ा तीसरे नंबर पर रहा. इस बार की रैंकिंग में कई दूसरे शहरों ने भी अपनी जगह बनाई है. वहीं, दिल्ली की रैंकिंग को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बनी हुई है.
इस साल की 'सुपर स्वच्छ लीग' में नवी मुंबई ने बाजी मारी. पिछले सर्वेक्षण में इंदौर इस श्रेणी में पहले स्थान पर था, जबकि सूरत दूसरे और नवी मुंबई तीसरे नंबर पर रहा था. इस बार जयपुर और ग्वालियर को भी सबसे स्वच्छ शहरों के रूप में सम्मानित किया गया.
नई दिल्ली को मिला दूसरा स्थान
नई दिल्ली नगरपालिका परिषद (NDMC) ने भी स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 में शानदार प्रदर्शन किया है. 50 हजार से 3 लाख तक की आबादी वाले शहरी निकायों की श्रेणी में NDMC को देश का दूसरा सबसे स्वच्छ शहर चुना गया है. बुधवार को विज्ञान भवन में आयोजित कार्यक्रम में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने NDMC को यह पुरस्कार दिया.
NDMC अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी और उपाध्यक्ष कुलजीत सिंह चहल ने राष्ट्रपति से सम्मान प्राप्त किया. परिषद ने लगातार तीन वर्षों तक बेहतर प्रदर्शन किया है. इसी के चलते उसे सुपर स्वच्छ लीग में जगह मिली है. कचरा प्रबंधन, साफ-सफाई और लोगों की भागीदारी बढ़ाने के प्रयासों ने इस उपलब्धि में अहम भूमिका निभाई है.
मेंटर सिटी की श्रेणी में अहमदाबाद पहले नंबर पर
स्वच्छ सर्वेक्षण में मेंटर सिटी की श्रेणी में अहमदाबाद ने पहला स्थान हासिल किया. इंदौर दूसरे और तिरुपति तीसरे नंबर पर रहे. वहीं, स्वच्छ सिटी पेयर पहल के तहत साणंद, देपालपुर और कुप्पम को क्रमशः अहमदाबाद, इंदौर और तिरुपति के साथ जोड़ा गया है. इन शहरों को स्वच्छता के काम में बेहतर बनाने के लिए मार्गदर्शन दिया जाएगा.
देश के 4751 से ज्यादा शहरों का हुआ सर्वे
स्वच्छ सर्वेक्षण का यह 10वां संस्करण था. इसमें देशभर के 4751 से अधिक शहरों का मूल्यांकन किया गया. आवास और शहरी मामलों के मंत्रालय की ओर से कराए गए इस सर्वेक्षण की थीम 'स्वच्छता के लिए नई पहल- साथ मिलकर स्वच्छता लाएं' रखी गई थी. इसमें शहरों की सफाई, कचरा प्रबंधन और स्वच्छता से जुड़े कामों का आकलन किया गया.
अलग-अलग श्रेणियों में इन शहरों ने मारी बाजी
स्वच्छ सर्वेक्षण में तटीय, पहाड़ी और नदी किनारे बसे शहरों के लिए भी अलग-अलग श्रेणियां बनाई गई थीं. स्वच्छ तटीय शहरों में ओडिशा का पुरी पहले, केरल का अलाप्पुझा दूसरे और महाराष्ट्र का रत्नागिरी तीसरे स्थान पर रहा.
वहीं, स्वच्छ पर्वतीय शहरों की श्रेणी में जम्मू, उत्तराखंड का रुद्रपुर और जम्मू-कश्मीर का शोपियां शामिल रहे. नदी किनारे बसे सबसे स्वच्छ शहरों में मध्य प्रदेश का रीवा, छत्तीसगढ़ का बिलासपुर और उत्तर प्रदेश का वाराणसी शामिल हैं.
इसके अलावा स्वच्छ वायु सर्वेक्षण में भी दिल्ली ने प्रदूषण नियंत्रण के प्रयासों के दम पर श्रीनगर और बेंगलुरु जैसे शहरों से बेहतर स्थान हासिल किया.
ये भी पढ़ें- किसानों से कारोबारियों तक को मोदी सरकार का तोहफा, कैबिनेट ने 77,000 करोड़ के प्रस्तावों पर लगाई मुहर