Kulgam CRPF Attack: जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में आतंकवादियों ने एक बार फिर सुरक्षा बलों को निशाना बनाया है. बुधवार दोपहर मीर बाजार के पास अखरान इलाके के नौपोरा में बाइक सवार दो आतंकियों ने CRPF के नाके पर अचानक फायरिंग शुरू कर दी. इस हमले में तीन CRPF जवान घायल हो गए. इनमें एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि दो अन्य की स्थिति खतरे से बाहर है. वारदात के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और फरार आतंकियों की तलाश में सुरक्षा बलों का अभियान जारी है.
36 सेकंड में करीब 50 राउंड फायरिंग
अधिकारियों के मुताबिक, हमला बुधवार दोपहर करीब 2:06 बजे हुआ. उस समय CRPF के चार जवान नाके पर तैनात थे. तभी बाइक पर सवार होकर आए दो आतंकियों ने उन पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं. शुरुआती गोली दोपहर 2 बजकर 6 मिनट और 1 सेकंड पर चली. बाइक के पीछे बैठे आतंकी ने महज 6 सेकंड में जवानों पर 18 राउंड फायर किए. पूरी घटना के दौरान करीब 36 सेकंड में दोनों तरफ से लगभग 50 गोलियां चलाई गईं. आतंकियों ने अपनी AK-47 की मैगजीन में मौजूद सभी 30 गोलियां भी दाग दीं.
तीन CRPF जवान घायल, एक की हालत गंभीर
इस हमले में CRPF की 46वीं बटालियन के तीन जवानों को गोली लगी है. इनमें सिपाही संतोष चंद्रू के पेट और रीढ़ की हड्डी में गोली लगी है. उनकी हालत गंभीर बनी हुई है. वहीं, सिपाही राकेश दास के पैर और हवलदार सोमवीर सिंह के बाएं हाथ में गोली लगी है. राकेश दास असम और सोमवीर सिंह मध्य प्रदेश के रहने वाले हैं. दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई गई है.
CCTV कैमरों में कैद हुए आतंकी
फायरिंग करने के बाद दोनों आतंकी बाइक से मौके से फरार हो गए. हालांकि, इलाके में लगे CCTV कैमरों में उनकी गतिविधियां कैद हो गई हैं. आतंकियों ने अपने चेहरे ढक रखे थे. जांच से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, दोनों कई जगहों पर लगे कैमरों में दिखाई दिए हैं. हमले में इस्तेमाल की गई बाइक भी कुलगाम की होने की आशंका है.
जिस तरह से आतंकियों ने इस वारदात को अंजाम दिया, उससे माना जा रहा है कि उन्हें इलाके की अच्छी जानकारी थी. घटना की सूचना मिलते ही जम्मू-कश्मीर पुलिस, CRPF और दूसरी सुरक्षा एजेंसियों के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे. NIA की टीम भी जांच के लिए घटनास्थल पर पहुंची है. फिलहाल आतंकियों की तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है.
2 साल 3 महीने बाद CRPF पर सीधा हमला
जम्मू-कश्मीर में CRPF पर इस तरह का सीधा हमला करीब दो साल तीन महीने बाद हुआ है. इससे पहले 19 अगस्त 2024 को उधमपुर के चील इलाके में CRPF की 187वीं बटालियन की पेट्रोलिंग टीम पर आतंकियों ने हमला किया था. उस घटना में एक इंस्पेक्टर शहीद हो गए थे. इसके बाद से इस हमले से पहले तक 2025 और 2026 में CRPF पर इस तरह का सीधा हमला नहीं हुआ था.
हालांकि, 22 अप्रैल 2025 को पहलगाम की बैसरन घाटी में आतंकियों ने पर्यटकों पर बड़ा हमला किया था. इसमें कई लोगों की जान गई थी, लेकिन उस हमले में CRPF को निशाना नहीं बनाया गया था.
इस साल भी जम्मू-कश्मीर में आतंकी घटनाएं सामने आई हैं. 22 जुलाई को अनंतनाग में एक पुलिसकर्मी की हत्या हुई थी, जबकि 31 जुलाई को कुलगाम में ईंट भट्ठे पर काम करने वाले दो प्रवासी मजदूरों को मार दिया गया था. इन दोनों घटनाओं में लतीफ भट का नाम सामने आया था.