पीएम मोदी ने बालेन शाह को गले लगाया, रेड कार्पेट बिछाकर किया स्वागत, भारत ने नेपाल के लिए खोला खजाना!

नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह सोमवार को भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे. राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और गले लगाकर उनका अभिवादन किया.

PM Modi embraced Balen Shah India Nepal 3 major decisions economic package
Image Source: ANI

Balen Shah PM Modi Meeting: नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह सोमवार को भारत दौरे पर दिल्ली पहुंचे. राष्ट्रपति भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया और गले लगाकर उनका अभिवादन किया. इस मौके पर उनके स्वागत के लिए रेड कार्पेट बिछाया गया और उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया. इसके बाद दोनों देशों के प्रतिनिधिमंडलों ने मुलाकात की.

बालेन शाह और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हैदराबाद हाउस में द्विपक्षीय बैठक हुई. इसमें भारत और नेपाल के रिश्तों को मजबूत करने, व्यापार बढ़ाने और आपसी सहयोग से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई. इस बैठक में दोनों देशों के बीच तीन बड़े फैसले होने की जानकारी सामने आई है. इनमें नेपाल को विशेष आर्थिक पैकेज देना, भारतीय बंदरगाहों तक पहुंच और अयोध्या-जनकपुर के बीच ट्रेन सेवा शुरू करना शामिल है.

मोदी और बालेन शाह के बीच द्विपक्षीय बैठक

दिल्ली के हैदराबाद हाउस में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाली प्रधानमंत्री बालेन शाह के बीच बैठक हुई. दोनों नेताओं ने भारत और नेपाल के पुराने संबंधों को और मजबूत बनाने पर चर्चा की.

बैठक का मुख्य उद्देश्य दोनों देशों के बीच आर्थिक और व्यापारिक सहयोग को बढ़ाना है. इसके साथ ही परिवहन, संपर्क और दूसरे अहम मुद्दों पर भी बातचीत हुई.

राष्ट्रपति भवन में बालेन शाह को मिला गार्ड ऑफ ऑनर

भारत दौरे पर पहुंचे नेपाली प्रधानमंत्री का राष्ट्रपति भवन में औपचारिक स्वागत किया गया. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उन्हें गले लगाकर स्वागत किया. उनके सम्मान में रेड कार्पेट बिछाया गया और गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.

इसके बाद दोनों देशों के अधिकारियों और प्रतिनिधियों के बीच मुलाकात हुई. इस दौरे को भारत और नेपाल के संबंधों के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है.
बैठक में हुए ये 3 बड़े फैसले

1. नेपाल को विशेष आर्थिक पैकेज देगा भारत

भारत की ओर से नेपाल को विशेष आर्थिक पैकेज देने का फैसला किया गया है. इसे दोनों देशों के बीच आर्थिक सहयोग बढ़ाने की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है. हालांकि, इस पैकेज के तहत नेपाल को कितनी आर्थिक मदद मिलेगी, इसकी पूरी जानकारी अभी सामने नहीं आई है.

2. कांडला और पारादीप बंदरगाहों तक मिलेगी पहुंच

भारत नेपाल को गुजरात के कांडला और ओडिशा के पारादीप बंदरगाहों के इस्तेमाल की सुविधा देगा. इससे नेपाल को दूसरे देशों के साथ व्यापार करने में आसानी होगी. वह इन बंदरगाहों के जरिए सामान मंगा और दूसरे देशों तक भेज सकेगा.

नेपाल ने भारत से गुजरात के मुंद्रा बंदरगाह तक पहुंच देने की मांग भी की थी, लेकिन भारत ने इस मांग को मंजूरी नहीं दी.

3. अयोध्या और जनकपुर के बीच चलेगी नई ट्रेन

भारत और नेपाल के बीच धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए अयोध्या और जनकपुरधाम के बीच नई साप्ताहिक ट्रेन सेवा शुरू की जाएगी. इसका नाम 'सरयू-कमला एक्सप्रेस' रखा गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बालेन शाह इस ट्रेन सेवा को हरी झंडी दिखाएंगे.

इस ट्रेन के शुरू होने से अयोध्या और जनकपुरधाम आने वाले श्रद्धालुओं को काफी सुविधा मिलेगी. अयोध्या को भगवान राम की जन्मस्थली और जनकपुरधाम को माता सीता की जन्मस्थली माना जाता है. ऐसे में दोनों धार्मिक स्थलों के बीच रेल संपर्क शुरू होना भारत और नेपाल के लोगों के लिए अहम माना जा रहा है.