पाकिस्तान कर रहा S-400 तबाह करने की तैयारी, बेड़े में शामिल किए 'एरो' और 'लाइटनिंग' ड्रोन, जानें ताकत

पाकिस्तान अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने के लिए नए-नए ड्रोन सिस्टम पर काम कर रहा है. पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के एयर डिफेंस सिस्टम को नुकसान पहुंचाने के पाकिस्तान के दावे चर्चा में रहे थे.

Pakistan Army adds Aero and Lightning drones to its fleet For Indian Air Force
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

पाकिस्तान अपनी सैन्य ताकत बढ़ाने के लिए नए-नए ड्रोन सिस्टम पर काम कर रहा है. पिछले साल ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के एयर डिफेंस सिस्टम को नुकसान पहुंचाने के पाकिस्तान के दावे चर्चा में रहे थे. यहां तक कि पाकिस्तानी पक्ष की ओर से भारत के S-400 एयर डिफेंस सिस्टम को तबाह करने की बात भी कही गई थी. हालांकि, इन दावों की पुष्टि नहीं हुई थी. अब पाकिस्तान अगले संभावित संघर्ष को ध्यान में रखते हुए ऐसे ड्रोन तैयार कर रहा है, जो भारत के एयर डिफेंस नेटवर्क के लिए चुनौती बन सकते हैं.

पाकिस्तान ने दिखाए 'एरो' और 'लाइटनिंग' ड्रोन

पाकिस्तान ऐसे ड्रोन सिस्टम अपनी सेना में शामिल करने की कोशिश कर रहा है, जिनका इस्तेमाल दुश्मन के सैन्य ठिकानों और एयर डिफेंस सिस्टम को निशाना बनाने के लिए किया जा सकता है.

9 नवंबर को पाकिस्तान के नेशनल एयरोस्पेस साइंस एंड टेक्नोलॉजी पार्क में एरो-I, लाइटनिंग-I और लाइटनिंग-II ड्रोन के मॉडल प्रदर्शित किए गए. ये एकतरफा हमले करने वाले ड्रोन हैं. इन्हें एक तरह का आत्मघाती ड्रोन भी कहा जाता है, क्योंकि ये अपने लक्ष्य से टकराकर उसे नुकसान पहुंचाते हैं. इस तकनीक को 'फायर एंड फॉरगेट' कहा जाता है. ईरान भी इस तरह के ड्रोन का इस्तेमाल करता रहा है.

कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि पाकिस्तानी वायुसेना में Yiha-III वैरिएंट के दो नए ड्रोन भी शामिल किए गए हैं. हालांकि, पाकिस्तान की ओर से इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है.

क्या खासियत है एरो और लाइटनिंग ड्रोन में?

एरो-I को कम रडार सिग्नल वाला स्ट्राइक ड्रोन बताया जा रहा है. इसका मकसद दुश्मन के रडार की नजर से बचकर अपने लक्ष्य तक पहुंचना है. वहीं, लाइटनिंग-I एक एआई आधारित सामरिक लोइटरिंग मुनिशन है. यह लक्ष्य के आसपास उड़ान भरकर हमला करने के लिए इस्तेमाल किया जा सकता है. लाइटनिंग-II को इसकी तुलना में ज्यादा रेंज वाला मॉडल बताया गया है.

इन ड्रोन के जरिए पाकिस्तान की कोशिश अपनी हमले करने की क्षमता को बढ़ाने की है. उसकी रणनीति पर यूक्रेन युद्ध का असर भी दिखाई देता है, जहां ड्रोन के जरिए दुश्मन के सैन्य ठिकानों और दूसरे अहम लक्ष्यों पर हमले किए जा रहे हैं.

पिछले साल भारत के साथ हुए संघर्ष से पाकिस्तान ने एक बड़ी सीख ली है. उसकी सैन्य व्यवस्था में रणनीतिक गहराई की कमी है. इसका मतलब है कि उसके कई एयरबेस भारतीय सीमा के काफी करीब हैं और युद्ध की स्थिति में उन्हें निशाना बनाना आसान हो सकता है.

इसके मुकाबले भारत के एयरबेस देश के अलग-अलग हिस्सों में दूर तक फैले हुए हैं. भारत के पास कई स्तरों वाला एयर डिफेंस नेटवर्क भी है. ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने पाकिस्तानी मिसाइल और ड्रोन हमलों को रोकने के लिए अपनी इन क्षमताओं का इस्तेमाल किया था. अब पाकिस्तान अपने ड्रोन बेड़े को मजबूत करके इस चुनौती का जवाब देने की कोशिश कर रहा है. इस काम में उसे चीन और तुर्की से मदद मिलने की बात भी सामने आती रही है.

तुर्की की मदद से बना Yiha-III ड्रोन

रिपोर्ट्स के मुताबिक, Yiha-III ड्रोन को पाकिस्तान ने तुर्की की मदद से विकसित किया है. पाकिस्तानी रक्षा क्षेत्र में यह चर्चा भी रही है कि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान का एयर डिफेंस नेटवर्क भारतीय हमलों को रोकने में पूरी तरह सफल नहीं रहा था. कुछ दावों में यह भी कहा गया कि भारतीय ड्रोन ने लाहौर में पाकिस्तान के एयर डिफेंस सिस्टम के रडार को निशाना बनाया था.

ऐसे में पाकिस्तान अब अपनी सैन्य कमजोरियों को दूर करने और ड्रोन के जरिए हमले करने की क्षमता बढ़ाने पर ध्यान दे रहा है.

भारतीय एयर डिफेंस सिस्टम के लिए कितनी बड़ी चुनौती?

पाकिस्तान की सैन्य वेबसाइट 'डिफेंस सिक्योरिटी एशिया' के मुताबिक, पाकिस्तान बड़ी संख्या में ड्रोन जमा करने की रणनीति पर काम कर रहा है. इसका मकसद एक साथ या लगातार कई ड्रोन भेजकर भारत के इंटीग्रेटेड एयर डिफेंस सिस्टम पर दबाव बनाना हो सकता है.

हालांकि, भारत के पास इस तरह के हमलों से निपटने के लिए मजबूत इलेक्ट्रॉनिक वॉरफेयर क्षमता, एंटी-ड्रोन सिस्टम और कम लागत वाले इंटरसेप्टर मौजूद हैं. भारत का मल्टी लेयर एयर डिफेंस नेटवर्क भी दुश्मन के हवाई हमलों को रोकने में अहम भूमिका निभाता है.

इसके बावजूद बड़ी संख्या में आने वाले ड्रोन किसी भी एयर डिफेंस सिस्टम के लिए चुनौती बन सकते हैं. ऐसे में भारत को अपने रडार, इंटरसेप्टर और एंटी-ड्रोन तकनीक को लगातार मजबूत करना होगा. पाकिस्तान के नए ड्रोन सिस्टम भारत के लिए कितनी बड़ी चुनौती बनेंगे, यह उनकी वास्तविक क्षमता और युद्ध के दौरान उनके प्रदर्शन पर निर्भर करेगा.