'जुबीन को जहर दिया गया, मुंह से निकल रहा था झाग...', बैंडमेट ने किस पर लगाए गंभीर आरोप?

Zubeen Garg Death Controversy: मशहूर गायक जुबीन गर्ग की मौत को लेकर अब तक कई सवाल उठ चुके हैं, लेकिन हाल ही में सामने आए एक बयान ने पूरे मामले में साज़िश की बू ला दी है.

Zubeen Garg s bandmate Shekhar Jyoti Goswami alleges singer was poisoned by his manager and event organiser
Image Source: Social Media

Zubeen Garg Death Controversy: मशहूर गायक जुबीन गर्ग की मौत को लेकर अब तक कई सवाल उठ चुके हैं, लेकिन हाल ही में सामने आए एक बयान ने पूरे मामले में साज़िश की बू ला दी है. जुबीन के करीबी और बैंडमेट शेखर ज्योति गोस्वामी ने जांच एजेंसियों को दिए बयान में ऐसा दावा किया है, जिससे सभी हैरान हैं. उनका आरोप है कि जुबीन की मौत सामान्य दुर्घटना नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित साजिश हो सकती है.

बैंडमेट का सनसनीखेज़ आरोप

एक रिपोर्ट के मुताबिक, शेखर ज्योति गोस्वामी ने कहा है कि जुबीन गर्ग को सिंगापुर में जहर दिया गया, और इसके पीछे सिंगर के मैनेजर सिद्धार्थ शर्मा और शो आयोजक श्यामकानु महंत का हाथ है. उन्होंने यह भी कहा कि साजिश को छिपाने के लिए जानबूझकर विदेशी लोकेशन चुनी गई ताकि किसी को शक न हो.

मैनेजर पर शक क्यों हुआ? 

शेखर ज्योति ने यह भी बताया कि घटना वाले दिन मैनेजर ने उन्हें यॉट के वीडियो शेयर करने से मना किया था. यही नहीं, उन्होंने दावा किया कि शराब की व्यवस्था आयोजकों की बजाय खुद मैनेजर ने ज़बरदस्ती की थी. इससे शक और गहरा हो गया. जुबीन के अंतिम पलों को याद करते हुए उन्होंने कहा, “वह हांफ रहे थे, और उनके मुंह व नाक से झाग निकल रहा था, लेकिन मैनेजर ने इसे सिर्फ एसिड रिफ्लक्स बता कर बात को टाल दिया.”

बयान में एक और अहम बात सामने आई है. जब जुबीन की हालत गंभीर हो रही थी, तो मैनेजर ने बार-बार कहा – “जाबो दे, जाबो दे” (जाने दो, जाने दो). यह बात अब जांच एजेंसियों को और सतर्क कर रही है. क्या यह किसी गहरी योजना का हिस्सा था? पुलिस इस दिशा में जांच कर रही है.

पत्नी को सौंपी गई जुबीन की पोस्टमार्टम रिपोर्ट 

इसी बीच असम पुलिस ने सिंगापुर से आई जुबीन गर्ग की दूसरी पोस्टमार्टम रिपोर्ट उनकी पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग को सौंप दी है. रिपोर्ट सौंपने के लिए एसआईटी का एक अधिकारी गरिमा के गुवाहाटी स्थित घर गया था. हालांकि सरकार का कहना है कि अब यह गरिमा पर निर्भर है कि वे रिपोर्ट को सार्वजनिक करती हैं या नहीं. SIT अधिकारी मोरमी दास ने बताया कि उन्होंने जुबीन की पत्नी गरिमा और बहन पाल्मी के बयान दर्ज कर लिए हैं, लेकिन फिलहाल इस पर और कुछ कहने से इनकार कर दिया क्योंकि जांच अभी चल रही है.

कैसे हुई जुबीन गर्ग की मौत?

19 सितंबर को सिंगापुर में एक स्कूबा डाइविंग एक्सीडेंट के दौरान जुबीन गर्ग की मौत हुई थी. वे वहां पूर्वोत्तर भारत महोत्सव में परफॉर्म करने गए थे. उनकी मौत ने फैंस और संगीत प्रेमियों को गहरे सदमे में डाल दिया. लेकिन अब जब साज़िश के एंगल सामने आ रहे हैं, तो यह घटना केवल एक हादसा नहीं, एक रहस्य बनती जा रही है.

ये भी पढ़ें: Bigg Boss 19: अशनूर कौर को सलमान खान की फटकार, अमाल मलिक विवाद पर इमोशनल हुईं एक्ट्रेस