जिंदगी में अटके हुए नहीं रहना चाहते, धनश्री संग तलाक पर बोले चहल

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल जितने चर्चित अपने खेल को लेकर रहते हैं, उतनी ही सुर्खियां उनकी निजी जिंदगी भी बटोरती रही है. पिछले साल जब उन्होंने कोरियोग्राफर और एक्ट्रेस धनश्री वर्मा से अलग होने का फैसला लिया, तो यह खबर लंबे समय तक चर्चा में बनी रही.

Yuzvendra Chahal Breakout on relation with dhanashree
Image Source: Social Media

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार स्पिनर युजवेंद्र चहल जितने चर्चित अपने खेल को लेकर रहते हैं, उतनी ही सुर्खियां उनकी निजी जिंदगी भी बटोरती रही है. पिछले साल जब उन्होंने कोरियोग्राफर और एक्ट्रेस धनश्री वर्मा से अलग होने का फैसला लिया, तो यह खबर लंबे समय तक चर्चा में बनी रही. चार साल की शादी के बाद दोनों का अलग होना फैंस के लिए भी चौंकाने वाला था. इसके बाद चहल को आरजे और एक्ट्रेस महवश के साथ कई मौकों पर देखा गया, जिससे उनके अफेयर की अटकलें तेज हो गईं. हालांकि दोनों ने हमेशा इन खबरों को सिर्फ दोस्ती तक ही सीमित बताया.


धनश्री वर्मा ने तलाक के बाद एक रियलिटी शो के दौरान अपने रिश्ते और अलगाव को लेकर खुलकर बातें की थीं. उन्होंने अपने ‘राइज एंड फॉल’ शो में चहल पर कई आरोप लगाए, जिन पर क्रिकेटर ने उस समय जवाब भी दिया था. अब एक बार फिर चहल ने अपने तलाक को लेकर अपनी स्थिति साफ की है. मैशेबल इंडिया को दिए इंटरव्यू में युजवेंद्र चहल ने कहा कि वह अपनी जिंदगी के उस दौर को पीछे छोड़ चुके हैं. उनके मुताबिक, “मेरी जिंदगी का वो एक चैप्टर था, जो अब खत्म हो चुका है. मैं उस चीज से आगे बढ़ गया हूं. मैं नहीं चाहता कि उसी बात पर अटका रहूं और बार-बार उसी पर रिएक्शन देता रहूं. अब मेरी अपनी जिंदगी है और उनकी अपनी. बस यही चाहता हूं कि वो खुश रहें और मैं भी सुकून से अपनी जिंदगी जिऊं. किसी को दुख देकर आखिर मिलता ही क्या है?”

डेटिंग की अफवाहों पर भी दिया जवाब

चहल ने अपने नाम से जुड़ी डेटिंग की खबरों पर भी खुलकर बात की. लंदन में महवश के साथ वायरल हुए वीडियो पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने साफ कहा कि वह किसी रिलेशनशिप में नहीं हैं. चहल ने कहा, “दोस्तों के साथ घूमते वक्त वीडियो बन ही जाता है. इसमें कोई रिलेशनशिप वाली बात नहीं है. मैं सिंगल हूं और खुश हूं.”

ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग पर बेबाक बयान

इंटरव्यू के दौरान चहल ने सोशल मीडिया पर मिलने वाली ट्रोलिंग को लेकर भी अपनी सोच रखी. उन्होंने कहा कि वह इंटरनेट को बहुत ज्यादा गंभीरता से नहीं लेते. उनके शब्दों में, “जहां लोग प्यार देते हैं, वहीं थोड़ी बहुत नफरत भी मिलती है.” चहल ने आगे बताया कि उन्होंने बचपन से लेकर अब तक गालियां, ट्रोलिंग और बॉडी शेमिंग सब कुछ झेला है. “पहले फर्क इसलिए पड़ता था क्योंकि सोशल मीडिया नया था. अब आदत हो गई है. जिसे जो कहना है, कहे. गाली देकर खुश हो जाते हैं तो ठीक है. मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ चुका हूं.”

फिर साथ नजर आ सकते हैं चहल और धनश्री?

इसी बीच एक और खबर ने फैंस की उत्सुकता बढ़ा दी है. चर्चाएं हैं कि तलाक के बाद भी युजवेंद्र चहल और धनश्री वर्मा एक बार फिर साथ नजर आ सकते हैं. कहा जा रहा है कि दोनों नए रियलिटी शो ‘द 50’ का हिस्सा बन सकते हैं. हालांकि इस शो के फॉर्मेट और दोनों की मौजूदगी को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. फिलहाल इतना तय है कि चाहे मैदान के अंदर हो या बाहर, युजवेंद्र चहल अब अपनी जिंदगी को लेकर पूरी तरह साफ और बेबाक नजर आ रहे हैं — बिना किसी कड़वाहट के, सिर्फ आगे बढ़ने के इरादे के साथ.

यह भी पढ़ें: WPL 2026: हरमनप्रीत के दम पर मुंबई इंडियंस की दमदार वापसी, दिल्ली कैपिटल्स को 50 रनों से हराया