WPL 2026: हरमनप्रीत के दम पर मुंबई इंडियंस की दमदार वापसी, दिल्ली कैपिटल्स को 50 रनों से हराया

WPL 2026, Mumbai Indians vs Delhi Capitals WPL Highlights: वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस ने शानदार अंदाज में जीत का खाता खोला. टूर्नामेंट के तीसरे मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को एकतरफा मुकाबले में 50 रनों से मात देकर अपनी ताकत का एहसास करा दिया.

WPL 2026 Mumbai Indians vs Delhi Capitals WPL Highlights Wins by 50 runs
Image Source: Social Media

WPL 2026, Mumbai Indians vs Delhi Capitals WPL Highlights: वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 में मुंबई इंडियंस ने शानदार अंदाज में जीत का खाता खोला. टूर्नामेंट के तीसरे मुकाबले में मुंबई ने दिल्ली कैपिटल्स को एकतरफा मुकाबले में 50 रनों से मात देकर अपनी ताकत का एहसास करा दिया. नवी मुंबई में खेले गए इस मैच में कप्तान हरमनप्रीत कौर का बल्ला जमकर बोला और उनकी कप्तानी पारी ने मैच का रुख पूरी तरह मुंबई के पक्ष में मोड़ दिया.

पहले मैच में आरसीबी के खिलाफ 1 रन से मिली हार के बाद इस मुकाबले में मुंबई इंडियंस एकजुट टीम की तरह मैदान पर उतरी और हर विभाग में दिल्ली से आगे नजर आई. पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई ने बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसे दिल्ली की टीम हासिल नहीं कर सकी.

मुंबई की बल्लेबाजी का जलवा

टॉस के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 195 रनों का मजबूत स्कोर खड़ा किया. इस पारी की असली नायिका रहीं कप्तान हरमनप्रीत कौर, जिन्होंने 42 गेंदों में नाबाद 74 रन बनाए. उनकी इस विस्फोटक पारी में 8 चौके और 3 छक्के शामिल रहे. हरमनप्रीत ने एक छोर संभालते हुए टीम को बड़े स्कोर तक पहुंचाया. उन्होंने नैट साइवर ब्रंट के साथ अहम साझेदारी करते हुए 66 रन जोड़े, वहीं निकोला केरी के साथ भी तेज रफ्तार में रन बटोरे. मुंबई की पूरी पारी में आक्रामक बल्लेबाजी देखने को मिली और टीम ने कुल 29 चौके व 3 छक्के लगाए, जिससे दिल्ली के गेंदबाज लगातार दबाव में रहे.

दिल्ली की खराब शुरुआत बनी हार की वजह

195 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद निराशाजनक रही. टीम की स्टार ओपनर शेफाली वर्मा एक बार फिर उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकीं और सिर्फ 8 रन बनाकर आउट हो गईं. उनके साथ ओपनिंग कर रहीं विकेटकीपर बल्लेबाज लिजेल ली भी जल्दी पवेलियन लौट गईं. पावरप्ले के भीतर ही दिल्ली को दो बड़े झटके लग गए. दिल्ली की पारी लड़खड़ाती चली गई और 46 रन के भीतर आधी टीम आउट हो चुकी थी. शुरुआती झटकों से टीम उबर ही नहीं पाई, जिसका सीधा असर पूरे रनचेज़ पर पड़ा.

चिनेल हेनरी की अकेली लड़ाई

दिल्ली की ओर से चिनेल हेनरी ने संघर्ष जरूर दिखाया. उन्होंने 33 गेंदों में 56 रनों की तेज पारी खेली और मैच को थोड़ा रोचक बनाने की कोशिश की. हालांकि, दूसरे छोर से उन्हें कोई खास सहयोग नहीं मिला. निकी प्रसाद 12 रन बनाकर दिल्ली की दूसरी सबसे ज्यादा रन बनाने वाली बल्लेबाज रहीं, जो टीम की बल्लेबाजी की हालत बयां करता है. आखिरकार दिल्ली कैपिटल्स की पूरी टीम 20 ओवर भी नहीं खेल सकी और 145 रनों पर सिमट गई.

मुंबई की बड़ी जीत

इस तरह मुंबई इंडियंस ने 50 रनों की शानदार जीत दर्ज कर टूर्नामेंट में जोरदार वापसी की. कप्तान हरमनप्रीत कौर की पारी और टीम के संतुलित प्रदर्शन ने साफ कर दिया कि मुंबई इस सीजन भी खिताब की प्रबल दावेदार है, जबकि दिल्ली को अपनी बल्लेबाजी पर गंभीर मंथन करने की जरूरत होगी.

यह भी पढ़ें: WPL 2026: जेमिमा रोड्रिग्स के नाम दर्ज हुआ ये रिकॉर्ड, ऐसा करने वाली बनीं पहली महिला क्रिकेटर; स्मृति मंधाना को पछाड़ा