कोलंबो टेस्ट में यशस्वी जायसवाल ने ऐसी क्या गलती की, जो ICC ने ठोका भारी-भरकम जुर्माना, जानें मामला

Yashasvi Jaiswal Fined: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को कोलंबो टेस्ट के दौरान मैदान पर आक्रामक रवैया अपनाना भारी पड़ गया है.

Yashasvi-jaiswal-fined-for-colombo-test-clash-Asitha-Fernando
Image Source: Social Media

Yashasvi Jaiswal Fined: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल को कोलंबो टेस्ट के दौरान मैदान पर आक्रामक रवैया अपनाना भारी पड़ गया है. शानदार बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले जायसवाल इस बार अपने व्यवहार को लेकर चर्चा में हैं. श्रीलंका के तेज गेंदबाज असिता फर्नाण्डो के साथ हुई तीखी बहस और सिर से सिर टकराने की घटना के बाद आईसीसी ने दोनों खिलाड़ियों के खिलाफ कार्रवाई की है.

जायसवाल की मैच फीस में 25 फीसदी कटौती

मैच के पहले दिन 17वें ओवर में असिता फर्नाण्डो ने जायसवाल को बोल्ड करने के बाद उनकी ओर कुछ टिप्पणी की. आउट होने के बावजूद जायसवाल चुपचाप वापस नहीं लौटे और उन्होंने पलटकर श्रीलंकाई गेंदबाज को जवाब दिया. देखते ही देखते दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई और दोनों खिलाड़ियों के सिर भी आपस में टकरा गए. मामले में कार्रवाई करते हुए जायसवाल की मैच फीस का 25 फीसदी काटा गया है. उनकी टेस्ट मैच फीस 15 लाख रुपये है, जिसके आधार पर उन्हें करीब 3.5 लाख रुपये का जुर्माना देना होगा.

दोनों खिलाड़ियों को मिला एक-एक डिमेरिट पॉइंट

इस घटना के बाद सिर्फ आर्थिक जुर्माना ही नहीं लगाया गया, बल्कि यशस्वी जायसवाल और असिता फर्नाण्डो दोनों के अनुशासन रिकॉर्ड में एक-एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ा गया है. दोनों को आचार संहिता की धारा 2.12 के उल्लंघन का दोषी पाया गया. श्रीलंकाई गेंदबाज पर भी 25 फीसदी मैच फीस का जुर्माना लगाया गया है, हालांकि उनकी मैच फीस भारतीय खिलाड़ियों की तुलना में कम होने के कारण आर्थिक तौर पर कटौती की रकम भी कम होगी.

दोनों ने स्वीकार की गलती

घटना के बाद अंपायरों ने दोनों खिलाड़ियों की शिकायत की थी. हालांकि जायसवाल और फर्नाण्डो ने अपनी गलती स्वीकार कर ली, जिसके बाद मामले की औपचारिक सुनवाई की जरूरत नहीं पड़ी और दोनों को मैच रेफरी एंडी पाइक्रॉफ्ट के सामने पेश नहीं होना पड़ा. मैदान पर हुई यह घटना अब खत्म हो चुकी है, लेकिन जायसवाल के लिए यह एक अहम सीख जरूर है कि क्रिकेट के मैदान पर आक्रामक प्रतिस्पर्धा के बीच अनुशासन की सीमा पार करना कितना महंगा पड़ सकता है.

ये भी पढ़ें: IND vs SL: श्रीलंका में टीम इंडिया का धमाका, WTC में रचा ऐसा इतिहास जो कोई नहीं कर पाया