Imran Khan Jemima Goldsmith: पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पूर्व पत्नी जेमिमा गोल्डस्मिथ ने सोशल मीडिया मंच X (पूर्व में ट्विटर) के मालिक एलन मस्क से सार्वजनिक रूप से हस्तक्षेप की मांग की है. जेमिमा का आरोप है कि इमरान खान की गिरफ्तारी, जेल में कथित अमानवीय हालात और उनके राजनीतिक उत्पीड़न से जुड़े उनके पोस्ट को जानबूझकर सीमित किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि X पर उनकी आवाज को “गुप्त तरीके से दबाया” जा रहा है, जिससे लाखों फॉलोअर्स होने के बावजूद उनकी बात लोगों तक नहीं पहुंच पा रही.
एलन मस्क को सीधे संबोधित करते हुए जेमिमा गोल्डस्मिथ ने कहा कि इमरान खान पिछले करीब 22 महीनों से एकांत कारावास जैसी परिस्थितियों में रखे गए हैं और वह एक राजनीतिक कैदी हैं. जेमिमा के अनुसार, 2022 में सत्ता से हटाए जाने के बाद से इमरान खान को लगातार प्रताड़ना झेलनी पड़ रही है.
.@elonmusk
— Jemima Goldsmith (@Jemima_Khan) December 12, 2025
Elon, you may recall we have met before.
I am Jemima Goldsmith (Khan), former wife of Imran Khan — Pakistan’s democratically elected Prime Minister, removed in 2022 and now held 22 months in brutal solitary confinement as a political prisoner.
Our two sons have not…
उन्होंने यह भी कहा कि इस दौरान उनके और इमरान खान के बेटों की अपने पिता से मुलाकात नहीं हो पाई है. जेमिमा का दावा है कि बच्चों को महीनों से अपने पिता से बात करने की अनुमति नहीं दी गई और यहां तक कि उन्हें पत्र भेजने की भी इजाजत नहीं है. उनके मुताबिक, यह स्थिति न सिर्फ एक परिवार के अधिकारों का हनन है, बल्कि गंभीर मानवीय सवाल भी खड़े करती है.
“X आखिरी आज़ाद मंच था, अब वही आवाज दबा रहा है”
जेमिमा गोल्डस्मिथ ने अपने पोस्ट में कहा कि पाकिस्तान के टीवी चैनलों और रेडियो से इमरान खान का नाम और उनकी आवाज लगभग पूरी तरह गायब कर दी गई है. ऐसे माहौल में X ही एकमात्र ऐसा मंच था, जहां वह इस कथित अन्याय के खिलाफ खुलकर बोल सकती थीं.
हालांकि, उन्होंने आरोप लगाया कि अब वही मंच उनकी पोस्ट की पहुंच सीमित कर रहा है. जेमिमा ने लिखा, “आपने अभिव्यक्ति की आज़ादी का वादा किया था, न कि ऐसी आज़ादी का, जिसे कोई सुन ही न सके.”
एल्गोरिदमिक दबाव और ‘सीक्रेट थ्रॉटलिंग’ का आरोप
जेमिमा ने दावा किया कि X के अपने एआई टूल ‘ग्रोक’ के विश्लेषण से यह संकेत मिला है कि उनके अकाउंट पर सीक्रेट थ्रॉटलिंग की जा रही है. उनके अनुसार, इमरान खान की जेल की स्थिति और उनके बेटों से मिलने की अनुमति न मिलने से जुड़े पोस्ट एल्गोरिदम के ज़रिए कम लोगों तक पहुंचाए जा रहे हैं.
उन्होंने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा कि उनके अकाउंट पर 3.5 मिलियन से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, इसके बावजूद उनकी पोस्ट की पहुंच में असामान्य गिरावट देखी गई है.
पोस्ट की रीच में 97 प्रतिशत गिरावट का दावा
जेमिमा गोल्डस्मिथ के मुताबिक, 2023 और 2024 की शुरुआत तक उनके पोस्ट हर महीने औसतन 40 से 90 करोड़ इम्प्रेशन हासिल कर रहे थे. लेकिन 2025 में अब तक उनके कुल इम्प्रेशन घटकर करीब 2.86 करोड़ रह गए हैं, जो लगभग 97 प्रतिशत की गिरावट को दर्शाता है.
उन्होंने मई 2025 का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस दिन पाकिस्तान में X पर लगा प्रतिबंध हटाया गया, उस दिन उनका एक पोस्ट 40 लाख से अधिक लोगों तक पहुंचा. इसके बाद अचानक उनकी पोस्ट की दृश्यता लगभग खत्म हो गई. जेमिमा का आरोप है कि ग्रोक के विश्लेषण में इस गिरावट के पीछे पाकिस्तानी अधिकारियों के दबाव की बात सामने आई है, जो इमरान खान के परिवार और करीबी लोगों की आलोचना पर नजर रखे हुए हैं.
अगस्त 2023 से जेल में हैं इमरान खान
इमरान खान, जो पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) के संस्थापक हैं, अगस्त 2023 से कई मामलों में सजा के बाद जेल में बंद हैं. उनकी गिरफ्तारी और हिरासत को लेकर देश और विदेश दोनों जगह बहस होती रही है.
इस साल जुलाई में संयुक्त राष्ट्र के मानवाधिकार विशेषज्ञों के एक पैनल ने इमरान खान की हिरासत को मनमाना बताते हुए इसे अंतरराष्ट्रीय कानून के खिलाफ करार दिया था. हालांकि, पाकिस्तान सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है और कहा है कि कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई की गई है.
एलन मस्क की प्रतिक्रिया का इंतजार
जेमिमा गोल्डस्मिथ की इस सार्वजनिक अपील के बाद अब निगाहें एलन मस्क और X प्रबंधन की प्रतिक्रिया पर टिकी हैं. यह मामला सिर्फ एक राजनीतिक नेता की हिरासत तक सीमित नहीं है, बल्कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, एल्गोरिदमिक पारदर्शिता और वैश्विक दबाव जैसे बड़े सवालों को भी सामने ला रहा है.
यह भी पढे़ं- 'धन्यवाद तिरुवनंतपुरम...', निकाय चुनाव में NDA की ऐतिहासिक जीत पर PM मोदी का रिएक्शन, पढ़ें क्या कहा