सचिन तेंदुलकर के साथ गली क्रिकेट खेलने उतरे प्रिंस विलियम-केट, कुल्हड़ में पी चाय; छात्राएं भी रह गईं हैरान

ब्रिटेन के शाही जोड़े प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट इन दिनों भारत दौरे पर हैं. मुंबई पहुंचते ही दोनों का एक ऐसा अंदाज देखने को मिला, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. शाही प्रोटोकॉल और औपचारिकताओं से इतर प्रिंस विलियम और केट मुंबई की गलियों में देसी रंग में नजर आए.

william-kate-sachin-gully-cricket-mumbai-cutting-tea
Image Source: Social Media

ब्रिटेन के शाही जोड़े प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट इन दिनों भारत दौरे पर हैं. मुंबई पहुंचते ही दोनों का एक ऐसा अंदाज देखने को मिला, जिसने लोगों का ध्यान खींच लिया. शाही प्रोटोकॉल और औपचारिकताओं से इतर प्रिंस विलियम और केट मुंबई की गलियों में देसी रंग में नजर आए. दोनों ने क्रिकेट के दिग्गज सचिन तेंदुलकर के साथ स्कूली छात्राओं के बीच गली क्रिकेट खेला और एक छोटी-सी चाय की दुकान पर कुल्हड़ में मुंबई की मशहूर कटिंग चाय का स्वाद भी लिया.

सचिन के साथ बल्ला थामकर खेलने लगे प्रिंस विलियम-केट

सोमवार को मुंबई के बैलार्ड एस्टेट इलाके में एन मोरारजी रोड पर शाही जोड़े के लिए खास कार्यक्रम आयोजित किया गया. यहां पुरानी बलुआ पत्थर की इमारतों और छोटी बालकनियों के बीच प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट का पारंपरिक अंदाज में स्वागत हुआ. ढोल-ताशा की धुन के बीच दोनों ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया. 

इस दौरान सचिन तेंदुलकर भी उनके साथ मौजूद रहे. तीनों ने स्कूली छात्राओं के साथ गली क्रिकेट खेला. संकरी गलियों और कम जगह में खेले जाने वाले इस क्रिकेट का अनुभव शाही जोड़े के लिए काफी खास रहा. आमतौर पर औपचारिक कार्यक्रमों में नजर आने वाले विलियम और केट यहां बच्चों के साथ खेलते और बातचीत करते दिखाई दिए.

 

बरगद के पेड़ के नीचे कुल्हड़ में पी मुंबई की कटिंग चाय

क्रिकेट खेलने के बाद शाही जोड़ा एक छोटी-सी चाय की दुकान पर पहुंचा. यहां बड़े बरगद के पेड़ के नीचे बैठकर दोनों को कुल्हड़ में मुंबई की मशहूर कटिंग चाय परोसी गई. कटिंग चाय मुंबई की खास पहचान है. इसे आमतौर पर आधे कप की मात्रा में परोसा जाता है. प्रिंस विलियम और केट ने भी इस चाय का स्वाद लिया. इस दौरान सचिन तेंदुलकर भी उनके साथ मौजूद थे. तीनों हैमिल्टन स्टूडियो के बाहर भी नजर आए, जिसे भारत के सबसे पुराने फोटोग्राफी स्टूडियो में गिना जाता है.

छात्राओं को भी नहीं थी शाही मेहमानों के आने की जानकारी

इस कार्यक्रम को किस कदर गोपनीय रखा गया था, इसका अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इसमें शामिल होने वाली छात्राओं को भी पहले से नहीं पता था कि उनसे मिलने ब्रिटेन का शाही जोड़ा आने वाला है. नागपाड़ा स्थित अंजुमन इस्लाम के बेगम शरीफा कलसेकर गर्ल्स इंग्लिश स्कूल की आठवीं कक्षा की छात्राएं बतूल फातिमा शेख और उम्मे हानी ने बताया कि शिक्षकों ने उन्हें 16 नवंबर को होने वाले एक कार्यक्रम के बारे में जानकारी दी थी. इच्छुक छात्राओं से इसमें हिस्सा लेने के लिए नाम लिखवाने को कहा गया था.

दिवाली की छुट्टियों के कारण दोनों छात्राओं ने कार्यक्रम के लिए अपना नाम दे दिया, लेकिन उन्हें मेहमानों के बारे में कुछ नहीं बताया गया. जब बतूल को पता चला कि उनसे मिलने आने वाले मेहमान प्रिंस ऑफ वेल्स हैं, तो वह हैरान रह गईं. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा, 'ओह! मैंने उनके बारे में पढ़ा है।'

तीन दिवसीय भारत दौरे पर आए हैं विलियम और केट

प्रिंस विलियम और प्रिंसेस केट सोमवार को अपने तीन दिवसीय भारत दौरे पर मुंबई पहुंचे. यह दोनों की भारत की दूसरी आधिकारिक यात्रा है. इससे पहले अप्रैल 2016 में भी शाही जोड़ा भारत आया था. उस दौरान दोनों ने भूटान का दौरा भी किया था.

क्या है अर्थशॉट प्राइज, जिसके लिए भारत आए हैं विलियम और केट?

प्रिंस विलियम ने साल 2020 में अर्थशॉट प्राइज की शुरुआत की थी. इसका उद्देश्य पर्यावरण से जुड़ी दुनिया की बड़ी चुनौतियों के समाधान तलाशना और ऐसे नए विचारों व परियोजनाओं को प्रोत्साहित करना है, जो धरती को बेहतर बनाने में मदद कर सकें. इस साल इस पुरस्कार का छठा संस्करण आयोजित किया जा रहा है. इसमें पांच विजेताओं को उनके पर्यावरण संरक्षण से जुड़े प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने के लिए एक-एक मिलियन पाउंड की राशि दी जाएगी. इस बार का समारोह अब तक का सबसे बड़ा आयोजन बताया जा रहा है. बॉलीवुड अभिनेत्री आलिया भट्ट समेत कई चर्चित हस्तियों के इसमें शामिल होने की उम्मीद है.

यह भी पढ़ें: छठ पर घर से दूर रहे वैभव सूर्यवंशी, मां आरती ने रखा व्रत; बड़े भाई उज्ज्वल ने शेयर कीं तस्वीरें