बिहार के लोक आस्था के महापर्व छठ की रौनक क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी के घर भी देखने को मिली. समस्तीपुर जिले के ताजपुर स्थित उनके घर में पूरे विधि-विधान के साथ छठ पूजा का आयोजन किया गया. इस खास मौके पर वैभव की मां आरती कुमारी ने छठ व्रत रखा और परिवार की सुख-समृद्धि के लिए छठी मैया और भगवान सूर्य की आराधना की. हालांकि, क्रिकेट में व्यस्त होने के चलते वैभव इस बार छठ पूजा में शामिल नहीं हो सके.
बड़े भाई उज्ज्वल ने शेयर कीं छठ पूजा की तस्वीरें
वैभव सूर्यवंशी के बड़े भाई उज्ज्वल सूर्यवंशी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर छठ पूजा से जुड़ी कुछ खास तस्वीरें शेयर की हैं. इन तस्वीरों में परिवार के अन्य सदस्य भी नजर आ रहे हैं. वैभव के छोटे भाई आशीर्वाद और पिता संजीव सूर्यवंशी भी पूजा में शामिल हुए. परिवार ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ छठी मैया की पूजा की और सूर्य देव को अर्घ्य अर्पित किया.
ताजपुर स्थित घर पर छठ के दौरान भक्तिमय माहौल देखने को मिला. परिवार के सदस्यों ने एक साथ पूजा-अर्चना की और सुख-शांति एवं खुशहाली की कामना की. इन तस्वीरों के जरिए वैभव के परिवार की छठ पर्व के प्रति आस्था और परंपराओं से जुड़ाव की झलक देखने को मिली.
क्यों छठ पूजा में शामिल नहीं हो सके वैभव?
दरअसल, 15 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी इन दिनों क्रिकेट की तैयारियों में व्यस्त हैं. वह एसीसी मेन्स एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 की तैयारी कर रहे हैं. इसके अलावा उन्हें सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी (SMAT) 2026-27 के शुरुआती दो मुकाबलों के लिए बिहार टीम की कप्तानी भी सौंपी गई थी. उन्होंने पहले मुकाबले में हिस्सा लिया था, जबकि दूसरे मैच में वह मैदान पर नहीं उतरे.
क्रिकेट के व्यस्त शेड्यूल के चलते वैभव अपने परिवार के साथ छठ का त्योहार नहीं मना सके. ऐसे में उनकी मां और परिवार के अन्य सदस्यों ने परंपरा के अनुसार पूजा की.