'अगर काबिलियत साबित करनी पड़ी तो...' क्या 2027 वर्ल्ड कप नहीं खेलेंगे विराट कोहली? देखें क्या कहा

भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर और 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर बड़ा बयान दिया है.

Will Virat Kohli not play 2027 ODI World Cup What said on RCB podcast
Image Source: ANI

Virat Kohli: भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर और 2027 वनडे वर्ल्ड कप में खेलने को लेकर बड़ा बयान दिया है. लंबे समय बाद उन्होंने खुलकर अपने भविष्य पर बात की और साफ संकेत दिए कि वह सिर्फ उसी माहौल में खेलना चाहते हैं, जहां उन पर भरोसा किया जाए.

विराट कोहली ने ये बातें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के आधिकारिक पॉडकास्ट में कहीं, जिसका वीडियो फ्रेंचाइजी ने अपने आधिकारिक X हैंडल पर शेयर किया. बातचीत के दौरान विराट ने कहा कि क्रिकेट के लिए उनका जुनून आज भी पहले जैसा ही है, लेकिन अगर उन्हें बार-बार अपनी काबिलियत साबित करनी पड़े, तो वह स्थिति उनके लिए सही नहीं होगी.

उन्होंने कहा कि वह हर सीरीज और हर चुनौती के लिए तैयार रहते हैं, लेकिन लगातार खुद को साबित करने की मानसिकता में खेलना आसान नहीं होता. उनके इस बयान के बाद फैंस के बीच यह चर्चा तेज हो गई है कि क्या विराट 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक खेलना जारी रखेंगे या नहीं.

सिर्फ वनडे क्रिकेट पर है फोकस

विराट कोहली फिलहाल केवल वनडे इंटरनेशनल क्रिकेट खेल रहे हैं. उन्होंने 2024 टी-20 वर्ल्ड कप जीतने के बाद टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. इसके बाद पिछले साल इंग्लैंड दौरे से पहले उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को भी अलविदा कह दिया.

अब उनका पूरा फोकस वनडे फॉर्मेट पर है और इसी वजह से 2027 वर्ल्ड कप को लेकर लगातार सवाल उठ रहे हैं. उस समय तक विराट की उम्र करीब 39 साल होगी, इसलिए उनकी फिटनेस, फॉर्म और टीम में भूमिका को लेकर चर्चा लगातार बनी हुई है.

IPL 2026 में शानदार फॉर्म

हालांकि मौजूदा समय में विराट का बल्ला जोरदार प्रदर्शन कर रहा है. आईपीएल 2026 में वह बेहतरीन लय में नजर आए हैं. उन्होंने 12 पारियों में 484 रन बनाए हैं, जिसमें एक शतक और तीन अर्धशतक शामिल हैं. इसी शानदार प्रदर्शन की बदौलत वह ऑरेंज कैप की रेस में तीसरे स्थान पर बने हुए हैं.

उनकी बल्लेबाजी को देखकर फैंस मानते हैं कि विराट अभी भी बड़े टूर्नामेंट में टीम इंडिया के लिए मैच विनर साबित हो सकते हैं. लेकिन खुद विराट के हालिया बयान ने उनके भविष्य को लेकर नई बहस छेड़ दी है.

क्या चयनकर्ताओं की ओर था इशारा?

क्रिकेट विशेषज्ञ विराट के बयान को टीम चयन और लगातार होने वाली चर्चाओं से जोड़कर देख रहे हैं. पिछले कुछ समय से यह सवाल उठता रहा है कि 2027 वर्ल्ड कप तक क्या विराट टीम इंडिया का हिस्सा रहेंगे. माना जा रहा है कि विराट का बयान इसी दबाव और लगातार होने वाली बहसों की तरफ इशारा हो सकता है.

ये भी पढ़ें- Census 2027: जनगणना में शामिल न होना पड़ सकता है भारी! जुर्माना और सजा दोनों का प्रावधान, जानें नियम