Vijay Hazare Trophy 2025: विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 अपने निर्णायक दौर में पहुंच चुकी है. टूर्नामेंट के छठे चरण में 6 जनवरी को दिल्ली और रेलवे की टीमें आमने-सामने हैं. इस मुकाबले में रेलवे ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला लिया. लेकिन मैच शुरू होते ही एक बात ने सबसे ज्यादा ध्यान खींचा. दिल्ली की प्लेइंग इलेवन में विराट कोहली का नाम नहीं था. यह देखकर फैंस चौंक गए, क्योंकि इससे पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि कोहली इस मैच में खेल सकते हैं.
मैच से कुछ घंटे पहले ही दिल्ली के कोच सरनदीप सिंह ने साफ कर दिया था कि विराट कोहली रेलवे के खिलाफ मैदान पर नजर नहीं आएंगे. हालांकि, उन्होंने इसके पीछे की वजह सार्वजनिक नहीं की. इसके बाद से ही सोशल मीडिया पर तरह-तरह के कयास लगाए जाने लगे कि आखिर कोहली ने यह मुकाबला क्यों छोड़ा.
न्यूजीलैंड सीरीज की तैयारी बनी वजह?
दरअसल विराट कोहली 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ शुरू होने वाली वनडे सीरीज के लिए भारतीय टीम का हिस्सा हैं. माना जा रहा है कि टीम इंडिया के साथ जल्द जुड़ने और इंटरनेशनल सीरीज की तैयारी को ध्यान में रखते हुए उन्होंने इस घरेलू मुकाबले से खुद को अलग रखा. गौर करने वाली बात यह भी है कि बीसीसीआई ने टूर्नामेंट से पहले खिलाड़ियों को कम से कम दो मैच खेलने का निर्देश दिया था, जिसे विराट इस सीजन में पूरा कर चुके हैं.
विजय हजारे ट्रॉफी में विराट का शानदार प्रदर्शन
इस सीजन विजय हजारे ट्रॉफी में विराट कोहली का बल्ला जमकर बोला. उन्होंने अपना पहला मुकाबला आंध्र प्रदेश के खिलाफ खेलते हुए 131 रनों की शानदार शतकीय पारी खेली. इसके बाद गुजरात के खिलाफ दूसरे मैच में भी उन्होंने 77 रन बनाए. दोनों ही मुकाबलों में उनकी बल्लेबाजी ने दिल्ली को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई.
दिल्ली की मजबूत स्थिति
दिल्ली की टीम ने इस सीजन अब तक पांच मैच खेले हैं, जिनमें से चार में उसे जीत हासिल हुई है. विराट कोहली की मौजूदगी ने टीम को अनुभव और आत्मविश्वास दिया, वहीं अब उनके बिना भी दिल्ली मजबूत स्थिति में नजर आ रही है. अब फैंस की निगाहें 11 जनवरी पर टिकी हैं, जब विराट कोहली न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में एक बार फिर भारतीय जर्सी में मैदान पर उतरते हुए दिखाई दे सकते हैं.
यह भी पढ़ें: कौन हैं सोफी शाइन? बनने वाली शिखर धवन की दुल्हनिया; कई सितारें होंगे गेस्ट