सूर्यकुमार यादव और सलमान आगा ने क्यों नहीं मिलाया हाथ, दोनों टीमों को किसने किया था मना? खुल गया राज

14 सितंबर को एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हाई-वोल्टेज मुकाबले में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला- दोनों टीमों के कप्तान एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाए.

Why did Suryakumar Yadav and Salman Agha not shake hands
प्रतिकात्मक तस्वीर/ ANI

Asia cup 2025: 14 सितंबर को एशिया कप में भारत और पाकिस्तान के बीच हुए हाई-वोल्टेज मुकाबले में एक अनोखा दृश्य देखने को मिला- दोनों टीमों के कप्तान एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलाए. यह सामान्य क्रिकेटीय परंपरा का हिस्सा होता है कि टॉस के बाद दोनों कप्तान एक-दूसरे से हाथ मिलाते हैं, लेकिन इस बार ऐसा नहीं हुआ, और यह घटना सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई.

इस मामले ने तब और तूल पकड़ा जब पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) को एक ईमेल भेजकर यह आरोप लगाया कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने आचार संहिता का उल्लंघन किया और हाथ मिलाने से खिलाड़ियों को रोका.

असल वजह कुछ और निकली

टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के मुताबिक, ICC द्वारा की गई जांच में यह स्पष्ट हुआ कि मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट ने कोई भी गलती नहीं की थी. बल्कि उन्होंने तो केवल एशियन क्रिकेट काउंसिल (ACC) के निर्देशों का पालन किया था.

अब यहां दिलचस्प बात यह है कि एसीसी के अध्यक्ष खुद पीसीबी प्रमुख मोहसिन नकवी हैं. यानी जिस आदेश के तहत दोनों टीमों के कप्तानों को हाथ नहीं मिलाने दिया गया, वह निर्देश उसी संस्था से आया है जिसकी अध्यक्षता मोहसिन नकवी कर रहे हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि पीसीबी ने शिकायत क्यों की, जबकि यह निर्णय खुद उसकी ही संस्था के माध्यम से लिया गया था.

आईसीसी ने दिया करारा जवाब

आईसीसी ने पीसीबी के ईमेल का जवाब देते हुए साफ कहा कि एंडी पायक्रॉफ्ट ने आचार संहिता का पालन किया है और वे किसी भी दोष के भागी नहीं हैं. उन्होंने स्थिति को काफी अच्छे तरीके से संभाला और टीवी प्रसारण में कोई विवाद या असहजता नहीं होने दी.

इसके बावजूद पीसीबी इस जवाब से संतुष्ट नहीं हुआ और एक कदम आगे बढ़ाते हुए टूर्नामेंट से हटने की धमकी तक दे डाली. पीसीबी ने मांग की कि पायक्रॉफ्ट को उनके आगामी मैचों से हटा दिया जाए.

लेकिन आईसीसी ने इस मांग को खारिज कर दिया और दोहराया कि किसी एक टीम की मांग पर अधिकारियों को नहीं बदला जा सकता, क्योंकि इससे वैश्विक क्रिकेट में गलत संदेश जाएगा.

17 सितंबर को भी उठा विवाद

भारत-पाक मैच के बाद पाकिस्तान का अगला मुकाबला 17 सितंबर को था, लेकिन उस दिन एक और नाटकीय मोड़ आया. पाकिस्तान की टीम तय समय पर होटल से मैदान के लिए रवाना ही नहीं हुई. स्थिति को संभालने के लिए खुद मैच रेफरी एंडी पायक्रॉफ्ट को सामने आना पड़ा.

उन्होंने पाकिस्तानी कप्तान सलमान आगा, टीम मैनेजर नवीज अकरम चीमा और कोच माइक हेसन के साथ एक बैठक बुलाई. यह बैठक दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम के मैच रेफरी रूम में हुई. इसमें दोनों पक्षों के बीच हाथ ना मिलाने को लेकर हुई गलतफहमी पर बातचीत हुई.

ये भी पढ़ें- सपा नेता आजम खान को इलाहाबाद हाईकोर्ट से मिली जमानत, जानें कब आएंगे जेल से बाहर, बढ़ेगी सियासी हलचल?