Arjun Rajput: जिस पिच पर वीरेंद्र सहवाग और राहुल द्रविड़ जैसे दिग्गज क्रिकेटरों के बेटे कुछ खास नहीं कर सके, वहीं एक साधारण परिवार से आने वाले खिलाड़ी ने अपने बल्ले से कमाल कर दिया. हम बात कर रहे हैं अर्जुन राजपूत की, जिन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ अंडर-19 मुकाबले में महज 80 गेंदों पर शानदार शतक जड़ दिया.
अर्जुन की यह पारी ऐसे समय आई, जब भारतीय टीम मुश्किल में थी. टीम ने सिर्फ 42 रन के स्कोर पर अपने 4 विकेट गंवा दिए थे. ऐसे में अर्जुन ने क्रीज पर आकर जिम्मेदारी संभाली और पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर खबर ली. उनकी इस पारी ने टीम को मुश्किल से निकालने में अहम भूमिका निभाई.
अर्जुन राजपूत का तूफानी शतक
अर्जुन राजपूत 12वें ओवर में बल्लेबाजी करने उतरे. उस समय भारतीय टीम का रन रेट करीब 3 रन प्रति ओवर था. लेकिन अर्जुन ने अपनी चौथी ही गेंद पर चौका लगाकर अपने इरादे जाहिर कर दिए. इसके बाद उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा और पाकिस्तानी गेंदबाजों पर लगातार दबाव बनाए रखा.
Mohammad Sayyam has been calling the shots today, but Arjun Rajput isn't holding back! 💥 Watch India vs Pakistan in the DP World Men's U19 Asia Cup, LIVE NOW on Sony Sports Network TV channels & Sony LIV. #SonySportsNetwork #SonyLIV #INDvPAK https://t.co/XhUsMaoEBB
— Sony Sports Network (@SonySportsNetwk) November 8, 2026
उन्होंने रिजवानुल्लाह और निकाब शफीक के खिलाफ आक्रामक बल्लेबाजी की. वहीं, भारतीय बल्लेबाजों को शुरुआत में परेशान करने वाले अली रजा के खिलाफ भी अर्जुन ने शानदार शॉट लगाए. उनके एक ओवर में अर्जुन ने छक्का और चौका जड़ दिया. उन्होंने अपनी सेंचुरी में 4 छक्के और 11 चौके लगाए.
कौन हैं अर्जुन राजपूत?
अर्जुन राजपूत पंजाब के जालंधर के रहने वाले हैं. उनके पिता होती राम पहले छोले-कुलचे की रेहड़ी लगाते थे. परिवार की आर्थिक स्थिति अच्छी नहीं होने के बावजूद उन्होंने बेटे के क्रिकेटर बनने के सपने को पूरा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी.
अर्जुन ने हरभजन सिंह क्रिकेट एकेडमी से ट्रेनिंग ली. अपनी मेहनत और खेल के दम पर वह पंजाब की अंडर-16 टीम के कप्तान भी बने. इसके बाद वीनू मांकड़ ट्रॉफी और कूच बिहार ट्रॉफी में अच्छे प्रदर्शन के दम पर उन्होंने अंडर-19 टीम में जगह बनाई.
अर्जुन सिर्फ अच्छी बल्लेबाजी ही नहीं करते, बल्कि शानदार ऑफ स्पिन गेंदबाजी भी करते हैं. पिछले मुकाबले में उन्होंने अपनी गेंदबाजी से भी प्रभावित किया था. उस मैच में अर्जुन ने महज 8 रन देकर 3 विकेट हासिल किए थे. अब पाकिस्तान के खिलाफ शतक लगाकर उन्होंने अपनी प्रतिभा का एक और शानदार नमूना पेश किया है.