Diwali 2026: दिवाली पर घर, ऑफिस और दुकान में कब करें लक्ष्मी पूजा? जानें शुभ मुहूर्त और पूजन विधि

आज 8 नवंबर 2026 को देशभर में दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा है. दिवाली को सुख-समृद्धि, खुशहाली और नई शुरुआत का पर्व माना जाता है.

When should perform Lakshmi Puja at home the office or shop during Diwali
प्रतिकात्मक तस्वीर/ AI

Diwali 2026 Lakshmi Pujan Muhurt: आज 8 नवंबर 2026 को देशभर में दिवाली का त्योहार मनाया जा रहा है. दिवाली को सुख-समृद्धि, खुशहाली और नई शुरुआत का पर्व माना जाता है. इस दिन माता लक्ष्मी और भगवान गणेश की पूजा करने का विशेष महत्व है. मान्यता है कि दिवाली पर विधि-विधान से पूजा करने से घर में सुख-शांति बनी रहती है और धन-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है.

दिवाली पर सिर्फ घरों में ही नहीं, बल्कि ऑफिस, दुकान और व्यापारिक प्रतिष्ठानों में भी लक्ष्मी-गणेश की पूजा की जाती है. व्यापारी अपने कारोबार की तरक्की के लिए पूजा करते हैं, जबकि छात्र ज्ञान और अच्छी पढ़ाई के लिए माता सरस्वती का स्मरण करते हैं. आइए जानते हैं कि घर, ऑफिस, दुकान और छात्रों के लिए लक्ष्मी पूजा का शुभ समय क्या है और पूजा कैसे करनी चाहिए.

अलग-अलग लोगों के लिए पूजा का शुभ मुहूर्त

दिवाली के दिन अलग-अलग काम और स्थान के हिसाब से पूजा के शुभ समय बताए गए हैं.

गृहस्थों के लिए लक्ष्मी पूजा का शुभ मुहूर्त शाम 5 बजकर 49 मिनट से रात 8 बजकर 59 मिनट तक रहेगा. नौकरीपेशा लोग सुबह 11 बजकर 46 मिनट से दोपहर 12 बजकर 34 मिनट तक अभिजीत मुहूर्त में पूजा कर सकते हैं.

दुकान और नए प्रतिष्ठानों के लिए सुबह 8 बजकर 10 मिनट से 9 बजकर 40 मिनट तक चंचल मुहूर्त रहेगा. व्यापारियों और किसानों के लिए सुबह 9 बजकर 40 मिनट से 11 बजकर 10 मिनट तक लाभ मुहूर्त शुभ है.

प्राइवेट ऑफिस में पूजा के लिए सुबह 11 बजकर 28 मिनट से दोपहर 12 बजकर 13 मिनट तक अमृत मुहूर्त रहेगा. वहीं, छात्र-छात्राएं दोपहर 1 बजकर 35 मिनट से 2 बजकर 58 मिनट तक शुभ मुहूर्त में पूजा कर सकते हैं.

दिवाली 2026 लक्ष्मी पूजन का मुख्य शुभ मुहूर्त

दिवाली का त्योहार 8 नवंबर 2026, रविवार को मनाया जा रहा है. इस दिन लक्ष्मी पूजा का मुख्य मुहूर्त शाम 5 बजकर 54 मिनट से रात 7 बजकर 50 मिनट तक रहेगा.

प्रदोष काल शाम 5 बजकर 31 मिनट से रात 8 बजकर 8 मिनट तक रहेगा. वहीं, वृषभ लग्न शाम 5 बजकर 55 मिनट से 7 बजकर 51 मिनट तक है. सिंह लग्न रात 12 बजकर 25 मिनट से 2 बजकर 42 मिनट तक रहेगा.

निशिता काल रात करीब 11 बजकर 37 मिनट से 12 बजकर 29 मिनट तक रहेगा. यह समय 9 नवंबर की मध्यरात्रि का है.

लक्ष्मी पूजा के लिए शुभ चौघड़िया मुहूर्त

दिवाली पर लक्ष्मी पूजन के लिए चौघड़िया मुहूर्त भी देखे जाते हैं. सुबह चर, लाभ और अमृत चौघड़िया का समय 11 बजकर 27 मिनट से दोपहर 12 बजकर 5 मिनट तक रहेगा.

दोपहर में शुभ चौघड़िया मुहूर्त 1 बजकर 26 मिनट से 2 बजकर 48 मिनट तक है. शाम और रात में शुभ, अमृत और चर चौघड़िया का समय 5 बजकर 31 मिनट से रात 10 बजकर 27 मिनट तक रहेगा.

इसके अलावा 9 नवंबर को सुबह 5 बजे से 6 बजकर 39 मिनट तक उषाकाल का शुभ मुहूर्त रहेगा. मध्यरात्रि में लाभ चौघड़िया रात 1 बजकर 43 मिनट से 3 बजकर 22 मिनट तक रहेगा.

घर में कैसे करें लक्ष्मी-गणेश की पूजा?

दिवाली के दिन सबसे पहले पूरे घर की अच्छी तरह सफाई करें. मुख्य दरवाजे पर रंगोली बनाएं और शाम को पूजा की तैयारी करें. पूजा के लिए एक चौकी पर लाल या पीला कपड़ा बिछाकर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमा स्थापित करें.

पूजा की थाली में रोली, अक्षत, फूल, माला, धूप, दीपक, फल, मिठाई, खील और बताशे रखें. सबसे पहले भगवान गणेश का पूजन करें. इसके बाद माता लक्ष्मी को फूल, अक्षत, फल और मिठाई अर्पित करें.

घी का दीपक जलाकर माता लक्ष्मी के मंत्र 'ॐ श्रीं महालक्ष्म्यै नमः' का जाप करें. पूजा पूरी होने के बाद लक्ष्मी-गणेश की आरती करें और परिवार की सुख-शांति और खुशहाली की कामना करें.

ऑफिस और दुकान में ऐसे करें लक्ष्मी पूजन

दिवाली पर ऑफिस, दुकान और व्यापारिक जगहों पर भी लक्ष्मी-गणेश की पूजा की जाती है. इस दिन व्यापारी अपनी नई बही-खातों, तिजोरी और धन रखने की जगह की पूजा करते हैं.

इसके लिए सबसे पहले ऑफिस या दुकान की सफाई करें. पूजा स्थल पर भगवान गणेश और माता लक्ष्मी की प्रतिमा रखें. इसके बाद रोली, अक्षत, फूल और मिठाई चढ़ाकर दीपक जलाएं. व्यापारी अच्छे कारोबार, तरक्की और आर्थिक मजबूती के लिए प्रार्थना करें. ऑफिस में सभी कर्मचारी मिलकर भी पूजा कर सकते हैं.

छात्रों के लिए लक्ष्मी पूजा का महत्व

दिवाली पर छात्र माता लक्ष्मी के साथ मां सरस्वती की भी पूजा कर सकते हैं. इसके लिए अपनी किताबों, कॉपियों और पढ़ाई से जुड़ी चीजों को साफ करके पूजा स्थल के पास रखें.

मां सरस्वती से अच्छी शिक्षा, ज्ञान, बुद्धि और एकाग्रता का आशीर्वाद मांगें. मान्यता है कि इस दिन पूजा के साथ पढ़ाई में सफलता और बेहतर भविष्य के लिए संकल्प लेना शुभ होता है.

लक्ष्मी पूजा करते समय इन बातों का रखें ध्यान

लक्ष्मी पूजन के समय साफ-सुथरे कपड़े पहनें और पूजा की जगह को स्वच्छ रखें. दीपक हमेशा सुरक्षित स्थान पर जलाएं. पूजा के दौरान मन को शांत रखें और परिवार के सभी सदस्य श्रद्धा के साथ पूजा में शामिल हों.

दिवाली पर शुभ मुहूर्त में पूजा करना अच्छा माना जाता है, लेकिन इसके साथ मन में श्रद्धा, परिवार के प्रति प्रेम और अच्छे काम करने का संकल्प रखना भी जरूरी है.

ये भी पढ़ें- दिवाली की रात स्मार्टफोन से आएंगी DSLR जैसी तस्वीरें, कैमरे की इन सेटिंग्स को करें ऑन, जानें ट्रिक्स