क्या बांग्लादेश लौटेंगी शेख हसीना, क्या है प्रत्यर्पण की डेडलाइन? भारत ने खुद दे दिया जवाब

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच मामला अभी जारी है. बांग्लादेश लगातार उनकी वापसी की मांग कर रहा है.

When Sheikh Hasina return to Bangladesh India not set a deadline
Image Source: ANI

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना के प्रत्यर्पण को लेकर भारत और बांग्लादेश के बीच मामला अभी जारी है. बांग्लादेश लगातार उनकी वापसी की मांग कर रहा है. अब भारत ने साफ कर दिया है कि फिलहाल शेख हसीना को बांग्लादेश भेजने की कोई तय तारीख नहीं है. भारत के मुताबिक, उनकी प्रत्यर्पण मांग की कानूनी जांच चल रही है और प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही आगे का फैसला होगा.

ढाका में आयोजित बंगाल की खाड़ी संवाद 2026 के दौरान बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि भारत को बांग्लादेश की ओर से प्रत्यर्पण की औपचारिक मांग मिल चुकी है. इस पर कानूनी और कूटनीतिक प्रक्रिया के तहत विचार किया जा रहा है. उन्होंने कहा कि अभी किसी तरह की समयसीमा बताना संभव नहीं है.

कानूनी जांच के बाद होगा फैसला

भारत और बांग्लादेश के बीच 2013 में प्रत्यर्पण संधि हुई थी, जिसमें 2016 में संशोधन किया गया. इसी संधि के तहत प्रत्यर्पण से जुड़े मामलों को देखा जाता है. इसमें राजनीतिक अपराधों समेत कुछ मामलों के लिए अपवाद भी दिए गए हैं.

भारत फिलहाल इन्हीं कानूनी प्रावधानों के आधार पर बांग्लादेश की मांग की समीक्षा कर रहा है. इसलिए अभी यह तय नहीं है कि शेख हसीना को कब तक बांग्लादेश भेजा जाएगा.

शेख हसीना को लेकर तारीख क्यों नहीं बता रहा भारत?

भारतीय पक्ष का कहना है कि मामला तय कानूनी प्रक्रिया के तहत चल रहा है. ऐसे में केवल राजनीतिक स्तर पर कोई फैसला नहीं लिया जा सकता. दिनेश त्रिवेदी ने कहा कि इस मामले में कोई समयसीमा नहीं बताई जा सकती, क्योंकि प्रक्रिया कानूनी और व्यवस्थित तरीके से आगे बढ़ रही है.

अगस्त 2024 में भारत क्यों आई थीं शेख हसीना?

शेख हसीना अगस्त 2024 में बांग्लादेश में बिगड़े राजनीतिक हालात के बीच देश छोड़कर भारत पहुंची थीं. उस समय स्थिति तेजी से बदल रही थी. भारत के मुताबिक, मानवीय और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं को देखते हुए उन्हें भारत आने की अनुमति दी गई थी.

भारत-बांग्लादेश रिश्तों पर क्या असर?

शेख हसीना का मुद्दा दोनों देशों के लिए अहम है, लेकिन भारत का कहना है कि बांग्लादेश के साथ उसके संबंध सिर्फ किसी एक राजनीतिक व्यक्ति पर निर्भर नहीं हैं. दोनों देशों के बीच व्यापार, ऊर्जा, सीमा और बुनियादी ढांचे जैसे मुद्दों पर बातचीत जारी है.

फिलहाल शेख हसीना के प्रत्यर्पण की कोई डेडलाइन तय नहीं है. बांग्लादेश की मांग भारत के पास है और उसकी कानूनी समीक्षा की जा रही है. प्रक्रिया पूरी होने के बाद ही भारत इस पर आगे का फैसला करेगा. तब तक शेख हसीना की वापसी की तारीख को लेकर कोई निश्चित जानकारी नहीं है.

ये भी पढ़ें- ISI चीफ को एक्सटेंशन, 11 जनरलों का प्रमोशन... असीम मुनीर ने पाकिस्तानी सेना में बढ़ाया अपना दबदबा!