इस्लामाबाद: पाकिस्तान के फील्ड मार्शल असीम मुनीर ने सेना में अपनी स्थिति और मजबूत कर ली है. रिपोर्ट के मुताबिक, सेना के कई अहम पदों पर अपने भरोसेमंद अधिकारियों को प्रमोशन और नई जिम्मेदारियां दी गई हैं. इसके साथ ही पाकिस्तान के ताकतवर सैन्य अधिकारियों में शामिल आईएसआई प्रमुख असीम मलिक को एक साल का एक्सटेंशन भी दिया गया है.
रिपोर्ट के अनुसार, फील्ड मार्शल असीम मुनीर के आदेश पर पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी (PMA) के 86वें और 87वें बैच के 11 मेजर जनरलों को लेफ्टिनेंट जनरल के पद पर प्रमोशन दिया गया है. इनमें छह अधिकारी इंफेंट्री से हैं, जबकि तीन आर्टिलरी, एक एयर डिफेंस और एक इंजीनियरिंग यूनिट से जुड़े हैं.
करीबी अधिकारी को मिली 4 कोर की जिम्मेदारी
45 बलूच रेजिमेंट के चौधरी अमीर अजमल को भी तीन सितारा रैंक दी गई है. हालांकि, लेफ्टिनेंट जनरल बनने के बाद उनकी नई पोस्टिंग की आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है.
आर्टिलरी से जुड़े उमर बशीर को लाहौर स्थित 4 कोर का नया कोर कमांडर बनाया गया है. वहीं, आजाद कश्मीर रेजिमेंट के मोहम्मद नईम अख्तर को पेशावर स्थित 11 कोर की कमान दी गई है. इससे पहले वह रावलपिंडी के नेशनल डिफेंस यूनिवर्सिटी में मुख्य प्रशिक्षक के तौर पर काम कर रहे थे.
सैन्य खुफिया विभाग के पूर्व प्रमुख को भी प्रमोशन
क्वेटा स्थित स्टाफ कॉलेज के कमांडेंट नसीम अनवर और काकुल, एबोटाबाद स्थित पाकिस्तान मिलिट्री अकादमी के कमांडेंट इफ्तिखार हसन चौधरी को भी लेफ्टिनेंट जनरल की तीन सितारा रैंक दी गई है. हालांकि, इन दोनों की नई जिम्मेदारियों को लेकर अभी आधिकारिक आदेश जारी नहीं हुआ है.
पंजाब रेजिमेंट के वाजिद अजीज को भी प्रमोशन मिला है. वह सैन्य खुफिया विभाग के पूर्व महानिदेशक रह चुके हैं और उन्हें असीम मुनीर के भरोसेमंद अधिकारियों में माना जाता है. उन्हें भी तीन सितारा रैंक दी गई है.
इन अधिकारियों को भी मिली नई जिम्मेदारी
मेजर जनरल आदिल इफ्तिखार वारैच को सैन्य खुफिया विभाग का महानिदेशक बनाया गया है. वहीं, रक्षा उत्पादन विभाग में अतिरिक्त सचिव की जिम्मेदारी संभाल रहे मेजर जनरल नूर मोहम्मद वली को क्वार्टरमास्टर जनरल नियुक्त किया गया है.
एयर डिफेंस विभाग के मेजर जनरल असद चीमा को भी तीन सितारा रैंक दी गई है. इसके अलावा प्रमोशन पाने वाले अधिकारियों में इंजीनियर्स विभाग के मुहम्मद इम्तिनान बाबर, आर्टिलरी के राजा मुहम्मद नदीम अशरफ और फ्रंटियर फोर्स रेजिमेंट के मेजर जनरल मुहम्मद इशाक खट्टक भी शामिल हैं.