WhatsApp Web Warning: WhatsApp Web का इस्तेमाल करते समय की गई एक छोटी सी चूक आपकी निजी चैट और जरूरी जानकारियों को खतरे में डाल सकती है. अक्सर लोग ऑफिस, साइबर कैफे या होटल के कंप्यूटर पर अपना WhatsApp अकाउंट लॉगिन कर लेते हैं और काम खत्म होने के बाद लॉगआउट करना भूल जाते हैं. इसी लापरवाही को लेकर गृह मंत्रालय के तहत काम करने वाले इंडियन साइबर क्राइम कोऑर्डिनेशन सेंटर (I4C) ने यूजर्स को अलर्ट किया है. एजेंसी ने बताया है कि किसी दूसरे सिस्टम पर खुला हुआ WhatsApp Web सेशन साइबर अपराधियों के लिए मौका बन सकता है.
WhatsApp Web का खुला सेशन बन सकता है खतरा
I4C की नेशनल साइबर क्राइम थ्रेट एनालिटिक्स यूनिट (NCTAU) के मुताबिक, अगर किसी कंप्यूटर पर आपका WhatsApp Web लॉगिन है और आप उसे लॉगआउट किए बिना छोड़ देते हैं, तो कोई दूसरा व्यक्ति आपके अकाउंट तक पहुंच बना सकता है. ऐसी स्थिति में वह आपकी निजी बातचीत पढ़ने के साथ-साथ आपके अकाउंट से मैसेज भी भेज सकता है. यानी आपकी गैरमौजूदगी में कोई दूसरा व्यक्ति आपके WhatsApp का इस्तेमाल कर सकता है और आपको इसकी जानकारी तक नहीं होगी.
आपके नाम पर दोस्तों और रिश्तेदारों से हो सकती है ठगी
WhatsApp अकाउंट पर किसी अनजान व्यक्ति का कब्जा होने से सिर्फ आपकी निजी जानकारी ही खतरे में नहीं पड़ती, बल्कि इसका इस्तेमाल आर्थिक धोखाधड़ी के लिए भी किया जा सकता है. साइबर अपराधी आपकी पहचान बनकर दोस्तों, रिश्तेदारों और दूसरे संपर्कों को मैसेज भेज सकते हैं और उनसे पैसों की मांग कर सकते हैं. ऐसे में सामने वाला व्यक्ति आपके नाम और नंबर पर भरोसा करके ठगी का शिकार हो सकता है. यही वजह है कि किसी सार्वजनिक या दूसरे व्यक्ति के कंप्यूटर पर WhatsApp Web इस्तेमाल करते समय अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत है.
साइबर कैफे और होटल के कंप्यूटर पर न करें लॉगिन
I4C ने यूजर्स को सलाह दी है कि वे साइबर कैफे, होटल के बिजनेस सेंटर और अनजान लोगों के कंप्यूटर पर WhatsApp Web लॉगिन करने से बचें. खासतौर पर सरकारी, संगठन से जुड़ी, वित्तीय या अन्य संवेदनशील जानकारियां ऐसे सिस्टम के जरिए साझा नहीं करनी चाहिए. अगर किसी जरूरी काम के लिए दूसरे कंप्यूटर पर WhatsApp Web चलाना पड़े, तो भरोसेमंद सिस्टम और Incognito या Private Browsing मोड का इस्तेमाल करें. काम पूरा होते ही अकाउंट से खुद लॉगआउट करना न भूलें.
सिर्फ ब्राउजर बंद करने से नहीं होगा लॉगआउट
कई यूजर्स को लगता है कि WhatsApp Web इस्तेमाल करने के बाद ब्राउजर का टैब या पूरी विंडो बंद कर देना ही काफी है, लेकिन ऐसा करना सुरक्षित लॉगआउट की गारंटी नहीं है. इसलिए हर बार इस्तेमाल के बाद WhatsApp Web से मैन्युअली लॉगआउट जरूर करें. इसके अलावा कंप्यूटर का ऑपरेटिंग सिस्टम, ब्राउजर और सिक्योरिटी सॉफ्टवेयर अपडेट रखें. किसी अनजान फाइल को डाउनलोड करने, संदिग्ध लिंक खोलने और क्रैक सॉफ्टवेयर इस्तेमाल करने से भी बचें.
WhatsApp अकाउंट में दिखें ये संकेत तो तुरंत हो जाएं अलर्ट
अगर आपके WhatsApp अकाउंट से ऐसे मैसेज भेजे जा रहे हैं जिन्हें आपने नहीं लिखा है या आपके दोस्तों और रिश्तेदारों को आपकी ओर से अजीब संदेश मिल रहे हैं, तो इसे सामान्य गलती समझकर नजरअंदाज न करें. यह अकाउंट के अनधिकृत इस्तेमाल का संकेत हो सकता है. I4C ने संगठनों और WhatsApp Web यूजर्स को खासतौर पर ऑफिस के कंप्यूटर पर सतर्क रहने की सलाह दी है, क्योंकि वहां संवेदनशील जानकारियां मौजूद हो सकती हैं. इससे पहले अगस्त में भी I4C ने WhatsApp के जरिए भेजी जा रही संदिग्ध फाइलों को लेकर चेतावनी जारी की थी.
ये भी पढ़ें-Apple के महंगे गैजेट्स पर बंपर छूट! ₹54,990 में मिल रहा iPhone 17 Pro, जानें कैसे उठाएं ऑफर का लाभ