WhatsApp यूजर्स की हुई बल्ले-बल्ले! ग्रुप चैट में आए 3 दमदार फीचर्स, जानें इस्तेमाल का तरीका

WhatsApp New Features: WhatsApp लगातार अपने ग्रुप चैट अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में नए बदलाव कर रहा है. इस बार कंपनी ने ऐसे फीचर्स पेश किए हैं जो बड़े ग्रुप्स में बातचीत को ज्यादा आसान, व्यवस्थित और प्रभावी बनाएंगे.

whatsapp-group-chat-new-features-polls-mentions-update-2026
Image Source: Magnific

WhatsApp New Features: WhatsApp लगातार अपने ग्रुप चैट अनुभव को बेहतर बनाने की दिशा में नए बदलाव कर रहा है. इस बार कंपनी ने ऐसे फीचर्स पेश किए हैं जो बड़े ग्रुप्स में बातचीत को ज्यादा आसान, व्यवस्थित और प्रभावी बनाएंगे. अब यूजर्स पोल पर समय सीमा तय कर सकेंगे, वोटिंग को निजी रख पाएंगे और जरूरत पड़ने पर पूरे ग्रुप को एक साथ टैग करके अहम जानकारी साझा कर सकेंगे. इसके अलावा पुराने ग्रुप से कुछ ही सेकंड में नया ग्रुप बनाने की सुविधा भी जोड़ी गई है, जिससे अलग-अलग चर्चाओं को व्यवस्थित रखना पहले से कहीं ज्यादा आसान होगा.

पोल फीचर में मिले ज्यादा कंट्रोल और प्राइवेसी

WhatsApp ने अपने पोल फीचर को पहले से अधिक स्मार्ट और उपयोगी बना दिया है. अब किसी भी पोल के लिए वोटिंग की आखिरी समय सीमा तय की जा सकती है, जिसके बाद मतदान अपने आप बंद हो जाएगा. इतना ही नहीं, पोल बनाते समय वोट देने वाले सदस्यों की पहचान छिपाने का विकल्प भी मिलेगा, जिससे यूजर्स बिना किसी दबाव के अपनी राय साझा कर सकेंगे. कंपनी ने एडिटिंग की सुविधा भी जोड़ी है, जिसके तहत पोल पोस्ट होने के 15 मिनट के भीतर सवाल में बदलाव किया जा सकेगा. इससे टाइपिंग की गलती सुधारने या विकल्पों को स्पष्ट करने के लिए नया पोल बनाने की जरूरत नहीं पड़ेगी.

@ऑल मेंशन से हर सदस्य तक पहुंचेगा जरूरी संदेश

ग्रुप चैट्स में सबसे अहम बदलाव @ऑल मेंशन फीचर के रूप में आया है. इस फीचर की मदद से एक ही बार में पूरे ग्रुप को टैग कर महत्वपूर्ण जानकारी भेजी जा सकेगी. स्कूल या ऑफिस की छुट्टी की सूचना, किसी मीटिंग का समय बदलना या किसी इवेंट की अंतिम जानकारी जैसे संदेश अब सभी सदस्यों तक तुरंत पहुंचेंगे. जिन ग्रुप्स में 32 से अधिक सदस्य होंगे, वहां इस फीचर का इस्तेमाल केवल एडमिन कर सकेंगे. खास बात यह है कि यदि किसी यूजर ने ग्रुप को म्यूट भी किया हुआ है, तब भी @ऑल मेंशन का नोटिफिकेशन मिल सकता है, हालांकि इसे ऐप की नोटिफिकेशन सेटिंग्स में जाकर बंद किया जा सकता है.

अब मौजूदा ग्रुप से तुरंत बन जाएगा नया ग्रुप

WhatsApp ने ग्रुप मैनेजमेंट को आसान बनाने के लिए एक और उपयोगी फीचर जोड़ा है. अब किसी मौजूदा ग्रुप के सदस्यों के साथ सीधे नया ग्रुप बनाया जा सकेगा और लोगों को दोबारा एक-एक करके जोड़ने की जरूरत नहीं होगी. यह सुविधा किसी खास प्रोजेक्ट, इवेंट प्लानिंग, फैमिली फंक्शन या अलग विषय पर चर्चा शुरू करने के लिए बेहद काम आएगी. कंपनी के अनुसार ग्रुप चैट्स से जुड़े ये सभी नए फीचर्स चरणबद्ध तरीके से रोलआउट किए जा रहे हैं और अगले कुछ हफ्तों में दुनियाभर के सभी WhatsApp यूजर्स के लिए उपलब्ध होंगे. 

ये भी पढ़ें: Apple AirPods में होगा बड़ा बदलाव! कैमरा-सेंसर के साथ मिलेंगे AI वाले स्मार्ट फीचर्स