पुष्पा अब मेरी जिम्मेदारी... फाल्टा उपचुनाव प्रचार के दौरान सीएम शुभेंदु अधिकारी का बड़ा बयान, जानें क्या कहा

Suvendu Adhikari News: पश्चिम बंगाल में फाल्टा विधानसभा सीट पर होने वाले पुनर्मतदान से पहले राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया है. शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान और पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है.

west bengal CM Shubhendu Adhikari warns TMC Jahangir Khan during Falta by-election campaign
Image Source: Social Media

Suvendu Adhikari News: पश्चिम बंगाल में फाल्टा विधानसभा सीट पर होने वाले पुनर्मतदान से पहले राजनीतिक माहौल काफी गरमा गया है. शुभेंदु अधिकारी ने तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार जहांगीर खान और पार्टी नेतृत्व पर तीखा हमला बोला है.

21 मई को होने वाले पुनर्मतदान से पहले फाल्टा में आयोजित बीजेपी कार्यकर्ताओं की रैली को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने दावा किया कि डायमंड हार्बर क्षेत्र के लोग पिछले कई वर्षों से अपने मताधिकार का सही तरीके से इस्तेमाल नहीं कर पा रहे थे. उन्होंने आरोप लगाया कि अभिषेक बनर्जी के सक्रिय राजनीति में आने के बाद से क्षेत्र में चुनावी माहौल प्रभावित हुआ है. मुख्यमंत्री ने लोगों को भरोसा दिलाया कि अब हालात बदल चुके हैं और फाल्टा में होने वाला पुनर्मतदान मतदाताओं के अधिकारों को फिर से मजबूत करेगा.

बीजेपी उम्मीदवार को बड़ी जीत दिलाने की अपील

अपने भाषण में शुभेंदु अधिकारी ने फाल्टा के मतदाताओं से बीजेपी उम्मीदवार को भारी मतों से जिताने की अपील की. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक चुनाव नहीं बल्कि लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली का मौका है.

उन्होंने दावा किया कि राज्य सरकार क्षेत्र के विकास के लिए विशेष पैकेज भी लाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि बीजेपी के चुनावी वादों से आगे बढ़कर फाल्टा के विकास के लिए अतिरिक्त योजनाएं तैयार की जाएंगी.

अभिषेक बनर्जी से जुड़ी संपत्तियों की जांच का दावा

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उन्हें ‘लीप्स एंड बाउंड्स’ नाम की एक निजी कंपनी से जुड़ी कई संपत्तियों की जानकारी मिली है, जिसे कथित तौर पर अभिषेक बनर्जी से जोड़ा जा रहा है.

उन्होंने कहा कि आमतला स्थित कंपनी के आलीशान कार्यालय सहित कुल 24 संपत्तियों का विवरण उनके पास पहुंच चुका है और अब इन मामलों की जांच शुरू कराई जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उन्होंने कोलकाता नगर निगम से संबंधित दस्तावेज मंगवाए थे और अब कथित संपत्तियों की पूरी सूची सरकार के पास मौजूद है.

टीएमसी पर लगाए गंभीर आरोप

शुभेंदु अधिकारी ने अपने भाषण में टीएमसी पर राजनीतिक हिंसा और बीजेपी कार्यकर्ताओं को परेशान करने के आरोप भी लगाए. उन्होंने कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं पर हुए कथित अत्याचारों को भूले नहीं हैं. मुख्यमंत्री ने दावा किया कि उन्होंने पुलिस को पुराने राजनीतिक मामलों में प्राथमिकी दर्ज करने और केंद्रीय योजनाओं के धन के कथित दुरुपयोग से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई के निर्देश दिए हैं.

‘पुष्पा’ वाले बयान पर फिर छिड़ी चर्चा

सभा के दौरान मुख्यमंत्री ने टीएमसी उम्मीदवार जहांगीर खान को लेकर भी तीखी टिप्पणी की. उन्होंने कहा कि वह व्यक्तिगत रूप से उनके मामलों पर नजर रखेंगे और बयान देते हुए कहा, “तथाकथित पुष्पा अब मेरी जिम्मेदारी है.” दरअसल यह बयान उस पुराने विवाद से जुड़ा है, जब चुनाव के दौरान अजय पाल शर्मा और जहांगीर खान के बीच तीखी जुबानी बहस सामने आई थी.

उस समय अजय पाल शर्मा को दक्षिण 24 परगना जिले में चुनाव पर्यवेक्षक के रूप में तैनात किया गया था. चुनाव ड्यूटी के दौरान उन्होंने जहांगीर खान को सख्त चेतावनी दी थी, जिसके बाद यह मामला राजनीतिक बहस का विषय बन गया. जवाब में जहांगीर खान ने कहा था कि “यह यूपी नहीं, बंगाल है. यहां यूपी का कल्चर नहीं चलेगा. अगर वो सिंघम हैं, तो मैं भी पुष्पा हूं.” मुख्यमंत्री ने अपने भाषण में इसी बयान का संदर्भ देते हुए टिप्पणी की.

ये भी पढ़ें- बंगाल सरकार का बड़ा ऐलान, इस बोर्ड को किया गया भंग; जानें 7 दिन में सीएम शुभेंदु अधिकारी के 7 अहम फैसले