Weekly Horoscope: भाई दूज से छठ तक... मंगल गोचर से इन राशियों को होगा धन लाभ; पढ़ें साप्ताहिक राशिफल

नवंबर का यह सप्ताह ग्रह-नक्षत्रों के लिहाज से काफी खास रहने वाला है. 9 से 15 नवंबर के बीच गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ समेत कई प्रमुख त्योहार मनाए जाएंगे.

Weekly Horoscope From Bhai Dooj to Chhath financial gains for these zodiac signs
प्रतिकात्मक तस्वीर/ FreePik

Weekly Horoscope: नवंबर का यह सप्ताह ग्रह-नक्षत्रों के लिहाज से काफी खास रहने वाला है. 9 से 15 नवंबर के बीच गोवर्धन पूजा, भाई दूज और छठ समेत कई प्रमुख त्योहार मनाए जाएंगे. ज्योतिषीय गणना के अनुसार, इस सप्ताह बुध तुला राशि में उदय होंगे और इसके दो दिन बाद मार्गी हो जाएंगे. वहीं, मंगल ग्रह सिंह राशि में गोचर करेंगे, जहां पहले से गुरु विराजमान हैं. इससे गुरु-मंगल योग बनेगा. इसके अलावा शुक्र ग्रह कन्या राशि में गोचर करेंगे.

ग्रहों की इन चालों का असर सभी 12 राशियों के जीवन पर देखने को मिलेगा. वृषभ, कन्या और मकर समेत 6 राशियों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहने वाला है. वहीं, मेष, कर्क और कुंभ समेत 5 राशियों को कुछ मामलों में सावधानी बरतनी होगी. आइए जानते हैं गोवर्धन-भाई दूज का यह सप्ताह मेष से मीन तक सभी 12 राशियों के लिए कैसा रहने वाला है.

मेष साप्ताहिक राशिफल

मेष राशि वालों के लिए नवंबर का यह सप्ताह उतार-चढ़ाव भरा रह सकता है. आपकी राशि पर शनि की साढ़ेसाती का पहला चरण चल रहा है. ऐसे में निवेश से जुड़े फैसले सोच-समझकर लें और किसी विशेषज्ञ की सलाह जरूर लें, वरना धन का नुकसान हो सकता है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को सफलता के लिए अधिक मेहनत करनी होगी. वहीं, नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को अभी थोड़ा और इंतजार करना पड़ सकता है.

वृषभ साप्ताहिक राशिफल

वृषभ राशि वालों के लिए यह सप्ताह आर्थिक मामलों में अच्छा रहने वाला है. कमाई के नए रास्ते खुल सकते हैं और पुराने निवेश से भी लाभ मिलने की संभावना है. इससे आपकी आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. अगर आप लोन लेने की योजना बना रहे हैं तो इस सप्ताह आपकी इच्छा पूरी हो सकती है. ससुराल पक्ष से जुड़ी परेशानियां दूर होंगी और जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा. प्रेम संबंधों के लिए भी समय अच्छा है. माता का साथ मिलेगा और आप खुद पर भी खर्च कर सकते हैं.

मिथुन साप्ताहिक राशिफल

मिथुन राशि वालों के लिए यह सप्ताह नौकरी और करियर के लिहाज से अच्छा रहने वाला है. आपकी राशि के स्वामी बुध ग्रह उदय होंगे, जिससे कार्यक्षेत्र में सफलता मिलने के योग हैं. स्वास्थ्य में भी सुधार हो सकता है और पुरानी परेशानियों से राहत मिलेगी. माता का सहयोग मिलेगा और उनकी मदद से कई जरूरी काम पूरे हो सकते हैं. जमीन, मकान और संपत्ति से जुड़े मामलों में लाभ मिलने की संभावना है. वैवाहिक जीवन भी अच्छा बना रहेगा.

कर्क साप्ताहिक राशिफल

कर्क राशि वालों के लिए यह सप्ताह सामान्य रहने वाला है. इस दौरान किसी को भी पैसा उधार देने या लेने से बचें, क्योंकि आपका धन फंस सकता है. नौकरी करने वालों को ऑफिस में अधिकारियों की वजह से परेशानी हो सकती है. इससे काम में मन कम लगेगा. अगर आपका कोई सरकारी काम अटका हुआ है तो उसके लिए अभी इंतजार करना पड़ सकता है. प्रदूषण के इस मौसम में अपनी और परिवार के सदस्यों की सेहत का खास ध्यान रखें.

सिंह साप्ताहिक राशिफल

सिंह राशि वालों के लिए यह सप्ताह कई परेशानियों से राहत लेकर आ सकता है. आपके रुके हुए काम धीरे-धीरे पूरे होंगे और चिंताएं भी कम होंगी. सामाजिक कार्यों में हिस्सा लेने से मान-सम्मान बढ़ सकता है. इस दौरान कुछ खास लोगों से मुलाकात भी हो सकती है. कारोबार करने वालों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. जीवनसाथी के साथ संपत्ति खरीदने की योजना भी बन सकती है. हालांकि, आपकी राशि पर शनि की ढैय्या का प्रभाव है, इसलिए सेहत और आर्थिक मामलों में सावधानी बरतें. किसी को पैसा उधार देने से बचें.

कन्या साप्ताहिक राशिफल

कन्या राशि वालों के लिए यह सप्ताह करियर और आर्थिक मामलों में अच्छा रहने वाला है. खासतौर पर पढ़ाई-लिखाई, बैंकिंग और प्रिंटिंग से जुड़े लोगों को कार्यक्षेत्र में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. आपकी राशि के स्वामी बुध इस सप्ताह उदय होने के साथ मार्गी भी होंगे. नौकरी में अधिकारियों का पूरा सहयोग मिलेगा और तरक्की के रास्ते खुल सकते हैं. आर्थिक स्थिति में सुधार होगा और बैंक बैलेंस बढ़ने की संभावना है. अगर आप लंबे समय से मकान या वाहन खरीदने की सोच रहे हैं तो इस सप्ताह आपकी इच्छा पूरी हो सकती है.

तुला साप्ताहिक राशिफल

तुला राशि वालों के लिए यह सप्ताह मिले-जुले परिणाम लेकर आएगा. आपकी राशि के स्वामी शुक्र की चाल में बदलाव का असर कामकाज पर पड़ सकता है. नौकरी करने वालों को सहकर्मियों की वजह से कुछ परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है. ऐसे में कुछ लोग नई नौकरी तलाशने के बारे में भी सोच सकते हैं. प्रदूषण के कारण अपनी और परिवार की सेहत का ध्यान रखें. बाहर के खाने से बचना बेहतर रहेगा. यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा का खास ध्यान रखें. प्रेम संबंधों में भी कुछ परेशानियां आ सकती हैं.

वृश्चिक साप्ताहिक राशिफल

वृश्चिक राशि वालों के लिए यह सप्ताह मेहनत और प्रयासों का अच्छा फल देने वाला हो सकता है. आपकी राशि के स्वामी मंगल ग्रह गोचर करेंगे, जिससे नौकरी और कारोबार से जुड़े लोगों को राहत मिल सकती है. काम का दबाव कम होगा और आप किसी नए काम की शुरुआत भी कर सकते हैं. प्रेम संबंधों में किए गए प्रयास सफल हो सकते हैं. आर्थिक लाभ के लिहाज से भी यह सप्ताह अच्छा रहने वाला है. नौकरी की तलाश कर रहे लोगों को नए अवसर मिल सकते हैं.

धनु साप्ताहिक राशिफल

धनु राशि वालों के लिए नवंबर का यह सप्ताह सामान्य रहने वाला है. लंबे समय से चल रही शारीरिक और मानसिक परेशानियों से राहत मिल सकती है. स्वास्थ्य भी बेहतर रहेगा. अगर आप नौकरी बदलने की योजना बना रहे हैं तो इस सप्ताह अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. हालांकि, आपकी राशि पर शनि की ढैय्या का प्रभाव बना हुआ है. इसलिए किसी भी तरह के विवाद से दूर रहें. सप्ताह के दूसरे हिस्से में बेवजह के खर्च बढ़ सकते हैं, जिससे बजट बिगड़ सकता है. वाहन चलाते समय भी सावधानी बरतें.

मकर साप्ताहिक राशिफल

मकर राशि वालों के लिए यह सप्ताह भाग्य का साथ लेकर आ सकता है. कार्यक्षेत्र में आपके काम की तारीफ होगी और कारोबार करने वालों को कोई नई उपलब्धि मिल सकती है. परिवार में चल रहे पुराने विवादों को सुलझाने की कोशिश सफल हो सकती है. अपनी वाणी के दम पर आप मान-सम्मान हासिल कर सकते हैं. लेखन से जुड़े लोगों के लिए भी यह समय लाभकारी रहेगा. वैवाहिक जीवन में प्रेम बढ़ेगा और परिवार के अच्छे कामों पर धन खर्च हो सकता है.

कुंभ साप्ताहिक राशिफल

कुंभ राशि वालों को इस सप्ताह अपनी और जीवनसाथी की सेहत का खास ध्यान रखना होगा. प्रदूषण और यात्रा के कारण स्वास्थ्य संबंधी परेशानियां बढ़ सकती हैं. आपकी राशि पर शनि की साढ़ेसाती का तीसरा चरण चल रहा है. ऐसे में बातचीत के दौरान अपनी भाषा पर नियंत्रण रखें. आपकी कोई कड़वी बात किसी करीबी को दुख पहुंचा सकती है. कार्यक्षेत्र में भी कुछ मुश्किलें आ सकती हैं. सहकर्मियों से सतर्क रहें और विरोधियों को खुद पर हावी न होने दें.

मीन साप्ताहिक राशिफल

मीन राशि वालों के लिए यह सप्ताह खुशियां और सुख-सुविधाएं बढ़ाने वाला रह सकता है. लंबे समय से अटके कामों में तेजी आएगी और पुराने निवेश से अच्छा लाभ मिल सकता है. प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे छात्रों को सफलता मिलने के योग हैं. प्रेम संबंधों में कुछ उतार-चढ़ाव आ सकते हैं, इसलिए एक-दूसरे की भावनाओं का ध्यान रखें. नौकरी और कारोबार में स्थिति सामान्य रहेगी. अगर आप कोई बड़ा बदलाव करने की सोच रहे हैं तो फिलहाल उसे टालना बेहतर होगा. सप्ताह के बीच में धन लाभ हो सकता है और भाइयों का पूरा सहयोग मिलेगा.